महिलाओं के कपड़ों पर विवादित बयान देकर बुरे फंसे शिवाजी, महिला आयोग ने लगाई फटकार, एक्टर को मांगनी पड़ी माफी

Last Updated:December 28, 2025, 12:35 IST
तेलुगु एक्टर शिवाजी इन दिनों अपने एक विवादित बयान के कारण चर्चा में हैं, जिसके चलते उन्हें तेलंगाना राज्य महिला आयोग के सामने पेश होना पड़ा. हाल ही में एक इवेंट के दौरान शिवाजी ने महिलाओं, खासकर एक्ट्रेसेस के कपड़ों को लेकर कुछ ऐसी टिप्पणियां की थीं, जिसे अपमानजनक और अमर्यादित माना गया. इसके बाद उनकी जमकर आलोचना हुई. इस मामले का खुद संज्ञान लेते हुए महिला आयोग ने उन्हें समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया, जहां उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग ली.
ख़बरें फटाफट
शिवाजी ने महिलाओं के कपड़ों पर विवादित बयान देने के बाद मांगी माफी.
नई दिल्ली. तेलुगु एक्टर शिवाजी इन दिनों अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं. उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के कपड़ों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि रिवीलिंग कपड़े नहीं पहनने चाहिए. इसी मामले में शिवाजी तेलंगाना राज्य महिला आयोग के सामने शनिवार को पेश हुए, जहां उन्हें फटकार लगाई गई. इसके बाद एक्टर ने अपनी गलती मानते हुए बयान वापस लिया और तुरंत माफी भी मांग ली.
महिला आयोग द्वारा जारी एक प्रेस रिलीज के अनुसार, पूछताछ के दौरान शिवाजी ने महिलाओं पर की गई अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगी और अपनी गलती भी मान ली है. रिलीज में कहा गया कि उन्होंने (शिवाजी) बयान दिया कि वह अपने कमेंट्स को पूरी तरह से वापस लेते हैं और भरोसा दिलाया कि आगे से वह महिलाओं के बारे में बात करते समय और उनके साथ व्यवहार करते समय पूरी मर्यादा और सम्मान का ध्यान रखेंगे. पूछताछ के दौरान आयोग की चेयरपर्सन नेरेला शारदा ने शिवाजी से तीखे सवाल किए. उन्होंने पूछा कि आखिर महिलाओं के कपड़ों का उत्पीड़न से क्या लेना-देना है? उन्होंने इस बात पर सफाई मांगी कि इस तरह के तर्क को भला कैसे सही ठहराया जा सकता है.



