solar energy series 4th story: सौर ऊर्जा-4: 100 गज के घर की छत पर लगा सोलर पैनल, कितनी बिजली पैदा करेगा, सौर ऊर्जा से AC-फ्रिज चल सकते हैं?

Solar Energy Series 4th Story: अगर आपके पास छत वाला घर है तो आप सौर ऊर्जा का बेहतरीन इस्तेमाल कर सकते हैं. अपने घर की छत पर सोलर पैनल सिस्टम लगाकर आप अपनी पर्सनल बिजली पैदा कर सकते हैं और अपने घर की इलेक्ट्रिसिटी की जरूरतों को पूरा सकते हैं. आपको न बिजली कटौती झेलनी पड़ेगी और न ही बिजली के हर महीने भरने वाले मोटे बिलों का टेंशन होगा. हालांकि सवाल ये है कि अगर किसी के पास 100 वर्ग गज का मकान है तो वह उसकी छत पर कितना बड़ा सोलर पैनल सिस्टम लगवा सकता है? दूसरा सवाल है कि इस सोलर पैनल सिस्टम से कितनी बिजली पैदा होगी और कितने लोगों के लिए पर्याप्त रहेगी? इस बिजली से क्या घर में AC, कूलर, पंखा, फ्रिज और गीजर सभी चलाया जा सकेगा? या नहीं.
तो आइए इन सवालों के जवाब एक्सपर्ट से सरल भाषा में जानते हैं, ताकि आप अपने घर की छत का बखूबी इस्तेमाल कर सकें और सौर ऊर्जा से पैदा बिजली का पूरा आनंद उठा सकें..
सोलर पैनल और सौर ऊर्जा की महासीरीज के सभी सवालों के जवाब दे रही हैं सीईईडब्ल्यू की प्रोग्राम लीड भावना त्यागी.
hindi ‘सौर ऊर्जा-सोलर पैनल’ पर आम लोगों के सबसे ज्यादा पूछे जाने वाले सवालों पर खबरों की पूरी सीरीज चला रहा है. आज सीरीज की चौथी स्टोरी में घरों में सोलर पैनल से बिजली और जरूरतें पूरी होने को लेकर पूछे गए सवालों के जवाब दिए जा रहे हैं. ये जानकारी दे रही हैं काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर (सीईईडब्ल्यू) की प्रोग्राम लीड भावना त्यागी…
क्या 100 वर्ग गज के मकान में लगा सोलर सिस्टम दो मंजिलों के लिए पर्याप्त बिजली दे सकता है?
भावना त्यागी कहत हैं,’सोलर सिस्टम से दो मंजिला इमारत में बिजली आपूर्ति का सुनिश्चित हो पाना काफी हद तक उसके बिजली खपत के पैटर्न पर निर्भर करेगा. पानी की टंकियों, सीढ़ियों और छाया वाले क्षेत्र को हटाने के बाद, 100 वर्ग गज के प्लॉट (लगभग 83 वर्ग मीटर) में आमतौर पर उपयोग करने योग्य छत का क्षेत्रफल 55-58 वर्ग मीटर होगा (यह मानते हुए कि छत की उपलब्धता का कारक 0.7 है).
अब चूंकि, 1 किलोवाट के सिस्टम के लिए लगभग 10 वर्ग मीटर जगह की जरूरत होती है, इसलिए ऐसे घर में लगभग 4-5 किलोवाट भार का सिस्टम लगाया जा सकता है. यह सिस्टम अच्छी धूप होने की स्थिति में प्रतिदिन लगभग 16-20 यूनिट (kWh) बिजली पैदा करता है. यह बिजली मांग के एक बड़े हिस्से को पूरा करने में मदद कर सकता है, लेकिन यह भी घर की बिजली खपत पर निर्भर करेगा कि एक घर में कितने इलेक्ट्रोनिक उपकरण हैं और कितने घंटों तक उनका इस्तेमाल है.’
4-5 किलोवॉट का सिस्टम कितने लोगों के लिए पर्याप्त है?
. चार से पांच किलोवॉट के सोलर पैनल सिस्टम से 6 से 10 लोगों के घर में बिजली की आपूर्ति पर्याप्त हो सकती है. अगर इसे समझें तो 100 वर्ग गज की जमीन पर लगे पैनल से 2-3 BHK या छोटे 4 BHK घर की रोजाना की जरूरत अच्छे से पूरी हो सकती है.
. अगर सोलर पैनल सिस्टम के साथ बैटरी लगी हुई है तो रात में भी अच्छी सप्लाई मिलेगी.
. अगर बैटरी नहीं है तो दिन के समय तो बिजली अच्छी मिलेगी लेकिन शाम के बाद ग्रिड या इन्वर्टर पर निर्भर रहना पड़ेगा.
इस सिस्टम से रोजाना कितनी बिजली (यूनिट) पैदा हो सकती है?
भारत में औसतन 4-5 घंटे अच्छी धूप मिलती है, ऐसे में गर्मी के मौसम में एक दिन में 4 किलोवॉट के सिस्टम से 16 से 20 और 5 किलोवॉट के सिस्टम से 20 से 25 यूनिट बिजली पैदा हो सकती है. वहीं सर्दियों में यह मात्रा आधी हो जाती है. हालांकि अच्छी क्वालिटी के पैनल हैं और सही दिशा (दक्षिण की तरफ) हों तो ज्यादा यूनिट मिल सकती हैं.
कितने उपकरण चला सकते हैं?अगर गर्मी में दिन के समय धूप अच्छी है तो इससे पैदा बिजली से रोजाना एक साथ डेढ़ टन का एक एसी करीब 6 से 8 घंटे, 3 से 4 डेजर्ट कूलर करीब 10 से 12 घंटे, 8 से 12 सीलिंग फैन पूरा दिन, 15 से 20 एलईडी बल्ब पूरे दिन, 1 या दो फ्रिज 24 घंटे, वॉशिंग मशीन और टीवी 3 से 4 घंटे, गीजर एक बार 1 घंटे तक चला सकते हैं. इस तरह यह पूरे घर के उपकरणों को चलाने के लिए पर्याप्त होता है.
ऐसे में बता दें कि 5 किलोवॉट का सोलर पैनल सिस्टम उस परिवार के लिए अच्छा है जहां एक घर में 2 एसी चलते हैं. हालांकि सोलर के साथ बैटरी लगाने से परेशानी बहुत हद तक हल हो जाती है लेकिन यह महंगा पड़ता है. नेट मीटरिंग होने पर अतिरिक्त बिजली ग्रिड में बेच भी सकते हैं. हालांकि सोलर से बारिश और बादल वाले दिनों में उत्पादन 30-50% तक कम हो जाता है. इसके लिए भी पहले से तैयार रहना होगा.
सोलर एनर्जी पर सबसे ज्यादा पूछे जाने वाले अगले सवाल के लिए सीरीज की अगली स्टोरी में पढ़ें…..
‘गर्मी में तो धूप आती है लेकिन सर्दी में कैसे सोलर पैनल काम करेगा? अगर कोई घर पूरी तरह सोलर एनर्जी पर डिपेंड हो जाए तो क्या सर्दी में उसे पर्याप्त बिजली मिल सकती है?
पढ़ते रहिए न्यूज18हिंदी.



