Success Story: 23 बीघा बंजर जमीन ने बदली किस्मत, फलोदी की पप्पू देवी सोलर प्लांट से हर महीने कमा रहीं 18 लाख रुपये

Last Updated:June 24, 2026, 10:47 IST
Phalodi Pappu Devi Success Story: राजस्थान के फलोदी जिले के खारा गांव की महिला किसान पप्पू देवी ने पीएम कुसुम योजना के तहत अपनी 23 बीघा जमीन पर 2.5 मेगावाट का सोलर प्लांट लगाकर मिसाल कायम की है. 8.5 करोड़ की लागत से बने इस प्लांट से वे हर महीने डिस्कॉम को बिजली बेचकर 18 लाख रुपये कमा रही हैं. उनकी इस कामयाबी पर खुद पीएम नरेंद्र मोदी उनसे संवाद कर चुके हैं. यह प्लांट हर दिन 18 से 19 हजार यूनिट बिजली का उत्पादन कर रहा है और स्थानीय लोगों को रोजगार भी दे रहा है.
ख़बरें फटाफट
Phalodi Pappu Devi Success Story: क्या आपने कभी सोचा है कि सिर पर आग बरसाने वाली और बदन को झुलसा देने वाली तेज धूप भी किसी को हर महीने लाखों रुपये कमा कर दे सकती है? सुनने में भले ही यह बात किसी फिल्मी कहानी जैसी और हैरान करने वाली लगे, लेकिन पश्चिमी राजस्थान के फलोदी जिले की एक साधारण महिला किसान ने इस नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया है. तपती धूप और भीषण गर्मी को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाकर उन्होंने एक ऐसा अनुकरणीय काम किया है, जिसकी आज पूरे देश में जमकर चर्चा हो रही है. फलोदी जिले के खारा गांव की रहने वाली महिला किसान पप्पू देवी ने केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री कुसुम योजना का लाभ उठाकर सौर ऊर्जा के क्षेत्र में सफलता की एक नई इबारत लिख दी है. उन्होंने अपनी 23 बीघा पुश्तैनी बंजर जमीन पर 2.5 मेगावाट क्षमता का विशाल सोलर प्लांट स्थापित कर सबको चौंका दिया है.
पप्पू देवी को साल 2023 में पहली बार प्रधानमंत्री कुसुम योजना (PM-KUSUM) के बारे में जानकारी मिली थी. योजना के फायदों को समझकर उन्होंने बिना देर किए आवेदन किया और जरूरी सरकारी कागजी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए इस बड़े प्रोजेक्ट को मूर्त रूप दिया. करीब 8.5 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार हुए इस सोलर प्लांट को अगस्त 2025 में अंतिम स्वीकृति मिली, जिसके बाद यहां कमर्शियल बिजली उत्पादन शुरू किया गया. आज यह सोलर प्लांट प्रतिदिन करीब 18 से 19 हजार यूनिट ग्रीन एनर्जी का उत्पादन कर रहा है. इस बिजली को सीधे स्थानीय डिस्कॉम को सप्लाई किया जाता है, जिसके बदले पप्पू देवी को हर महीने लगभग 18 लाख रुपये की बंपर आय प्राप्त हो रही है.
महज दो महीने में तैयार हुआ प्लांट, ग्रामीणों को मिला परमानेंट रोजगारसरकारी हरी झंडी मिलने के बाद पप्पू देवी ने गजब की कार्यकुशलता दिखाते हुए महज दो महीने के रिकॉर्ड समय में 2.5 मेगावाट का यह सोलर प्लांट खड़ा कर दिया. वर्तमान में यह प्लांट हर महीने करीब 5 लाख यूनिट बिजली स्थानीय ग्रिड को उपलब्ध करा रहा है. इस प्रोजेक्ट की सबसे खूबसूरत बात यह है कि इसने केवल एक महिला किसान को आत्मनिर्भर नहीं बनाया, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए हैं. प्लांट की सुरक्षा, संचालन और रोजाना के रखरखाव के लिए गांव के ही चार स्थानीय युवाओं को स्थायी (परमानेंट) रोजगार मिला हुआ है, जिससे पूरे गांव की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है.
खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं पप्पू देवी से सीधा संवादपप्पू देवी के इस सोलर प्लांट का रिकॉर्ड लगातार शानदार रहा है. अगस्त 2025 से दिसंबर 2025 के बीच इस प्लांट से खारा जीएसएस (GSS) को 18 लाख 65 हजार 428 यूनिट बिजली दी गई, जो जनवरी 2026 से मई 2026 के बीच बढ़कर 21 लाख 85 हजार 572 यूनिट तक पहुंच गई. उनकी इसी ऐतिहासिक उपलब्धि से प्रभावित होकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उनसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधा संवाद कर उनकी पीठ थपथपा चुके हैं. फलोदी डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता कमलसिंह मीणा ने बताया कि इस योजना से राज्य सरकार को बेहद सस्ती दरों पर बिजली मिल रही है, वहीं अन्य किसानों को दिन के समय खेती के लिए थ्री-फेस और हाई-क्वालिटी बिजली मिल पा रही है. फलोदी जिले में अब तक ऐसे 322 प्लांट स्वीकृत हो चुके हैं, जिनमें से 268 धरातल पर शुरू भी हो गए हैं.
क्या रेगिस्तान के अन्य किसान भी अपनाएंगे यह क्रांतिकारी मॉडल?पप्पू देवी की यह चमत्कारी सफलता अब देश के करोड़ों किसानों के लिए एक बड़ा सवाल (?) और प्रेरणा छोड़ती है. क्या भारत के अन्य राज्यों के किसान भी अपनी बंजर जमीनों पर इस तरह के सोलर प्लांट लगाकर खेती के साथ-साथ अपनी कमाई को कई गुना बढ़ा सकते हैं? पश्चिमी राजस्थान की जो झुलसाने वाली धूप कभी लोगों के पलायन और परेशानी का सबब मानी जाती थी, आज वह फलोदी की इस जागरूक महिला के प्रयासों से ‘सोना’ उगल रही है. पप्पू देवी का यह मॉडल आज देश में महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर किसान की बदलती हुई नई और आधुनिक तस्वीर का सबसे बेहतरीन उदाहरण है.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jodhpur,Jodhpur,Rajasthan



