Rajasthan

Swadeshi Art and Craft Fair: जयपुर में यहां सस्ते में मिल रहीं देशभर की खूबसूरत साड़ियां, महिलाओं की उमड़ी भीड़

जयपुर. नवरात्रि और दिवाली के त्योहारों को देखते हुए जयपुर में शॉपिंग का उत्साह बढ़ गया है, शहर के अलग-अलग इलाकों में एग्जिबिशन और शॉपिंग मेले लगाए जा रहे हैं, जहां खरीदारी करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. त्योहारों के दौरान सबसे ज्यादा मांग कपड़ों की रहती है. ऐसे में जयपुर के जवाहर कला केंद्र में चल रहा स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट फेयर महिलाओं के लिए खास आकर्षण बना हुआ है.

इस फेयर में देश के अलग-अलग राज्यों से बुनकर और कारीगर अपने हाथों से तैयार किए गए कपड़े लेकर पहुंचे हैं. यहां एक ही जगह पर कई राज्यों के पारंपरिक कपड़े, साड़ियां और सूट खरीदने का मौका मिल रहा है. फेयर में कपड़ों की 20 से ज्यादा खास स्टॉल्स लगाई गई हैं, जहां महिलाएं अपने बजट के अनुसार खरीदारी कर सकती हैं.

एक ही जगह मिल रहीं देशभर की खास साड़ियां

स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट फेयर में कर्नाटक की सिल्क-कॉटन साड़ियां, बनारसी सूट और साड़ियां, जयपुरी ब्लॉक प्रिंट साड़ियां, कलमकारी और कांथा वर्क की साड़ियां, कांजीवरम साड़ियां, कश्मीरी शॉल और कलकत्ता की बुटीक साड़ियां उपलब्ध हैं. इसके अलावा राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक कपड़े भी यहां खरीदने को मिल रहे हैं. फेयर में खास बात यह है कि कई राज्यों के बुनकर और दस्तकार अपने हाथों से तैयार किए गए कपड़े बेच रहे हैं. आयोजकों और दुकानदारों के अनुसार, इन कपड़ों की खरीदारी पर जीएसटी नहीं लगने से ग्राहकों को कम कीमत में खरीदारी का अवसर मिल रहा है.

कपड़ों के साथ ज्वैलरी और सजावट के सामान भी

इस मेले में केवल कपड़े ही नहीं, बल्कि महिलाओं के श्रृंगार और ज्वैलरी से जुड़ी कई स्टॉल्स भी लगाई गई हैं. इसके साथ ही घर की सजावट और दिवाली पर इस्तेमाल होने वाले सजावटी सामान की खरीदारी भी की जा सकती है. त्योहारों के लिए कपड़े, गहने और घर की सजावट का सामान खरीदने वालों के लिए यह मेला एक अच्छा विकल्प बन रहा है. फेयर के आयोजकों का कहना है कि इसे खास तौर पर नवरात्रि और दिवाली के त्योहारों को ध्यान में रखकर आयोजित किया गया है, ताकि लोग भारतीय हस्तशिल्प और पारंपरिक कपड़ों की खरीदारी कर सकें.

अक्टूबर तक चलेगा मेला, एंट्री बिल्कुल फ्री

जवाहर कला केंद्र में आयोजित स्वदेशी आर्ट एंड क्राफ्ट फेयर अक्टूबर महीने तक चलेगा. मेले में खरीदारी करने का समय सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक रखा गया है. यहां दिन के मुकाबले शाम और रात के समय ज्यादा लोग पहुंच रहे हैं. रविवार और छुट्टी के दिनों में भी खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती है. मेले में आने वाले लोगों के लिए पार्किंग सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. सबसे खास बात यह है कि यहां प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है. ऐसे में त्योहारों के लिए पारंपरिक कपड़े, साड़ियां, सूट, ज्वैलरी और घर की सजावट का सामान खरीदने की योजना बना रहे लोग इस फेयर में जा सकते हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj