बीकानेर में शिक्षकों और लाइब्रेरियन की भर्ती प्रक्रिया तेज, टोंक में बिजली घोटाले पर कड़ा एक्शन

Rajasthan News Live: बीकानेर से शिक्षा विभाग के लिए राहत भरी खबर है, जहाँ ग्रीष्मावकाश से पहले सरकारी स्कूलों को नए व्याख्याता और पुस्तकालयाध्यक्ष मिल जाएंगे. माध्यमिक शिक्षा विभाग ने करीब 1241 पदोन्नत कार्मिकों की पोस्टिंग के लिए काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. प्रक्रिया के तहत आज अस्थाई सूची जारी की जाएगी, जिस पर 1 मई तक आपत्तियां ली जाएंगी. इसके बाद 4 मई को अंतिम वरीयता सूची जारी होगी और 12 मई तक सभी चयनित कार्मिकों को उनके आवंटित स्कूलों में पदस्थापित कर दिया जाएगा.
कोटा: सिटी मॉल में लगी भीषण आग, बर्गर किंग के ऊपरी हिस्से में उठीं लपटेंकोटा में बढ़ते तापमान के बीच झालावाड़ रोड स्थित सिटी मॉल में बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे भीषण आग लग गई. आग मॉल की तीसरी मंजिल पर स्थित बर्गर किंग के ऊपरी बाहरी हिस्से में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मॉल के भीतर और बाहर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे. घटना की सूचना मिलते ही विज्ञान नगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने मॉल के बाहर जुटी भीड़ को हटाकर बचाव कार्य के लिए रास्ता साफ कराया, जिसके बाद दमकलकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए करीब 15 मिनट में आग बुझाने का काम शुरू किया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या कोई तकनीकी खामी माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन इसकी विस्तृत जांच कर रहा है. फिलहाल मौके पर राहत कार्य जारी है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं. सौभाग्य से अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन इस घटना ने मॉल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अलवर: शादी की खुशियां मातम में बदली, कीटनाशक के असर से किसान की मौतअलवर के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के केरवाड़ा गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहाँ राजू मीणा (राजेश) अपने खेत में भिंडी की फसल पर कीटनाशक का छिड़काव कर रहे थे, तभी अचानक दवा उनके मुंह में चली गई. तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. दुखद बात यह है कि आज ही मृतक के छोटे भाई की बेटी का विवाह होना था, लेकिन शादी से ठीक एक दिन पहले ताऊ की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है.
अलवर: हल्दीना बाइपास पर कार का कहर, 2 की मौत, टीकाराम जूली पहुंचे अस्पतालमालाखेड़ा में ही एक अन्य हादसे में तेज रफ्तार कार ने पांच लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हैं. घटना की सूचना पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली जिला अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया. उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ब्लैक स्पॉट चिह्नित न होने और प्रभावी प्रयासों की कमी के कारण सड़क हादसे बढ़ रहे हैं. उन्होंने पीड़ित परिवारों के लिए उचित मुआवजे की मांग की है.
बीकानेर: आकस्मिक निरीक्षण में बड़ी लापरवाही उजागर, कई दफ्तरों पर मिले तालेश्रीकोलायत में राज्य स्तरीय आकस्मिक निरीक्षण के दौरान सरकारी विभागों में भारी लापरवाही देखने को मिली. शासन उप सचिव सुनील कुमार के नेतृत्व में 20 कार्यालयों की जांच की गई, जिसमें सार्वजनिक निर्माण विभाग और राजकीय कन्या महाविद्यालय पर ताला लटका मिला. निरीक्षण में 22 राजपत्रित अधिकारियों में से 9 और 137 अराजपत्रित कर्मचारियों में से 70 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए. इस घोर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेज दी गई है.
कोटपूतली: होटल संचालक से 5 करोड़ की रंगदारी, गोदारा गैंग के नाम से आई कॉलकोटपूतली शहर में एक होटल संचालक को गोदारा गैंग के नाम से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी देने की धमकी मिली है. आशंका जताई जा रही है कि यह कॉल पुर्तगाल से इंटरनेट कॉलिंग के जरिए की गई थी. कारोबारी को यह धमकी भरी कॉल तब आई जब वह अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में व्यस्त थे. दहशतजदा कारोबारी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
चित्तौड़गढ़: भीषण गर्मी और हीट वेव के कारण स्कूलों के समय में बदलावबढ़ती गर्मी और हीट वेव की चेतावनी को देखते हुए चित्तौड़गढ़ जिला कलेक्टर ने जिले के स्कूलों और आंगनवाड़ियों के लिए नए आदेश जारी किए हैं. अब विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 11:00 बजे तक निर्धारित किया गया है, जबकि आंगनवाड़ियों में अवकाश के निर्देश दिए गए हैं.
बीकानेर पुलिस की मुस्तैदी: थाने से फरार आरोपी जोधपुर से गिरफ्तारबीकानेर की कोटगेट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाने से फरार हुए शातिर आरोपी आजाद उर्फ कलवा को मात्र 12 घंटे के भीतर जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया है. थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में पुलिस ने आरपीएफ की मदद से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया और आरोपी को वापस बीकानेर लाया गया है. पुलिस अब आरोपी के फरार होने के कारणों और उसकी मदद करने वालों की जांच कर रही है.
टोंक बिजली विभाग में घोटाला: AEN निलंबित, XEN सहित तीन APOटोंक जिले में बिजली विभाग में हुए बड़े वित्तीय घोटाले को लेकर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है. तीन अलग-अलग मामलों में गड़बड़ी मिलने पर पीपलू के सहायक अभियंता (AEN) अशोक जांगिड़ को निलंबित कर दिया गया है, जबकि टोंक के अधिशासी अभियंता (XEN) मोहर सिंह सहित तकनीकी सहायक अभय कुमार और राजकिशोर मीणा को एपीओ (APO) कर दिया गया है. विभाग ने इस पूरे घोटाले की विस्तृत जांच के लिए एक विशेष कमेटी का भी गठन किया है जो वित्तीय अनियमिताओं की परतें खोलेगी.
रोडवेज मुख्यालय पर कर्मचारियों का अनशन, कल से भूख हड़तालजयपुर स्थित रोडवेज मुख्यालय के बाहर रोडवेज फेडरेशन से जुड़े कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर क्रमिक अनशन पर बैठ गए हैं. कर्मचारियों का आरोप है कि अनुबंधित बसों की संख्या बढ़ाकर विभाग का निजीकरण किया जा रहा है और कर्मचारियों का मानसिक व आर्थिक शोषण हो रहा है. सबसे गंभीर मुद्दा ओपीएस (OPS) फंड का है, जिसमें सितंबर 2024 से कोई राशि जमा नहीं की गई है और यह बकाया अब करीब 260 से 300 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. प्रशासन की बेरुखी से नाराज कर्मचारियों ने अब कल से पूर्ण भूख हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है.



