Rajasthan

RPSC Exam Calendar 2026: राजस्थान के युवाओं के लिए ‘गोल्डन ईयर’, 2026 में 18 सरकारी नौकरियों का मौका

नई दिल्ली (RPSC Exam Calendar 2026). राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए 2026 का साल खुशियां और नए मौके लेकर आने वाला है. राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने साल 2026 के लिए परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है. इस बार आयोग ने न केवल परीक्षाओं की तारीखें पहले ही बता दी हैं, बल्कि कंप्यूटर पर होने वाली ऑनलाइन परीक्षाओं को भी फिर से शुरू करने का फैसला लिया है. इससे पूरी भर्ती प्रक्रिया ट्रांसपेरेंट होगी और समय पर पूरी हो सकेगी.

अजमेर स्थित RPSC ऑफिस से जारी इस लिस्ट में डिप्टी कमांडेंट से लेकर मास्टर (लेक्चरर) और थानेदार (सब-इंस्पेक्टर) तक, कुल 18 बड़ी भर्तियों की तारीखों की जानकारी दी गई है. आयोग के अध्यक्ष ने साफ कहा है कि परीक्षा कैलेंडर पहले जारी करने का मकसद सिर्फ इतना है कि तैयारी के लिए अच्छा-खासा समय मिल सके. साल की पहली परीक्षा जनवरी में होगी और परीक्षाओं का यह दौर दिसंबर के आखिरी हफ्ते तक लगातार चलता रहेगा. आरपीएससी परीक्षा कैलेंडर 2026 rpsc.rajasthan.gov.in पर चेक कर सकते हैं.

आरपीएससी परीक्षा कैलेंडर 2026

राजस्थान में सरकारी नौकरी की बात करें तो साल 2026 की शुरुआत बड़ी परीक्षाओं के साथ होने वाली है. आयोग ने जनवरी महीने को पूरी तरह प्रशासनिक और शैक्षणिक भर्तियों के लिए बुक कर दिया है. सबसे पहली परीक्षा 11 जनवरी 2026 को गृह विभाग के ‘डिप्टी कमांडेंट’ पद के लिए होगी. इसके ठीक अगले दिन यानी 12 जनवरी को आयुर्वेद विभाग में ‘लेक्चरर’ पद के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी. जनवरी के अंत तक कई अन्य विभागों के स्क्रीनिंग टेस्ट भी प्रस्तावित हैं.

6 साल बाद होगी ऑनलाइन परीक्षा (CBT)

राजस्थान लोक सेवा आयोग के सरकारी नौकरी भर्ती परीक्षा कैलेंडर 2026 की सबसे बड़ी खबर है- कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा (CBRT) की वापसी. आरपीएससी ने लगभग 6 साल के लंबे अंतराल के बाद फिर से टेक्नोलॉजी का दामन थामा है. राजस्थान लोक सेवा आयोग की भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और धांधली जैसी शिकायतें कम करने के लिए आयोग अब ऑनलाइन मोड पर शिफ्ट हो रहा है. इससे परीक्षा में ट्रांसपेरेंसी सुनिश्चित की जा सकेगी.

लेक्चरर (आयुर्वेद विभाग): 12 जनवरी 2026 (यह पूरी तरह ऑनलाइन होगी).

असिस्टेंट इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर: 1 फरवरी 2026 (इसका आयोजन भी कंप्यूटर पर होगा). आयोग का लक्ष्य है कि भविष्य में सभी छोटी और मध्यम स्तर की परीक्षाओं को ऑनलाइन ही कराया जाए.

शिक्षक और पुलिस भर्ती के लिए ‘महा-मुकाबला’

राजस्थान के युवाओं के बीच सबसे ज्यादा क्रेज टीचिंग और सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती का होता है. आयोग ने इनके लिए भी तारीखें तय की हैं:

सब-इंस्पेक्टर और प्लाटून कमांडर (गृह विभाग): इसकी परीक्षा 5 अप्रैल 2026 को होनी है.

सीनियर टीचर (Sr. Teacher Grade II): माध्यमिक शिक्षा विभाग के लिए यह परीक्षा 12 से 18 जुलाई 2026 के बीच लगातार चलेगी.

स्कूल लेक्चरर और कोच: स्कूल शिक्षा विभाग के लिए परीक्षाएं 31 मई से 16 जून 2026 के बीच अलग-अलग विषयों के लिए आयोजित होंगी.

‘रिजर्व’ तारीखों का मास्टर प्लान

RPSC ने पहली बार इतनी बड़ी संख्या में रिजर्व (सुरक्षित) तारीखें दी हैं. कैलेंडर में 26 अप्रैल, 3 मई, 29 नवंबर, 6 दिसंबर और 27 दिसंबर को खाली रखा गया है. इसके पीछे 2 बड़े कारण हैं: पहला, अगर सरकार बीच में कोई नई बड़ी भर्ती (जैसे RAS या नई REET) निकालती है तो उनके लिए जगह बनी रहे. दूसरा, अगर किसी जिले में इंटरनेट बंद होने या अन्य आपात स्थिति में एग्जाम टालना पड़े तो छात्रों को सालों इंतजार न करना पड़े और इन आरक्षित तारीखों पर दोबारा परीक्षा कराई जा सके.

आयोग की नई गाइडलाइन्स और तैयारी के टिप्स

राजस्थान लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष उत्कल रंजन साहू ने स्पष्ट किया है कि अब हर परीक्षा के बीच कम से कम 2 से 3 महीने का गैप रखा गया है. जो उम्मीदवार एक से अधिक भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें रिवीजन का मौका मिल सकेगा. साथ ही, अब ‘वन-टाइम रजिस्ट्रेशन’ (OTR) को अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे बार-बार फॉर्म भरने की झंझट खत्म होगी और आयोग के पास डेटा सुरक्षित रहेगा. अगर आपने राजस्थान में सरकारी नौकरी के लिए परीक्षा फॉर्म भरा है तो तैयारी शुरू कर दें.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj