Rajasthan

बीकानेर में CM भजनलाल, अजमेर में दिया कुमारी, जानें किस जिले में कौन फहराएंगे तिरंगा

Rajasthan News Live: राजस्थान में आज 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया जा रहा है. प्रदेश का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा यहां राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण करेंगे. समारोह को लेकर बीकानेर में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थल की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. वहीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी अजमेर में और डॉ. प्रेमचंद बैरवा भीलवाड़ा में ध्वजारोहण करेंगे. प्रदेश के अन्य जिला मुख्यालयों पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जा रहे हैं, जहां मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी.

अलवर MIA में मस्टर्ड ऑयल पैकिंग कंपनी में भीषण आग, धुएं का गुबार

अलवर के मानेसर इंडस्ट्रियल एरिया से बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक मस्टर्ड ऑयल पैकिंग कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. कंपनी से उठता धुएं का घना गुबार दूर तक दिखाई दिया. आग की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने दमकल विभाग को सूचना देकर मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रवाना कराईं. देखते ही देखते आग ने पूरी कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया. अब तक दमकल की करीब पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

बड़ी चौपड़ पर कांग्रेस का ध्वजारोहण, टीकाराम जूली फहराएंगे तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जयपुर की बड़ी चौपड़ पर विपक्ष की ओर से आज ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. ध्वजारोहण कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पहुंच चुके हैं. कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आ रहा है. इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर डोटासरा ने ध्वजारोहण किया और पार्टी की ओर से आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही. बड़ी चौपड़ पर होने वाले कार्यक्रम में कांग्रेस नेता स्वतंत्रता दिवस के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपनी बात रखेंगे. कार्यक्रम को देखते हुए मौके पर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की गई है. बड़ी चौपड़ जयपुर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल है, जहां स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर साल विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होते हैं.

PCC में डोटासरा ने फहराया तिरंगा, बोले- आम जनता के हक के लिए संघर्ष जारी रहेगा

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. ध्वजारोहण के बाद डोटासरा ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आम जनता के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में दलित, पीड़ित, अल्पसंख्यक और पिछड़े समाज के लोगों को दबाया जा रहा है. डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस मजबूती से सभी समाजों के साथ खड़ी रहेगी. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जुड़े हालिया घटनाक्रम का भी जिक्र किया. डोटासरा ने कहा कि इन घटनाओं से देश में दलित, शोषित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग की स्थिति को लेकर सवाल उठते हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का संदेश है कि कांग्रेस न डरेगी और न झुकेगी.

राजसमंद में आज कलेक्टर अरुण हसीजा फहराएंगे तिरंगा, 53 प्रतिभाओं का सम्मान होगा

राजसमंद में जिले में आज 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह महाराणा प्रताप उद्यान, सिविल लाइन में आयोजित किया जाएगा. समारोह में जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. इसके बाद कलेक्टर परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 53 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा. सम्मान समारोह में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किया जाएगा. कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. समारोह स्थल पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया गया है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होने की संभावना है. समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी, विद्यार्थी और आमजन शामिल होंगे. जिले में स्वतंत्रता दिवस को लेकर लोगों में खास उत्साह नजर आ रहा है.

हनुमानगढ़ में आज मंत्री सुमित गोदारा फहराएंगे तिरंगा, 52 प्रतिभाओं का होगा सम्मान

हनुमानगढ़ जिले में आज स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह टाउन स्थित राजकीय एनएमपीजी कॉलेज में आयोजित किया जाएगा. समारोह में मंत्री सुमित गोदारा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. ध्वजारोहण के बाद विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 52 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा. इनमें अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मान दिया जाएगा. समारोह को लेकर कॉलेज परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रशासन और पुलिस की ओर से कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है. हालांकि सम्मान सूची को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं. कुछ लोगों का आरोप है कि 52 सम्मानित होने वालों में बड़ी संख्या सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की है, जबकि जमीनी स्तर पर काम करने वाली समाजसेवी संस्थाओं की अनदेखी की गई है. इसको लेकर चर्चा बनी हुई है.

कोटा ग्रामीण में वाहनों पर पुलिस का एक्शन, 1100 वाहन चेक और 164 चालान काटे

कोटा में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध और नियम विरुद्ध वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. जिले के कई इलाकों में पुलिस की ओर से ए श्रेणी की नाकाबंदी की गई. इस दौरान पुलिस ने करीब 1100 दुपहिया और चौपहिया वाहनों की जांच की. जांच के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और कुल 164 चालान बनाए गए. पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना है. स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है. प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी रखी जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.

अजमेर में आज दिया कुमारी फहराएंगी तिरंगा, पुलिस लाइन में होगा जिला स्तरीय समारोह

अजमेर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आज अजमेर में जिला स्तरीय समारोह पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा. समारोह में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी. ध्वजारोहण के बाद उपमुख्यमंत्री परेड का निरीक्षण करेंगी और मार्च पास्ट की सलामी लेंगी. समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा. कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ अलग-अलग झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी. स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. पुलिस लाइन ग्राउंड में होने वाले मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. समारोह में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी, विद्यार्थी और आमजन मौजूद रहेंगे. पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं.

धौलपुर में आज 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, कलेक्टर करेंगे ध्वजारोहण

धौलपुर जिले में आज 80वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा. मुख्य समारोह पुलिस लाइन परिसर में सुबह 9 बजे से शुरू होगा. जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे. इसके बाद कलेक्टर परेड का निरीक्षण करेंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे. समारोह में एडीएम की ओर से महामहिम राज्यपाल का संदेश पढ़ा जाएगा. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा. कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी. समारोह में जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहेंगे. पुलिस लाइन में समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शहर और जिले के अन्य स्थानों पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj