अभिषेक की जगह वैभव होंगे ओपनर, बेलफॉस्ट से मिला मैनेजमेंट का इशारा, श्रेयस युग की शुरुआत धमाकेदार होने के आसार

नई दिल्ली. वर्ल्ड कप जीतने के बाद होने वाली पहली सीरीज के लिए जब भारतीय टीम मैदान पर उतरेगी तो ना तो टीम के साथ पुराना कप्तान नजर आएगा और ना ही टीम में वो खिलाड़ी होंगे जिन्होंने ट्रॉफी जिताने में अहम रोल निभाया था. भारत की क्रिकेट टीम इस साल टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद पहली बार सबसे छोटे फॉर्मेट में वापसी करने जा रही है. टीम 26 जून को आयरलैंड के खिलाफ पहले T20 में उतरेगी. इस मुकाबले के साथ एक नए युग की शुरुआत होगी, जहां श्रेयस अय्यर कप्तान की भूमिका निभाएंगे, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान होंगे.
टी20 टीम में कप्तान सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर कप्तानी का हुनर दिखाएंगे वहीं टीम में हार्दिक पंड्या, मोहम्मद सिराज नजर नहीं आएंगे. IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी और प्रिंस यादव जैसे खिलाड़ियों को भी मौका मिला है. हर्षित राणा चोट से वापसी कर रहे हैं, जिससे टीम को मजबूती मिलेगी, लेकिन उनकी फिटनेस पर नजर रहेगी. स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती मुख्य स्पिनर के रूप में खेल सकते हैं, जबकि रवि बिशनोई को बेंच पर बैठना पड़ सकता है.
क्या वैभव सूर्यवंशी करेंगे डेब्यू?
IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में मौका मिला है. महज 15 साल के इस युवा खिलाड़ी ने पिछले दो सालों में लगातार प्रभावित किया है और बेलफास्ट में पहले T20I में डेब्यू कर सकते हैं. हालांकि, उनके खेलने के लिए संजू सैमसन या अभिषेक शर्मा में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है. टीम मैनेजमेंट रोटेशन पॉलिसी अपनाकर दोनों खिलाड़ियों को मौका दे सकता है.
श्रेयस अय्यर के कप्तानी युग की शुरुआत
भारतीय टीम अब श्रेयस की कप्तानी में नए दौर में प्रवेश करने जा रही है. उन्होंने पिछले कुछ सालों में शानदार नेतृत्व किया है. श्रेयस ने 2024 में KKR को IPL खिताब दिलाया, 2025 में मुंबई को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जिताई, पंजाब किंग्स को लगातार दो बार IPL प्लेऑफ तक पहुंचाया साथ ही IPL 2026 में उन्होंने 14 मैचों में 498 रन भी बनाए. बतौर कप्तान श्रेयस के सामने सबसे बड़ी परेशानी होगी हार्दिक पंड्या और नितिश रेड्डी का ना होना होगा. टीम के साथ युवा सूर्यांश शेडगे को जोड़ा गया है पर वो शायद ही डेब्यू कर पाए.
आयरलैंड के खिलाफ संभावित भारत XI (पहला T20I)
1 संजू सैमसन ओपनर
2 वैभव सूर्यवंशी ओपनर
3 ईशान किशन (विकेटकीपर) विकेटकीपर-बल्लेबाज़
4 श्रेयस अय्यर (कप्तान) बल्लेबाज़
5 तिलक वर्मा (उपकप्तान) बल्लेबाज़
6 वॉशिंगटन सुंदर ऑलराउंडर
7 अक्षर पटेल ऑलराउंडर
8 हर्षित राणा ऑलराउंडर
9 वरुण चक्रवर्ती स्पिनर
10 प्रिंस यादव / प्रसिद्ध कृष्णा तेज़ गेंदबाज़
11 अर्शदीप सिंह तेज़ गेंदबाज़
बेंच: अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रवि बिशनोई



