अनीत पड्डा की एक्टिंग देख डायरेक्टर ने बदली स्क्रिप्ट, ‘हुंकार’ के इस सीन ने कर दिया था बोलती बंद

Last Updated:September 29, 2026, 09:47 IST
‘हुंकार: द रोअर’ में अनीत पड्डा के काम ने राइटर-डायरेक्टर हीराज मारफतिया को भी प्रभावित किया. उन्होंने बताया कि अनीत को इस चुनौतीपूर्ण किरदार के लिए तैयार करने के लिए लंबी वर्कशॉप कराई गई थी. करीब 19 साल की उम्र में अनीत ने वर्कशॉप के दौरान किरदार को जिस तरह समझा और अपनी परफॉर्मेंस में उतारा, उसने पूरी टीम का ध्यान खींचा. यहां तक कि उनके काम को देखकर स्क्रिप्ट में भी बदलाव किया गया.
नई दिल्ली. ‘सैयारा’ से दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाने वाली अनीत पड्डा इन दिनों वेब सीरीज ‘हुंकार: द रोअर’ को लेकर चर्चा में हैं. इस सीरीज में अनीत ने 17 साल की मीनू रावत का किरदार निभाया है, जो एक प्रभावशाली धर्मगुरु पर यौन शोषण का आरोप लगाती है. कहानी पुलिस जांच, कोर्टरूम और सिस्टम के बीच आगे बढ़ती है. सीरीज में फातिमा सना शेख, मोहम्मद जीशान अय्यूब, रघुबीर यादव, अर्जुन माथुर और राम कपूर भी अहम रोल्स में नजर आए. ‘हुंकार’ 25 सितंबर 2026 से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है. सीरीज के राइटर और डायरेक्टर हीराज मारफतिया ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अनीत पड्डा के साथ काम करने का एक्सीपियंस शेयर किया. उन्होंने बताया कि अनीत ने अपने एक्टिंग से पूरी टीम को प्रभावित किया.
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में ‘हुंकार: द रोअर’ के राइटर और डायरेक्टर हीराज मारफतिया ने बताया कि अनीत जब इस प्रोजेक्ट से जुड़ी थी. उन्होंने बताया कि नित्या और करण पहले अनीत के साथ ‘बिग गर्ल्स डोंट क्राई’ में काम कर चुके थे. इसलिए उन्हें लगा कि अनीत में यह रोल निभाने की काबिलियत है. हालांकि, उन्हें लगा कि यह रोल काफी मुश्किल है और वे चाहते थे कि अनीत को इसकी तैयारी का सबसे अच्छा मौका मिले. उस समय अनीत लगभग 19 साल की थीं, इसलिए उन्होंने उनके साथ एक लंबी वर्कशॉप की. इसी दौरान अनीत ने किरदार को लेकर ऐसी समझ दिखाई, जिसने पूरी टीम को प्रभावित किया. फोटो साभार-@IMDb
हिराज ने बताया कि छठे और आखिरी एपिसोड के आखिर में अनीत को एक खास हिस्सा करना था. वर्कशॉप के दौरान उन्होंने किरदार की भावनाओं को इतनी गहराई से समझा कि उनकी एक्टिंग में कुछ ऐसा सामने आया, जिसे देखकर लेखक के तौर पर हीराज ने फैसला किया कि उस हिस्से को स्क्रिप्ट में शामिल किया जाना चाहिए.
Add as Preferred Source on Google
उन्होंने बताया कि कि अनीत ने वर्कशॉप के दौरान किरदार की ऐसी परत सामने रखी, जिसे वह स्क्रिप्ट में शामिल किए बिना नहीं रह सके. हिराज के मुताबिक अनीत जिस मानसिक स्थिति में गईं और जिस तरह से उन्होंने उस हिस्से को पेश किया, वह शानदार था. इसी वजह से टीम ने उस हिस्से को कहानी में शामिल किया और उसे स्क्रिप्ट के साथ जोड़ा. डायरेक्टर ने अनीत की उम्र का जिक्र करते हुए कहा कि पूरी यूनिट उनके लिए काफी प्रोटेक्टिव थी, क्योंकि वह सेट पर सबसे छोटी थीं. लेकिन एक घटना ने उन्हें अनीत की मैच्योरिटी का खास अंदाजा दिया.
हिराज ने बताया कि एक दिन टीम आउटडोर शूटिंग कर रही थी और सूरज तेजी से डूब रहा था. ऐसे समय में शूटिंग को लेकर दबाव बढ़ जाता है, क्योंकि रोशनी बदलने के बाद उसी तरह का शॉट दोबारा करना मुश्किल होता है. सिनेमैटोग्राफर और डायरेक्टर भी इस बात को लेकर चिंतित थे कि शॉट समय पर पूरा हो पाएगा या नहीं. इसी दौरान अनीत उनके पास आईं, उनका हाथ पकड़ा और कहा कि वह शॉट कर लेंगी. हिराज के मुताबिक, अनीत ने सिर्फ भरोसा नहीं जताया, बल्कि महज दो टेक में वह शॉट पूरा भी कर दिया. इस घटना ने उन्हें बेहद प्रभावित किया.
हिराज ने कहा कि उन्हें हैरानी सिर्फ इस बात से नहीं हुई कि अनीत ने शॉट कर लिया, बल्कि इस बात से हुई कि उन्हें पहले से भरोसा था कि वह इसे कर लेंगी. उनके कॉन्फिडेंस और मैच्योरिटी ने डायरेक्टर को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि वह आखिर 18-19 साल की हैं या इससे कहीं ज्यादा उम्र की.
अनीत के अलावा हिराज ने एक्टर विपिन शर्मा के काम की भी तारीफ की. उन्होंने बताया कि एक मुश्किल सीन की शूटिंग से पहले विपिन ने टीम से कहा कि उन्हें कमरे में अकेला छोड़ दिया जाए. उन्होंने करीब एक घंटे तक खुद को उस सीन के लिए तैयार किया. जब टीम वापस आई तो विपिन ने पिता के किरदार वाला सीन और उसके बाद का मोनोलॉग एक ही टेक में कर दिया. फोटो साभार-IMDb
हिराज मारफतिया ने अपनी सीरीज को लेकर कहा कि ‘हुंकार’ ऐसी कहानी हो सकती थी, जिसमें सिस्टम के सामने आम इंसान की बेबसी और निराशा दिखाई जाती. लेकिन उनका मकसद दर्शकों को सिर्फ बेबस महसूस कराना नहीं था. सीरीज यह सवाल उठाती है कि सिस्टम आखिर है क्या. उनका मानना है कि सिस्टम के पीछे लोग ही होते हैं और अगर लोग अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से निभाएं तो बदलाव संभव है. इसी वजह से वह इस कहानी में उम्मीद का पहलू भी रखना चाहते थे.
छह एपिसोड वाली सीरीज की कहानी को तैयार करने में राइटर्स रूम की भी अहम भूमिका रही. हिराज ने बताया कि कई महीनों तक चार-पांच लेखक साथ बैठे और कहानी, किरदारों तथा अलग-अलग ट्रैक पर काम किया. उनके मुताबिक धीरे-धीरे पूरी टीम के बीच एक ऐसी समझ विकसित हुई, जिससे सभी एक तरह के ‘हाइव माइंड’ की तरह काम करने लगे. फोटो साभार- वीडियो ग्रैब
आपको बता दें कि ‘हुंकार: द रोअर’ को बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने पर्पल पेबल पिक्चर्स के साथ मिलकर बनाया है. प्रियंका चोपड़ा जोनस इस प्रोजेक्ट की एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं. प्रियंका ने ट्रेलर के समय भी शो का समर्थन किया था और कहा था कि वह ऐसी कहानियों का साथ देना चाहती हैं, जिनके पास कहने के लिए कुछ हो.@priyankachopra/Instagram
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
September 29, 2026, 09:47 IST



