जालोर को मिली नई पहचान! नई एक्सप्रेस ट्रेन के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, छात्रों और व्यापारियों में खुशी की लहर

Last Updated:June 23, 2026, 17:47 IST
Jalore New Express Train: जालोर जिले के लिए नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा एक बड़ी सौगात बनकर सामने आई है. ट्रेन के आगमन पर स्थानीय लोगों ने लोको पायलट का भावुक स्वागत किया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया. नई रेल सेवा शुरू होने से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. लंबे समय से बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग कर रहे लोगों को अब आवागमन का तेज और सुविधाजनक विकल्प मिल गया है. व्यापारियों का मानना है कि इससे माल परिवहन और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जबकि छात्रों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बड़े शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी. नई एक्सप्रेस ट्रेन जालोर को प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर तरीके से जोड़ने का काम करेगी.
बीकानेर (लालगढ़)–अहमदाबाद (साबरमती) दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत ने जालोर जिले को बड़ी राहत दी है. दो दिन पहले शुरू हुई इस नई रेल सेवा से जालोर सहित आसपास के क्षेत्रों का गुजरात से सीधा और तेज संपर्क मजबूत हुआ है. इसका सबसे ज्यादा फायदा स्टूडेंट्स और व्यापारियों को मिल रहा है, जिनके लिए अब सफर पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो गया है.
जब यह ट्रेन पहली बार जालोर स्टेशन पहुंची, तो यह पल एक परिवार के लिए बेहद भावुक और गर्व भरा बन गया. ट्रेन को चला रहे लोको पायलट तेज कुमार अपने ही गृह जिले पहुंचे, जहां स्टेशन पर मौजूद उनके माता-पिता और परिजनों ने माला और साफा पहनाकर जोरदार स्वागत किया. इस दौरान स्टेशन पर खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला.
तेज कुमार, पुत्र थानाराम मेघवाल, जालोर जिले के आहोर क्षेत्र के वादनवाड़ी गांव के निवासी हैं. उनका चयन वर्ष 2019 में रेलवे में लोको पायलट के पद पर हुआ था और वर्तमान में वे जोधपुर जोन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. नई ट्रेन को अपने ही जिले तक लेकर पहुंचना उनके लिए एक खास उपलब्धि बन गया.
Add as Preferred Source on Google
परिजनों के अनुसार तेज कुमार का करीब चार साल पहले जालोर के मालपुरा गांव में विवाह हुआ था. पहली बार अपने शहर ट्रेन लेकर पहुंचने पर परिवार के सदस्यों के चेहरे पर गर्व और खुशी साफ झलक रही थी, वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस पल को खास बताया. स्टेशन पर मौजूद लोगों ने इस भावुक क्षण को अपने मोबाइल में कैद किया और तेज कुमार को बधाइयां दीं. यह दृश्य सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.
इस नई रेल सेवा से जालोर, भीनमाल और रानीवाड़ा क्षेत्र के छात्रों को अहमदाबाद जैसे बड़े शैक्षणिक केंद्रों तक पहुंच आसान हुई है. वहीं व्यापारियों को भी गुजरात के बाजारों से जुड़ने का सीधा और तेज साधन मिला है, जिससे कारोबार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. नियमित और किफायती सफर से छात्रों के समय और खर्च दोनों में कमी आएगी, वहीं व्यापारियों के लिए आवागमन तेज होने से स्थानीय बाजारों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|



