वो एक्शन फिल्म, विलेन के नाम पर था टाइटल, स्क्रीन से नजर नहीं हटा पाए दर्शक, तोड़े हर रिकॉर्ड

Last Updated:June 25, 2026, 18:24 IST
ये कहानी है बॉलीवुड फिल्म की जिसने हिंदी सिनेमा के सभी समीकरण बदल दिए. यह बॉलीवुड की ऐसी पहली फिल्म थी जिसने 100 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. फिल्म रिलीज होने से पहले डायरेक्टर गिरफ्तार हो गया था. फिल्म का नाम विलेन के नाम पर था. इसी फिल्म ने 6 पैक एब्स का चलन शुरू किया. कमाई के हर रिकॉर्ड को तोड़ा. इस फिल्म ने दर्शकों को सिनेमाघर तक जाने के लिए मजबूर कर दिया. स्क्रीन से दर्शक नजरें नहीं हटा पाए.
कुछ फिल्में ऐसी होती है जिनका जनमानस पर गहरा प्रभाव पड़ता है. ऐसी ही एक फिल्म 2008 में सिनेमाघरों में आई जिसने युवाओं को अपनी फिजिक बनाने के लिए इंस्पायर्ड किया. इसी फिल्म ने सिक्स पैक एब्स का चलन शुरू किया. फिल्म साउथ मूवी का रीमेक थी लेकिन जब यह फिल्म रिलीज हुई तो तहलका मच गया. विलेन के नाम पर इस फिल्म का टाइटल रखा गया. इसी मूवी ने बॉलीवुड में 100 करोड़ का क्लब शुरू किया. एक्शन से भरपूर इस फिल्म का नाम ‘गजनी’ था जिसमें आमिर खान-असिन लीड रोल में थे. फिल्म 25 दिसंबर 2008 को रिलीज हुई थी.
‘गजनी’ फिल्म ने बॉलीवुड के कई समीकरण बदल दिए. इसी फिल्म ने आमिर खान को सही मायने में मिस्टर परफेक्टनिस्ट का टैग दिया. इस फिल्म की तैयारी के लिए आमिर खान ने दो साल का समय लिया था. फिल्म में एक भी अश्लील सीन नहीं था, फिर भी इसमें दिखाई गई हिंसा के चलते मूवी को यूए सर्टिफिकेट दिया गया.
‘गजनी’ साउथ में इसी नाम से बनी फिल्म का रीमेक थी. इसका डायरेक्शन एआर मुर्गदास ने किया था. तमिल की ‘गजनी’ फिल्म में सूर्या, असिन और नयनतारा नजर आई थीं. फिल्म सफल रही तो डायरेक्टर एआर मुर्गदास ने इसका हिंदी वर्जन बनाने का फैसला किया. वो हिंदी में इस फिल्म को सलमान खान के साथ बनाना चाहते थे. ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा का रोल निभाने वाले प्रदीप रावत से मुर्गदास ने बात की. प्रदीप रावत ने उन्हें आमिर खान के साथ फिल्म बनाने का सुझाव दिया.
Add as Preferred Source on Google
मुर्गदास की आमिर खान से मुलाकात हुई. आमिर खान ने साउथ की गजनी फिल्म देखी. फिल्म देखते ही उन्होंने हामी भर दी. हिंदी वर्जन में क्लाइमैक्स सीन बदला गया. मजेदार बात यह है कि क्लाइमैक्स सीन आमिर खान ने लिखा था. ओरिजनल वर्जन के क्लाइमैक्स में विलेन के डबल रोल देखने को मिलते हैं जबकि हिंदी में ऐसा नहीं है.
‘गजनी’ का म्यूजिक एआर रहमान ने कंपोज किया था. गीतकार प्रसून जोशी ने लिखे थे. डायरेक्टर एआर मुर्गदास ने ओरिजनल तमिल फिल्म के राइट्स नहीं खरीदे थे. ऐसे में फिल्म के रिलीज होने से पहले पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था. बाद में दोनों में समझौता हुआ था. फिल्म में आमिर खान ने एक अमीर बिजनेसमैन संजय सिंघानिया का किरदार निभाया था.
‘गजनी’ जैसी एक्शन से भरपूर फिल्म पहले कभी बॉलीवुड में नहीं बनी थी. फिल्म में आमिर खान ने अपने सिक्स पैक दिखाए. इसके लिए उन्होंने सात माह तक ट्रेनिंग ली थी. आमिर खान ने ‘दस का दम’ शो में कहा था, ‘मेरी बॉडी सलमान जैसी नहीं है लेकिन मैंने एक कोशिश की है. आमिर खान ने एक्शन अवतार को देखकर दर्शक हैरान रह गए थे.
‘गजनी’ फिल्म में दिखाया गया कि लीड हीरो हर 15 मिनट चीजों को भूल जाता है. फिल्म का कोर प्लॉट हॉलीवुड मूवी ‘मोमेंटो’ और ‘हैप्पी गो लवली’ से इंस्पायर्ड था. फिल्म का पहला हॉफ 1969 की ‘साजन’ और दूसरा हॉफ 1983 की फिल्म ‘पसंद अपनी अपनी’ से प्रेरित था. हिंदे दर्शकों को ध्यान में रखते हुए फिल्म में कई बदलाव किए गए.
फिल्म की शुरुआत में टाइटल कजरी रखा गया था. गजनी फिल्म पहली ऐसी हिंदी फिल्म थी जिससे बॉलीवुड में 100 करोड़ के क्लब का ट्रेंड शुरू हुआ. गजनी फिल्म का बजट करीब 52 करोड़ रुपये था. मूवी ने 194 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. बॉक्स ऑफिस पर यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. इस फिल्म ने हिंदी सिनेमा को बदलकर रख दिया. इसी फिल्म के बाद साउथ की एक्शन फिल्मों के रीमेक बनाए गए. एक्शन फिल्मों का दौर फिर से शुरू हुआ.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



