Tiger Shroff Shooting Case: ‘गोली का जवाब गोली से मिलेगा’, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में एकनाथ शिंदे का अंडरवर्ल्ड को सीधा अल्टीमेटम

Last Updated:October 19, 2026, 10:37 IST
Tiger Shroff Shooting Case: जुहू में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद महाराष्ट्र सरकार ने अंडरवर्ल्ड और गैंगस्टर्स के खिलाफ खुली जंग का ऐलान कर दिया है. 18 अक्टूबर की देर रात बांद्रा स्थित टाइगर के घर पहुंचे डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा, ‘अब गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा.’एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ को सुरक्षा मुहैया कराने का भरोसा दिया है. (एएनआई)
Tiger Shroff Shooting Case: एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि “गोलियों का जवाब गोलियों से दिया जाएगा”. उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार मुंबई में गैंगवार बर्दाश्त नहीं करेगी. शिंदे 18 अक्टूबर देर रात मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित श्रॉफ के घर पहुंचे. उन्होंने 36 वर्षीय अभिनेता के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली, उनके चिंतित परिवार को ढांढस बंधाया और गोलीबारी की घटना के बाद उन्हें पूरी सुरक्षा मुहैया कराने का भरोसा दिलाया.
18 अक्टूबर शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की थी. इस हमले में अभिनेता तो सुरक्षित बच गए लेकिन उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए. सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. हालांकि पुलिस ने अब तक पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है.
टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद शिंदे ने पत्रकारों से कहा कि अब आपराधिक गिरोहों के नेटवर्क को एक बार फिर जड़ से खत्म करने का समय आ गया है. उन्होंने 1990 के दशक में मुंबई में गिरोहों के खिलाफ की गई कार्रवाई का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, “इनकी जड़ें 1990 के दशक में पनपी थीं, जब गिरोहों के बीच हिंसा का बोलबाला था. अब समय आ गया है कि इन्हें फिर से उसी तरह उखाड़ फेंका जाए.”
श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के बारे में पूछे जाने पर उप मुख्यमंत्री ने कहा, “जैसे को तैसा जवाब मिलेगा, गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा.” लॉरेंस बिश्नोई गिरोह और अन्य आपराधिक गिरोहों द्वारा मशहूर हस्तियों को दी जा रही धमकियों की खबरों पर उन्होंने कहा कि सरकार जानेमाने लोगों को डराने-धमकाने या मुंबई और महाराष्ट्र में आपराधिक गिरोहों का दबदबा कायम करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगी.
शिंदे ने इस हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि श्रॉफ को इस घटना में कोई चोट नहीं आई है. उन्होंने कहा कि पुलिस गोलीबारी की घटना की गहन जांच करेगी, इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करेगी और ऐसे हमलों के पीछे सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को नष्ट करेगी. उन्होंने जोर देकर कहा, “नागरिकों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है. मशहूर हस्तियों को जानबूझकर क्यों धमकाया जा रहा है? पुलिस इस मामले की तह तक जाएगी और इन गिरोहों को खत्म कर देगी. हम मुंबई में गिरोहों की हिंसा बर्दाश्त नहीं करेंगे. हम इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे.”
शिंदे ने बताया कि इस घटना के बाद टाइगर श्रॉफ और उनका परिवार खासकर उनकी मां आयशा श्रॉफ काफी मानसिक तनाव में हैं, क्योंकि अभिनेता का किसी के साथ कोई विवाद या कहासुनी नहीं हुई थी. उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया है और आरोपियों का पता लगाने के लिए एक विशेष टीम गठित की है.
उप मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभिनेताओं और फिल्म उद्योग से जुड़े अन्य लोगों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करें. शिंदे ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सरकार जरूरी कार्रवाई करेगी. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों और मशहूर हस्तियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
Location :
Mumbai,Maharashtra
First Published :
October 19, 2026, 10:37 IST



