Udaipur News: रामेश्वर महादेव में दिखी अमरनाथ की झलक, बर्फानी बाबा के रूप में विराजे भोलेनाथ

Last Updated:August 11, 2026, 10:30 IST
Udaipur News: सावन के पवित्र महीने में रामगिरी स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का अमरनाथ धाम स्वरूप में विशेष श्रृंगार किया गया. रुई से तैयार की गई अमरनाथ गुफा की मनमोहक झांकी और बर्फानी बाबा के स्वरूप ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई. दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे और हर-हर महादेव के जयकारों से परिसर गूंज उठा.
उदयपुर. सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव के अनूठे श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. इसी धार्मिक आस्था और भक्ति की कड़ी में रामगिरी स्थित प्रसिद्ध श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विशेष अमरनाथ धाम स्वरूप श्रृंगार किया. मंदिर परिसर में तैयार की गई मनमोहक झांकी ने श्रद्धालुओं को अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन का एहसास कराया.
रामेश्वर महादेव मित्र मंडल की ओर से इस विशेष श्रृंगार के लिए मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई. सफेद रुई से पूरे परिसर को इस तरह सजाया गया कि चारों ओर बर्फ की चादर जैसा दृश्य नजर आने लगा. रुई से तैयार किए गए हिमनुमा स्वरूप के बीच भगवान शिव को बर्फानी बाबा के रूप में विराजमान किया गया. आकर्षक रोशनी और विशेष सजावट ने झांकी की सुंदरता को और बढ़ा दिया.
दर्शन के लिए पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालु
अमरनाथ धाम की झांकी और भगवान भोलेनाथ के विशेष श्रृंगार की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे. भक्तों ने कतार में लगकर बाबा रामेश्वर महादेव के दर्शन किए और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया. इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा, श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला. श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन के दौरान भगवान शिव के इस हिम स्वरूप के दर्शन करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा. मंदिर में तैयार की गई झांकी ने उन्हें अमरनाथ धाम की आध्यात्मिक अनुभूति कराई. कई श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा के इस स्वरूप के दर्शन से उन्हें मन की शांति और विशेष आनंद की अनुभूति हुई.
पूरे सावन जारी रहेगा भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार
रामेश्वर महादेव मंदिर में पूरे सावन मास के दौरान अलग-अलग अवसरों पर भगवान भोलेनाथ के अनूठे और आकर्षक श्रृंगार किए जाते हैं. धार्मिक आस्था, भक्ति और भव्य सजावट के चलते मंदिर सावन में श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आस्था केंद्र बनता जा रहा है. मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Udaipur,Rajasthan
First Published :
August 11, 2026, 10:30 IST



