Venezuela Earthquake Live Updates: Venezuela Earthquake Top 10 Points- वेनेजुएला में भूकंप से मची तबाही जानें लाइव अपडेट

Venezuela Earthquake Live Updates: वेनेजुएला में गुरुवार को आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद राहत और बचाव अभियान दूसरे दिन भी जारी है. देश के उत्तरी हिस्से में तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है. सैकड़ों इमारतें मलबे में बदल गई हैं, हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और अब भी मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश जारी है. अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है. आइए जानें वेनेजुएला भूकंप से जुड़े 10 बड़े अपडेट.
1. एक मिनट में आए दो बड़े भूकंप
वेनेजुएला के स्थानीय समय के मुताबितक बुधवार शाम पहले 7.2 और फिर सिर्फ 39 सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया. इसे पिछले 100 साल में वेनेजुएला का सबसे शक्तिशाली भूकंप माना जा रहा है.
2. 235 लोगों की मौत
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 1,520 से अधिक लोग घायल हैं. राहत एजेंसियों का कहना है कि यह आंकड़ा अभी बढ़ सकता है.
3. 200 से ज्यादा लोग अब भी मलबे में फंसे
नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि 200 से ज्यादा लोगों के अब भी मलबे में दबे होने की आशंका है. भारी मशीनों की मदद से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. तबाही के बीच राहत की खबर भी आई. बचाव दल ने एक ढही हुई इमारत के मलबे से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. यह नजारा पूरे देश के लिए उम्मीद की किरण बन गया.
4. ला ग्वाइरा में सबसे ज्यादा तबाही
काराकस के उत्तर में स्थित तटीय राज्य ला ग्वाइरा भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है. वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने इसे आधिकारिक तौर पर ‘आपदा क्षेत्र’ घोषित कर दिया है.
5. 138 आफ्टरशॉक से कांपता रहा वेनेजुएला
मुख्य भूकंप के बाद भी खतरा टला नहीं है. नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज के मुताबिक अब तक 138 आफ्टरशॉक (भूकंप के बाद आने वाले झटके) दर्ज किए जा चुके हैं. उन्होंने बताया कि 7.2 और 7.5 तीव्रता के जुड़वां भूकंपों ने ग्रेटर काराकस, ला ग्वाइरा, अरागुआ और काराबोबो समेत कई राज्यों में भारी तबाही मचाई.
6. दुनिया से मदद पहुंचनी शुरू
मुसीबत की इस घड़ी में वेनेजुएला की मदद दुनिया कर रही है. मेक्सिको ने डॉक्टरों और रेस्क्यू टीमों को वेनेजुएला भेज दिया है. संयुक्त राष्ट्र की प्रमाणित अर्बन सर्च एंड रेस्क्यू टीमें भी राहत कार्य में शामिल होने पहुंच रही हैं. अमेरिका समेत कई देशों ने मदद की पेशकश की है.
7. काराकस एयरपोर्ट पर उड़ानें रुकीं
भूकंप में राजधानी काराकस का मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी क्षतिग्रस्त हुआ, जिसके बाद वहां से उड़ानों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया.
8. ब्राजील तक महसूस हुए झटके
भूकंप इतना शक्तिशाली था कि इसके झटके सैकड़ों किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन क्षेत्र समेत कई कैरेबियाई देशों में भी महसूस किए गए.
9. अर्थव्यवस्था को भी बड़ा झटका
एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि इस आपदा से वेनेजुएला को उसकी जीडीपी के 1 से 7 प्रतिशत तक का आर्थिक नुकसान हो सकता है. सरकार ने IMF के सहयोग से रीकंस्ट्रक्शन कोष बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
10. स्टारलिंक ने मुफ्त इंटरनेट का ऐलान किया
भूकंप से दूरसंचार और बिजली व्यवस्था प्रभावित होने के बाद एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक ने प्रभावित इलाकों के लोगों को 25 जुलाई तक मुफ्त सैटेलाइट इंटरनेट सेवा देने का ऐलान किया है. मौजूदा ग्राहकों को अपने आप अकाउंट में क्रेडिट मिलेगा, जबकि जिन लोगों ने पहले सेवा बंद कर दी थी, वे भी बिना शुल्क दोबारा कनेक्शन शुरू कर सकेंगे. जिनका स्टारलिंक उपकरण भूकंप में क्षतिग्रस्त हुआ है, उन्हें कंपनी मुफ्त रिप्लेसमेंट किट भी देगी.



