Ramayana: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के अंग्रेजी ट्रेलर में दिखे ऐसे सीन, जो हिंदी वाले में नहीं, जानें 5 बड़े बदलाव

Last Updated:October 16, 2026, 14:24 IST
Ramayana Hindi-English Trailer Differences: नितेश तिवारी की ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस फिल्म के अंग्रेजी ट्रेलर में कई ऐसी झलकियां देखने को मिली हैं, जिन्होंने नई चर्चा छेड़ दी है. हिंदी ट्रेलर से अलग इसमें कुछ नए किरदार और दमदार सीन्स शामिल हैं. इंद्रदेव की एंट्री से लेकर रावण की शिवभक्ति तक, जानिए दोनों ट्रेलर में क्या-क्या बदला है.
नई दिल्ली. कभी अयोध्या की रौनक, कभी राम-सीता के प्रेम की झलक और कभी रावण का खौफनाक अंदाज. नितेश तिवारी की मोस्टअवेटेड फिल्म ‘रामायण’ के हिंदी ट्रेलर ने दर्शकों को महाकाव्य की दुनिया से रूबरू कराया था. अब इसके अंग्रेजी यानी इंटरनेशनल ट्रेलर ने कहानी के कुछ ऐसे पहलुओं की झलक दिखाई है, जो पहले देखने को नहीं मिले थे. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की इस फिल्म के नए ट्रेलर में भव्य एक्शन के साथ कई नए सीन भी शामिल हैं. कहीं, कुणाल कपूर इंद्रदेव के रूप में नजर आते हैं, तो कहीं रावण भगवान शिव की आराधना करता दिखता है. दोनों ट्रेलर की तुलना करें, तो इनके बीच 5 बड़े अंतर हैं.
दोनों ट्रेलर के बीच सबसे बड़ा अंतर कुणाल कपूर के किरदार को लेकर है. हिंदी ट्रेलर में इंद्रदेव की झलक नहीं दिखाई गई थी, लेकिन इंटरनेशनल ट्रेलर में वह अपने दिव्य वाहन ऐरावत यानी सफेद हाथी के साथ नजर आते हैं. यह सीन भले ही छोटा है, लेकिन फिल्म की पौराणिक दुनिया को विस्तार देता है. इंद्रदेव की मौजूदगी कहानी में देवताओं से जुड़े घटनाक्रम की भी झलक दिखाती है. इस नए सीन ने फिल्म के उन किरदारों को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है, जिन्हें पहले ट्रेलर में जगह नहीं मिली थी.
अंग्रेजी ट्रेलर का एक और खास सीन रावण से जुड़ा है. इसमें यश का किरदार एक विशाल शिव प्रतिमा के सामने प्रार्थना करता नजर आता है. सीन को नाटकीय बनाने के लिए जमीन से आग की लपटें उठती हैं और रावण को चारों ओर से घेर लेती हैं. हिंदी ट्रेलर में यह सीन नहीं था. यह झलक रावण के उस पक्ष को सामने लाती है, जो उसकी शक्ति और युद्ध कौशल से अलग है. रावण को केवल राम के विरोधी के रूप में देखने के बजाय यह सीन उसकी शिवभक्ति की ओर भी ध्यान खींचता है.
Add as Preferred Source on Google
दोनों ट्रेलर की प्रस्तुति में सबसे बड़ा फर्क कहानी कहने के अंदाज का है. हिंदी ट्रेलर में राम के अयोध्या स्थित जीवन, सीता से विवाह, 14 साल के वनवास और सीता के अपहरण तक की घटनाओं को जगह दी गई थी. इसमें राजा दशरथ, कैकेयी और शूर्पणखा जैसे किरदारों की झलक भी देखने को मिली थी. इसके उलट, अंग्रेजी ट्रेलर कई घटनाओं को पीछे छोड़ते हुए सीधे एक्शन और राम-रावण के टकराव पर ज्यादा ध्यान देता है. इसके अंतिम हिस्से में कई योद्धा रावण पर हमला करते हैं, लेकिन वह मुकाबला करते हुए पलटवार करता नजर आता है. यह सीन हिंदी ट्रेलर में शामिल नहीं था.
जटायु और रावण के बीच टकराव दोनों ट्रेलर में दिखाया गया है, लेकिन अंग्रेजी संस्करण में इस लड़ाई को ज्यादा विस्तार मिला है. हिंदी ट्रेलर में इस टकराव की छोटी-सी झलक थी. वहीं, इंटरनेशनल ट्रेलर में जटायु रावण के पुष्पक विमान पर हमला करता है और सीता को बचाने की कोशिश में रावण को हवा में उठा लेता है. यह दृश्य जटायु के साहस और सीता की रक्षा के लिए उसके संघर्ष को अधिक प्रमुखता देता है. साथ ही, ट्रेलर में एक्शन का रोमांच भी बढ़ाता है.
एक्शन और युद्ध के दृश्यों के बीच अंग्रेजी ट्रेलर राम और सीता के रिश्ते को भी थोड़ा और करीब से दिखाता है. रणबीर कपूर और साई पल्लवी के किरदारों के बीच कुछ ऐसे पल नजर आते हैं, जो हिंदी ट्रेलर में नहीं थे. इनमें विवाह के दौरान दोनों के एक-दूसरे को देखने पर हवा में गिरती गुलाब की पंखुड़ियों का थम जाना भी शामिल है. यह दृश्य फिल्म के भव्य युद्ध और नाटकीय घटनाओं से अलग एक रोमांटिक एहसास पैदा करता है. इससे संकेत मिलता है कि फिल्म का केंद्र सिर्फ राम और रावण का संघर्ष नहीं, बल्कि राम-सीता का भावनात्मक रिश्ता भी है.
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म में सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और कुणाल कपूर इंद्रदेव के किरदार में हैं. इसे दो भागों में रिलीज करने की योजना है. पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के मौके पर रिलीज किए जाने की योजना है. फिल्म हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में भी रिलीज होगी.
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडिया✅देखें.First Published :
October 16, 2026, 14:24 IST



