Women’s T20 World Cup: श्रीलंका का बड़ा उलटफेर, न्यूजीलैंड को टूर्नामेंट में पहली बार हराया, डिफेंडिंग चैंपियन पर बाहर होने का खतरा

होमखेलक्रिकेट
श्रीलंका का T20 वर्ल्ड कप में उलटफेर, न्यूजीलैंड के खिलाफ दर्ज की पहली जीत
Last Updated:June 16, 2026, 23:27 IST
SL vs NZ Women’s T20 World Cup: श्रीलंका ने साउथेम्प्टन में खेले गए मैच में मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया. नीलक्षिका डी सिल्वा की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत श्रीलंका ने टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में इस टीम खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज की.श्रीलंका ने दर्ज की टूर्नामेंट की पहली जीत.
नई दिल्ली. निलाक्षिका सिल्वा के नाबाद अर्धशतक की बदौलत श्रीलंका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप बी मैच में मुश्किल हालात से उबरकर डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हरा दिया. श्रीलंका की यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली जीत है. वहीं, न्यूजीलैंड की लगातार दूसरी हार से उस पर बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है. न्यूजीलैंड के 151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम 55 रन पर चार विकेट खोकर संकट में थी, लेकिन निलाक्षिका (नाबाद 54, 37 गेंद, पांच चौके, एक छक्का) और कौशिनी नुथ्यांगना (नाबाद 24, 14 गेंद, तीन चौके) के बीच छठे विकेट की 48 रन की साझेदारी से टीम ने दो गेंद बाकी रहते पांच विकेट पर 153 रन बनाकर जीत हासिल की.
निलाक्षिका ने कविशा दिलहारी (17) के साथ भी पांचवें विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की. कप्तान चामरी अटापट्टू ने भी 27 रन बनाए. न्यूजीलैंड की तरफ से ऑफ स्पिनर नैन्सी पटेल ने 23 रन देकर दो विकेट लिए. न्यूजीलैंड ने इससे पहले कप्तान मेली केर (36 गेंद में 45 रन, पांच चौके) और सोफी डिवाइन (30 गेंद में 45 रन, चार चौके, एक छक्का) के बीच तीसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 150 रन बनाए.
गेंदबाजों ने कीवी टीम को बड़े टोटल से रोकाश्रीलंका की ओर से कवीशा दिलहारी (35 रन पर दो विकेट) सबसे सफल गेंदबाज रहीं. कप्तान चामरी अटापट्टू (21 रन पर एक विकेट), मिताली अयोध्या (24 रन पर एक विकेट), निमाशा मीपागे (26 रन पर एक विकेट) और सुगंधिका कुमारी (28 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट लिया. लक्ष्य का पीछा करते हुए चामरी और विशमी गुणारत्ने (17) ने धीमी शुरुआत की. दोनों ने शुरुआती चार ओवर में सिर्फ 16 रन जोड़े. चामरी ने पांचवें ओवर में जेस केर पर छक्के और दो चौकों से 16 रन बनाए. उन्होंने अगले ओवर में ब्री इलिंग पर भी चौका मारा, लेकिन अगली गेंद पर बोल्ड हो गईं. विशमी ने भी इलिंग पर लगातार दो चौके लगाए लेकिन नैन्सी की गेंद पर प्लिमर के हाथों कैच हो गईं.
हसिनी परेरा (02) गैर जरूरी दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गईं, जबकि नैन्सी ने हर्षिता समरविक्रम (05) को बोल्ड करके श्रीलंका का स्कोर चार विकेट पर 55 रन कर दिया. कवीशा और निलाक्षिका ने इसके बाद पारी को संभाला. निलाक्षिका ने रोजमैरी मायर पर छक्के के साथ 15वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया लेकिन इसी ओवर में कवीशा गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गईं.
आखिरी 5 ओवर का रोमांचश्रीलंका को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 46 रन चाहिए थे. निलाक्षिका को कौशिनी के रूप में अच्छा साथी मिला. दोनों ने इलिंग पर चौके लगाए. निलाक्षिका ने मेली पर दो चौकों के साथ गेंद और रन के बीच का अंतर कम किया और फिर मायर की गेंद पर एक रन के साथ 33 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. श्रीलंका को अंतिम ओवर में पांच रन चाहिए थे और कौशिनी ने डिवाइन पर चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी.
न्यूजीलैंड ने जीता था टॉसइससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे न्यूजीलैंड ने मैच की तीसरी गेंद पर ही इसाबेल गेज (04) का विकेट गंवा दिया, जिन्होंने मिताली की गेंद पर विकेटकीपर कौशिनी नुथ्यांगना को कैच दिया. कप्तान मेली और सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया प्लिमर (18) ने इसके बाद पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 38 रन तक पहुंचाया. जॉर्जिया ने धीमी बल्लेबाजी की जबकि मेली ने मिताली पर लगातार दो चौकों से तेजी दिखाई. प्लिमर ने भी काव्या काविंदी और सुगंधिका कुमारी पर चौके लगाए लेकिन स्ट्राइक बदलने में नाकाम रहीं. प्लिमर आखिरकार स्पिनर निमाशा मीपागे की गेंद पर तेज शॉट मारने की कोशिश में शॉर्ट थर्ड पर कैच हो गईं.
मेली और डिवाइन ने इसके बाद रन गति बढ़ाई. दोनों ने कविशा दिलहारी पर चौके लगाए. मेली ने कविशा पर डीप मिडविकेट पर एक और चौका लगाया, लेकिन अगली गेंद पर इसी शॉट को दोहराने की कोशिश में काविंदी को कैच दे बैठीं. न्यूजीलैंड के रनों का शतक 14वें ओवर में पूरा हुआ. डिवाइन ने सुगंधिका पर छक्का लगाया लेकिन अगली गेंद पर निलाक्षिका सिल्वा के हाथों कैच हो गईं. मैडी ग्रीन ने अंत में 13 गेंद में दो चौकों से नाबाद 18 रन बनाकर टीम का स्कोर 150 रन तक पहुंचाया.
About the AuthorShivam Upadhyay
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi



