‘इंसाफ मिलने तक जारी रहेगा धरना’ सिंगर अंकित बालियान की हत्या पर फूटा परिजनों का गुस्सा, जांच में जुटी कई टीमें

Last Updated:August 26, 2026, 23:58 IST
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की 4 अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी. सिंगर पर ताबड़तोड़ 20 राउंड फायरिंग हुई. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं. सिंगर के घरवाले धरना-प्रदर्शन के जरिये इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं.
ख़बरें फटाफट
अंकित बालियान पर 4 बदमाशों ने हमला किया था.
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के जनपद शामली में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना बुधवार 26 अगस्त शाम की है, जब अंकित जिम से निकल रहे थे. शामली पुलिस ने बताया कि डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि बंटीखेड़ा निवासी मृतक अंकित बालियान को जिम से निकलते समय 3-4 अज्ञात लोगों ने गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही शामली कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की.
पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया, ‘शाम को करीब 7 बजे सूचना प्राप्त हुई कि अंकित बालियान कोतवाली शहर में एक जिम में एक्सरसाइज करने आते थे, जैसे ही वह वहां से निकले, उन्हें गोली मारी गई. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया. अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार चार लड़के थे, जो दो बाइक पर आए थे. हम मामले की जांच कर रहे हैं. मौके से हमें दो-तीन खोखे मिले थे. पूरी टीम मामले की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की पहचान की जा रही है.’
गिरफ्तारी के लिए बनाई गई कई टीमें पुलिस को पूछताछ से पता चला कि गायक सोनीपत में रहकर गाने बनाता था, लेकिन वहां पर विवाद होने के बाद यहां भाग कर आ गया था. ऐसे में संभावना है कि यह पूरा मामला हरियाणा और सोनीपत से जुड़ा हुआ है. इस एंगल पर भी जांच की जा रही है और हरियाणा पुलिस से संपर्क किया जा रहा है. घटना के जल्द खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं.
4 बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग मौके पर मौजूद जिम संचालक रवि शर्मा ने आईएएनएस को बताया, ‘हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान करीब 8 महीने से हमारे जिम में एक्सरसाइज करने आते थे. हर दिन की तरह वो यहां से एक्सरसाइज करके चले गए थे, लेकिन कुछ ही दूरी पर करीब 4 बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और पैदल भाग गए. गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. करीब 20 राउंड गोली चलाई गई.’ मृतक के परिचित सतबीर सिंह ने कहा, ‘हमलावर के बारे में कुछ नहीं पता है. जिन्होंने हत्या की है, उन्हें सजा मिलनी चाहिए. हमारा धरना जारी रहेगा. बालियान का हरियाणा से संपर्क था, वहीं के लोगों से बोलचाल थी, यहां पर उसकी कोई बोलचाल नहीं थी.’ फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है. इलाके में इस हत्या से दहशत का माहौल है.
About the AuthorAbhishek NagarSenior Sub Editor
अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
Delhi,Delhi,Delhi
First Published :
August 26, 2026, 23:58 IST



