दुनिया के किन देशों में नहीं तलाक! फिर रिश्ता टूटने पर कैसे शादी खत्म करते हैं जोड़े?

Divorce in Illegal in these Cities: शादी एक पवित्र बंधन है. ज्यादातर देशों में शादी को अलग-अलग रूपों में मान्यता प्राप्त है, हालांकि जब पति और पत्नी के बीच में रिश्ता खराब होने लगता है या टूटने की कगार पर आ जाता है तो उससे अलग होने का कानूनी रास्ता भी आज मौजूद है, जिसे आम भाषा में तलाक कहते हैं, लेकिन आपको जानकार हैरानी होगी कि दुनिया के सभी देशों में शादी से हटने के लिए तलाक का प्रावधान है, सिवाय दो देशों के. इन देशों में तलाक लेने के लिए ऐसा कानून नहीं है जैसा बाकी देशों में है और शादी से अलग होने का प्रोसेस भी कठिन है. आखिर ये दोनों देश कौन से हैं?
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक दुनिया में दो जगह जहां तलाक आसान नहीं है, वे हैं फिलीपींस और वैटिकन सिटी. इन दो जगहों का जिक्र अक्सर इसलिए होता है कि यहां तलाक नहीं है. असल में हालात इतने साधारण भी नहीं हैं कि यहां रिश्ते टूटते नहीं हैं या पति-पत्नी मजबूरी में साथ रहने को मजबूर हैं, या यहां के लोग कभी तलाक ले ही नहीं सकते. बल्कि इन दोनों जगहों के कानून में बारीकियां हैं, जो साफ समझना जरूरी है.
फिलीपींस में सामान्य तलाक का कानून नहींफिलीपींस में ज्यादातर शादियों के लिए कोई सामान्य तलाक कानून नहीं है. जैसा कि अन्य देशों में होता है लेकिन यहां फैमिली कोड के तहत अलग होने के तीन मुख्य रास्ते उपलब्ध हैं. कानूनी अलगाव (लीगल सेपरेशन), विवाह रद्द करना (अनुलमेंट) और शादी को शुरू से अमान्य घोषित करना (डिक्लेरेशन ऑफ नल्टी).
वेटिकन सिटी और फिलीपींस में क्या है अलग होने का नियम. (सांकेतिक तस्वीर)
पहले वाले मामले में पति-पत्नी अदालत में जाते हैं और कानूनी अलगाव में अदालत पति-पत्नी को अलग रहने की अनुमति दे सकती है लेकिन इससे शादी का बंधन खत्म नहीं होता. दोनों कानूनी रूप से अभी भी पति-पत्नी बने रहते हैं. इसलिए अलग रहने के बावजूद वे एक दूसरे से आजाद नहीं रह सकते और दोबारा शादी नहीं कर सकते. यह तलाक से बिल्कुल अलग है.
कानूनी अलगाव के कई आधार हैं. बार-बार शारीरिक हिंसा, यौन बेवफाई, छोड़कर चले जाना या कुछ आपराधिक सजा मिलने पर कोर्ट अलगाव मंजूर कर सकता है. फिर भी इनकी शादी बाकी रहती है.
दूसरा अनुलमेंट या नल्टी की प्रक्रिया अलग है. इसमें कोर्ट देखता है कि शादी शुरू से ही कानूनी रूप से वैध थी या नहीं. यानी रिश्ता टूटने के कारण शादी खत्म नहीं की जाती, बल्कि यह साबित किया जाता है कि शादी कभी वैध नहीं थी. इस तरह फिलीपींस में जोड़े अपनी वैवाहिक जिम्मेदारियों से मुक्त हो सकते हैं, लेकिन आम तलाक की तरह शादी को सीधे खत्म करने का रास्ता नहीं है. इसमें अवैध शादी के लिए सबूत देने पड़ते हैं.
इसके अलावा एक खास प्रावधान भी है. अगर एक पक्ष फिलिपिनो है और दूसरा विदेशी, तो विदेश में वैध तरीके से लिया गया तलाक फिलीपींस में मान्य हो सकता है. फैमिली कोड के आर्टिकल 26(2) के तहत फिलिपिनो पक्ष दोबारा शादी करने की क्षमता हासिल कर सकता है, बशर्ते फिलीपीन कानून उसे मान्यता दे.
मुस्लिम फिलिपिनो के लिए अलग नियम
दुनिया के किन देशों में नहीं तलाक? (फाइल फोटो)
फिलीपींस में “तलाक अवैध है या या यहां तलाक नहीं होता कहना पूरी तरह सही नहीं है. इस देश में मुस्लिम पर्सनल लॉ का अलग कोड है. यह कोड उन शादियों पर लागू होता है जहां दोनों पक्ष मुस्लिम हों, या कुछ खास हालात में पति मुस्लिम हो और शादी मुस्लिम कानून के अनुसार हुई हो.
इस कोड के आर्टिकल 45 में तलाक को शादी के बंधन का औपचारिक विघटन बताया गया है. इसमें तलाक, खुला और फस्ख (न्यायिक तलाक) जैसे कई रूप शामिल हैं. यानी मुस्लिम समुदाय के लिए तलाक का कानूनी प्रावधान मौजूद है.
वैटिकन सिटी में शादी अटूट मानी जाती हैवैटिकन सिटी की स्थिति फिलीपींस से अलग है. यहां कैथोलिक चर्च का कैनन लॉ लागू होता है. इस कानून के अनुसार ईसाई शादी के दो जरूरी गुण हैं एकता और अविभाज्यता. इनका मानना है कि एक वैध और संपन्न (कंज्यूमेटेड) सेक्रामेंटल शादी को कोई भी मानवीय शक्ति खत्म नहीं कर सकती. सिर्फ मृत्यु से ही यह बंधन टूटता है. यही वजह है कि वैटिकन को तलाक-रहित जगहों की सूची में सबसे पहले पायदान पर रखा जाता है.
लेकिन यहां भी अलग होने के कुछ रास्ते हैं. अगर शादी संपन्न नहीं हुई हो, तो उचित कारण होने पर पोप उसे भंग कर सकते हैं. कैनन 1142 में इसका प्रावधान है.
इसके अलावा चर्च शादी को अमान्य घोषित करने की प्रक्रिया भी चलाता है. इसे अनुलमेंट कहते हैं, लेकिन यह तलाक नहीं है. इसमें यह देखा जाता है कि कैनन लॉ के नियमों के मुताबिक वैध शादी हुई थी या नहीं. अगर शादी शुरू से ही अवैध पाई जाए तो उसे अस्तित्वहीन घोषित कर दिया जाता है.
इसके अलावा यहां पति-पत्नी अलग रह सकते हैं. कैनन लॉ में अलगाव का प्रावधान है. उचित कारण होने पर वे अलग रह सकते हैं, लेकिन शादी का बंधन बना रहता है. यानी तलाक न होने का मतलब यह नहीं कि हर हाल में साथ रहना ही पड़े.
क्या सच में दोनों जगह तलाक अवैध है?फिलीपींस में ज्यादातर शादियों के लिए सामान्य तलाक कानून नहीं है. लेकिन मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत तलाक उपलब्ध है. विदेश में लिए गए कुछ तलाक भी मान्य हो सकते हैं. वैटिकन में वैध और संपन्न सेक्रामेंटल शादी का तलाक नहीं हो सकता. लेकिन अलगाव, अनुलमेंट और कुछ खास परिस्थितियों में अलग होने के प्रावधान हैं.
इसलिए सिर्फ “दो देशों में तलाक होता ही नहीं है” कहना अधूरा है. असलियत ज्यादा जटिल और बारीक है. फिलीपींस और वैटिकन दोनों जगहों पर शादी टूटने पर कानूनी विकल्प मौजूद हैं, लेकिन वे आम तलाक की तरह सीधे और आसान नहीं हैं. यही वजह है कि ये दोनों जगहें अभी भी तलाक-रहित व्यवस्था वाली सूची में बनी हुई हैं.



