श्रीनगर जेल से फरार दो आरोपी सादुलपुर में गिरफ्तार, खेतों में घूमते मिले, फरारी के बाद लूट का भी आरोप

Last Updated:August 26, 2026, 17:33 IST
सादुलपुर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रीनगर जेल से फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपी 23 अगस्त को जेल से फरार हुए थे और सादुलपुर के खेतों में संदिग्ध हालत में घूमते मिले. पूछताछ में दोनों के खिलाफ पॉक्सो व दुष्कर्म के मामलों में विचाराधीन होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस के अनुसार, फरारी के बाद दोनों ने एक महिला से लूट की वारदात को भी अंजाम दिया था.
चूरू. जिले की सादुलपुर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर जेल से फरार हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सादुलपुर निवासी फरमान और जम्मू-कश्मीर निवासी मुक्तयार गुजर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी श्रीनगर जेल में पॉक्सो और दुष्कर्म के मामलों में विचाराधीन बंदी थे और 23 अगस्त को जेल से फरार हो गए थे.
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि जेल से फरार होने के बाद दोनों आरोपी सादुलपुर की ओर पहुंचे. पुलिस के अनुसार, फरारी के दौरान दोनों ने एक महिला के साथ लूट की वारदात को भी अंजाम दिया. इसके बाद दोनों सादुलपुर क्षेत्र में आकर छिपने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर फरारी के दौरान उनके ठहरने, आवाजाही और अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है.
सूचना पर पुलिस ने खेतों में दबोचा
सादुलपुर थाना अधिकारी राजेश सिहाग को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के खेतों में दो संदिग्ध व्यक्ति चोरों की तरह घूम रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्धों की तलाश शुरू की. पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की, पूछताछ के दौरान उनकी पहचान श्रीनगर जेल से फरार आरोपियों के रूप में हुई.
पुलिस अधिकारियों ने दी कार्रवाई की जानकारी
मामले को लेकर बुधवार दोपहर सादुलपुर पुलिस थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, इसमें एएसपी रिछपाल चारण, आईपीएस अभिजीत सिंह पाटिल और थाना अधिकारी राजेश सिहाग ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को पकड़ने के बाद उनसे फरारी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है.
सादुलपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के पकड़े जाने की सूचना श्रीनगर पुलिस को दे दी है. अब जम्मू-कश्मीर पुलिस के सादुलपुर पहुंचने के बाद दोनों आरोपियों को नियमानुसार उसके सुपुर्द किया जाएगा. पुलिस फरारी के दौरान दोनों आरोपियों ने किन-किन स्थानों पर शरण ली और सादुलपुर तक कैसे पहुंचे, इसकी भी जानकारी जुटा रही है. साथ ही महिला से लूट की बताई जा रही वारदात के संबंध में भी जांच की जा रही है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Churu,Rajasthan
First Published :
August 26, 2026, 17:33 IST



