48 घंटे का अल्टीमेटम… क्या शादी से पहले सील हो जाएंगे करौली के बड़े मैरिज गार्डन

Last Updated:April 23, 2026, 17:29 IST
Karauli News: करौली नगर परिषद ने यूडी टैक्स बकाया पर 14 मैरिज गार्डन और पैलेस को 48 घंटे में भुगतान का नोटिस दिया, वर्ना सीलिंग होगी, शादी सीजन में परिवारों की चिंता बढ़ी. डिफॉल्टरों की सूची में शहर के कई बड़े और प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं. भंवर विलास पैलेस पर करीब 19.10 लाख रुपये का बकाया है, जबकि बाबूभाई पैराडाइज पर 14.07 लाख रुपये से अधिक की राशि लंबित बताई गई है.
करौली. शादी सीजन के बीच शहर के बड़े मैरिज गार्डनों पर परेशानी के बादल मंडराने लगे हैं. नगर परिषद ने नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) बकाया रखने वाले 14 प्रमुख मैरिज होम और पैलेस संचालकों को 48 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया है. साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि तय समय सीमा में टैक्स जमा नहीं करने पर इन परिसरों को सील कर दिया जाएगा. इस कार्रवाई से एक तरफ संचालकों में हड़कंप मचा है, तो दूसरी तरफ उन परिवारों की चिंता भी बढ़ गई है, जिनकी शादियां पहले से इन स्थलों पर तय हैं.
नगर परिषद की ओर से बुधवार को जारी आदेश के अनुसार यह कार्रवाई राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 129 के तहत की जा रही है. कार्यवाहक आयुक्त प्रेमराज मीणा ने स्पष्ट किया है कि शादी सीजन होने के बावजूद किसी भी डिफॉल्टर को राहत नहीं दी जाएगी. परिषद की टीमें शहरभर में सक्रिय हैं और मैरिज गार्डनों पर नोटिस चस्पा किए जा रहे हैं. कई जगहों पर ढोल-नगाड़ों के साथ नोटिस लगाए जाने से यह कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई है.
बकाया राशि को लेकर सख्तीडिफॉल्टरों की सूची में शहर के कई बड़े और प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं. भंवर विलास पैलेस पर करीब 19.10 लाख रुपये का बकाया है, जबकि बाबूभाई पैराडाइज पर 14.07 लाख रुपये से अधिक की राशि लंबित बताई गई है. इसके अलावा लक्ष्मी मैरिज गार्डन (11.60 लाख), करौली इन मैरिज गार्डन (10.76 लाख), आशीर्वाद मैरिज होम (11.87 लाख) और गर्ग पैलेस (11.01 लाख) जैसे संस्थान भी बकाया सूची में हैं. नगर परिषद की सूची में वृंदावन गार्डन, जिंदल मैरिज गार्डन, गोवर्धन पैलेस, लाडली पैलेस, द्वारिकाधीश, शिवशक्ति, गणेश बैंक्वेट हॉल और शिव लॉज के नाम भी शामिल हैं. इन सभी को दो दिन के भीतर पूरा बकाया जमा करने के निर्देश दिए गए हैं. बताया जा रहा है कि इन 14 संस्थानों पर कुल बकाया राशि करोड़ों रुपये तक पहुंच चुकी है, जिसके चलते परिषद को सख्त रुख अपनाना पड़ा है.
शादी सीजन में बढ़ी चिंताइस अचानक हुई कार्रवाई से शहर में हलचल तेज हो गई है. शादी की तैयारियों में जुटे परिवार असमंजस में नजर आ रहे हैं. अगर समय पर बकाया जमा नहीं हुआ और गार्डन सील हो गए, तो कई कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं. ऐसे में लोग अब वैकल्पिक व्यवस्थाओं की तलाश भी करने लगे हैं. नगर परिषद का कहना है कि यह कदम केवल राजस्व वसूली के लिए उठाया गया है और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी. आने वाले 48 घंटे यह तय करेंगे कि ये मैरिज गार्डन खुले रहेंगे या फिर इन पर ताले लगेंगे.
About the AuthorAnand Pandey
नाम है आनंद पाण्डेय. सिद्धार्थनगर की मिट्टी में पले-बढ़े. पढ़ाई-लिखाई की नींव जवाहर नवोदय विद्यालय में रखी, फिर लखनऊ में आकर हिंदी और पॉलीटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया. लेकिन ज्ञान की भूख यहीं शांत नहीं हुई. कल…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Karauli,Karauli,Rajasthan
First Published :
April 23, 2026, 17:29 IST



