राजस्थान में 69 IFS के तबादले, दौसा में कनक दंडवत, नरेश मीणा की जमानत पर फैसला आज

Last Updated:August 11, 2026, 08:52 IST
Rajasthan News Live: दौसा में सावन की चतुर्दशी पर श्रद्धालुओं ने 365 सीढ़ियों पर कनक दंडवत लगाकर नीलकंठ महादेव के दर्शन किए. सिरोही में ओएफसी जमीन पर कथित कब्जे का मामला सीएमओ तक पहुंचा. टोंक में नरेश मीणा की ज…और पढ़ें
दौसा में सावन की चतुर्दशी पर श्रद्धालुओं ने 365 सीढ़ियों पर कनक दंडवत लगाकर नीलकंठ महादेव के दर्शन किए
Rajasthan News Live: दौसा में सावन की चतुर्दशी पर शिवभक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला, जहां श्रद्धालु 365 सीढ़ियों पर कनक दंडवत लगाते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचे. वहीं सिरोही में ओएफसी जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला सीएमओ तक पहुंच गया है. टोंक में थप्पड़ कांड मामले में जेल में बंद नरेश मीणा की जमानत पर आज फैसला आना है. बीकानेर में नारको-आर्म्स सिंडिकेट सरगना राकेश प्रजापत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है, जबकि पानी की बोतल पर 15 रुपये ज्यादा वसूलने पर रेस्टोरेंट संचालक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
नरेश मीणा की जमानत पर आज फैसला, SC-ST कोर्ट ने आदेश रखा सुरक्षित
टोंक के थप्पड़ कांड मामले में जेल में बंद नरेश मीणा की जमानत याचिका पर आज फैसला आने की उम्मीद है. मामले में सोमवार को एससी-एसटी कोर्ट में सुनवाई हुई थी. सुनवाई के दौरान नरेश मीणा की ओर से उनके अधिवक्ता फतहराम मीणा ने पैरवी की. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जमानत पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था. अब अदालत की ओर से आज फैसला सुनाया जा सकता है. थप्पड़ कांड के बाद नरेश मीणा को गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल जेल में बंद हैं. मामले में जमानत को लेकर उनके समर्थकों की भी नजर अदालत के फैसले पर बनी हुई है. पुलिस और प्रशासन की ओर से भी मामले की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. अदालत के आदेश के बाद यह स्पष्ट होगा कि नरेश मीणा को राहत मिलती है या उनकी न्यायिक हिरासत आगे जारी रहती है.
राजस्थान में 69 IFS अधिकारियों के तबादले, 14 को अतिरिक्त पदभार
राजस्थान सरकार ने भारतीय वन सेवा यानी IFS के अधिकारियों की बड़ी तबादला सूची जारी की है. सरकार ने 69 IFS अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन किए हैं. इसके साथ ही 14 अधिकारियों को अतिरिक्त पदभार भी सौंपा गया है. अधिकारियों की यह पोस्टिंग प्रमोशन के बाद की गई है. तबादला आदेश के बाद वन विभाग में कई अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल गई हैं. वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अलग-अलग स्तर पर तैनात IFS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं. अतिरिक्त पदभार मिलने वाले अधिकारी अपने मौजूदा पद के साथ दूसरी जिम्मेदारी भी संभालेंगे. इस प्रशासनिक फेरबदल का असर वन प्रबंधन, वन्यजीव संरक्षण, टैरिटोरियल कार्य और विभागीय प्रशासन से जुड़े कामों पर पड़ने की संभावना है. सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालनी होंगी. प्रमोशन के बाद हुए इस फेरबदल को वन विभाग के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है.
स्कूल में वॉटर कूलर से करंट लगा, 10 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत
श्रीगंगानगर के सादुलशहर के बाल भारती स्कूल में 10 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि बच्चे को वॉटर कूलर में करंट लग गया, जिससे उसकी जान चली गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मृतक बच्चे के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि वॉटर कूलर से जुड़ी समस्या को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कथित तौर पर समस्या को दूर नहीं किया गया. इसी बीच बच्चे के साथ हादसा हो गया. घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. परिजनों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. मामले को लेकर पुलिस और संबंधित अधिकारियों के स्तर पर जांच की जानकारी सामने आनी बाकी है. हादसे के बाद स्कूल में बच्चों की सुरक्षा और बिजली उपकरणों की जांच को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं.
बालिका सैनिक स्कूल में 80 छात्राओं के लिए सिर्फ 4 बाथरूम, आक्रोश
बीकानेर के जयमलसर स्थित बालिका सैनिक स्कूल में सुविधाओं की कमी को लेकर अभिभावकों में आक्रोश है. अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल में करीब 80 छात्राओं के लिए केवल चार बाथरूम हैं. इसके अलावा शुद्ध पेयजल, पौष्टिक भोजन, सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त स्टाफ को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं. इन समस्याओं को लेकर अभिभावकों ने शिक्षा अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है. अभिभावकों ने प्रशासन को 15 अगस्त तक व्यवस्थाएं सुधारने का समय दिया है. उनका कहना है कि यदि तय समय तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 23 अगस्त को छात्राओं को सामूहिक रूप से स्कूल से घर ले जाया जाएगा. अभिभावकों ने स्कूल में छात्राओं की मूलभूत जरूरतों और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की मांग की है. अब शिक्षा विभाग और स्कूल प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजर है.
20 की बोतल 35 में बेची, रेस्टोरेंट पर 15 हजार का जुर्माना
बीकानेर में पानी की बोतल पर निर्धारित कीमत से 15 रुपये अधिक वसूलना एक रेस्टोरेंट संचालक को भारी पड़ गया. मामले में उपभोक्ता आयोग ने होटल फरिश्ता गार्डन एंड कैफे पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है. मामला परिवादी हिमांशू गौतम से जुड़ा है. आरोप है कि रेस्टोरेंट में 20 रुपये कीमत वाली पानी की बोतल के लिए उनसे 35 रुपये वसूले गए. यानी बोतल की कीमत से 15 रुपये अधिक लिए गए. इसके बाद उपभोक्ता ने मामले को लेकर शिकायत की और मामला उपभोक्ता आयोग तक पहुंचा. सुनवाई के बाद आयोग ने रेस्टोरेंट संचालक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया. आयोग ने जुर्माने की राशि का भुगतान दो महीने के भीतर करने के निर्देश दिए हैं. इस कार्रवाई के बाद निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूलने वाले प्रतिष्ठानों को लेकर उपभोक्ता अधिकारों की चर्चा फिर तेज हो गई है.
राकेश प्रजापत का बड़ा खुलासा, एमपी से लाता था हथियार और कारतूस
बीकानेर में नारको-आर्म्स सिंडिकेट के सरगना राकेश प्रजापत को लेकर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार राकेश पहले मध्य प्रदेश से पिस्टल, कारतूस और मैगजीन लेकर राजस्थान में सप्लाई करता था. बाद में ड्रोन ड्रॉपिंग के जरिए सीमा क्षेत्र में हेरोइन और हथियार मंगाने के नेटवर्क से भी जुड़ गया. ब्यावर पुलिस के अनुसार 9 अगस्त को जानलेवा हमले के मामले में गिरफ्तार आरोपियों को राकेश प्रजापत और प्रह्लाद सिंह ने हथियार व कारतूस उपलब्ध कराए थे. फिलहाल राकेश बॉर्डर पर हेरोइन और हथियारों की ड्रोन ड्रॉपिंग से जुड़े मामले में पुलिस रिमांड पर है. पुलिस उससे नेटवर्क और हथियार सप्लाई के संबंध में पूछताछ कर रही है. राकेश के खिलाफ पहले से 22 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं. पुलिस को पूछताछ में सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों और वारदातों के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है.
सिरोही में OCF जमीन पर कब्जे की शिकायत, मामला सीएमओ तक पहुंचा
सिरोही में क्षेत्रपाल कॉलोनी की OCF जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला अब मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच गया है. कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत करने और मौके की रिपोर्ट व जरूरी सबूत देने के बावजूद नगर परिषद की ओर से कार्रवाई नहीं की गई. शिकायतकर्ताओं के अनुसार उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया था, लेकिन इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ. कॉलोनीवासियों का आरोप है कि आयुक्त जोधाराम ने भी उन्हें कार्रवाई को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया. जिला कलेक्टर के संज्ञान में मामला लाए जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का दावा किया गया है. अब कॉलोनीवासियों ने सीएमओ को पत्र भेजकर पूरे मामले में हस्तक्षेप और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के साथ कथित अतिक्रमण से जुड़े सबूत भी भेजे गए हैं.
दौसा में शिवभक्ति का अनूठा नजारा, 365 सीढ़ियों पर कनक दंडवत
दौसा में सावन की चतुर्दशी पर दौसा में शिवभक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला. पंच महादेव की नगरी दौसा के नीलकंठ महादेव मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु कनक दंडवत लगाते हुए पहुंचे. कई महिला श्रद्धालुओं ने मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 365 सीढ़ियों पर कनक दंडवत की. श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था देखने को मिली. सावन के तेरहवें दिन मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही बनी रही. सावन की चतुर्दशी को कई श्रद्धालु सावन की शिवरात्रि के रूप में भी मानते हैं. इस दौरान मंदिर में पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. कनक दंडवत की कठिन साधना के बावजूद महिला श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ. सावन के महीने में नीलकंठ महादेव मंदिर में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है.
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 11, 2026, 08:47 IST



