Dhurandhar 2 Box Office Day 36: ‘धुरंधर 2’ की 5वें हफ्ते भी धाक बरकरार, थमने का नाम नहीं ले रहा क्रेज, 36 दिनों में फिल्म ने की रिकॉर्डतोड़ कमाई

Last Updated:April 24, 2026, 07:30 IST
रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर 2 का बॉक्स ऑफिस पर विजय रथ रुकने का नाम नहीं ले रहा है. यह अभी भी नोट छाप रही है. इस स्पाई थ्रिलर ने पिछले 36 दिनों में भारत में 1100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर माधवन और सारा अर्जुन जैसे कलाकारों ने भी अपनी दमदार अदाकारी से जान फूंकी है. पांचवें हफ्ते में भी फिल्म का क्रेज दर्शकों के बीच बरकरार है.
नई दिल्ली. रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा बरकरार है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई एक्शन थ्रिलर ने सिनेमाघरों में अपने पांच हफ्ते पूरे कर लिए हैं. हालिया रिलीज नई फिल्मों की वजह से पिछले कुछ दिनों में फिल्म के कलेक्शन में गिरावट जरूर आई है.
दर्शकों के बीच इस स्पाई थ्रलर फिल्म का क्रेज इस कदर है कि पांचवें हफ्ते में भी इसने सम्मानजनक कमाई की है. आइए जानते हैं कि पांचवें सप्ताह के अंत तक रणवीर सिह की फिल्म धुरंधर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर कुल कितने करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है.
सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ अपनी रिलीज के 36वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर पैर जमाए हुए है. फिल्म ने 36वें दिन 1.40 करोड़ का कारोबार किया, जिसके साथ ही इसके पांचवें हफ्ते की कुल कमाई 19.47 करोड़ तक पहुंच गई है.
Add as Preferred Source on Google
इस तरह अब तक इस स्पाई थ्रिलर ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कुल 1122.49 करोड़ नेट और 1343.56 करोड़ का ऐतिहासिक ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है. पहले हफ्ते में इसने 674.17 करोड़ की तूफानी कमाई की थी, जो दूसरे हफ्ते में 263.65 करोड़ रही. तीसरे हफ्ते में फिल्म ने 110.60 करोड़ का बिजनेस किया.
धुरंधर 2 फिल्म ने चौथे हफ्ते 54.70 करोड़ बटोरे. हालांकि, पिछले हफ्ते सिनेमाघरों में अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ की एंट्री से ‘धुरंधर 2’ की रफ्तार पर थोड़ा ब्रेक लगा है. अक्षय की हॉरर-कॉमेडी फिलहाल दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है, जिसने अपने पहले हफ्ते में ही 80 करोड़ से ज्यादा का शानदार बिजनेस किया है.
कमाल की बात है कि ‘धुरंधर 2’ बॉलीवुड की पहली फिल्म बन गई है जिसमें भारत में 1100 करोड़ क्लब में एंट्री मारी है. वर्ल्डवाइ़ड कलेक्शन की बात करें तो ‘धुरंधर 2’ अब तक दुनियाभर में 1780 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस कर चुकी है और यह साल 2026 की सबसे कमाऊ इंडियन मूवी बन चुकी है.
‘धुरंधर: द रिवेंज’ को आदित्य धर ने न सिर्फ लिखा और निर्देशित किया है, बल्कि लोकेश धर और ज्योति देशपांडे के साथ मिलकर प्रोड्यूस भी किया है. यह फिल्म जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले बनी है. दिसंबर 2025 में आई इसके पहले पार्ट ने दुनियाभर में लगभग 1300 करोड़ का धुआंधार कलेक्शन किया था और इसे दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स ने भी खूब सराहा था.
फिल्म की कहानी भारतीय जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पाकिस्तान के कराची में वहां के क्रिमिनल और पॉलिटिकल अंडरवर्ल्ड के भीतर घुसपैठ करता है. फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसकी स्क्रिप्ट में 1999 का IC-814 हाईजैकिंग कांड, 2001 का संसद हमला, 26/11 मुंबई हमले और ऑपरेशन ल्यारी जैसी कई वास्तविक घटनाओं और जियोपॉलिटिकल तनाव को बड़ी खूबसूरती से पिरोया गया है. यही वजह है कि यह फिल्म दर्शकों को अंत तक अपनी कुर्सी से बांधे रखती है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
April 24, 2026, 07:30 IST



