Thalapathi Vijay Floor Test LIVE: थलापति विजय को डीएमडीके नहीं देगी समर्थन, DMK ने विश्वास मत का बहिष्कार किया

होमताजा खबरदेश
थलापति विजय को डीएमडीके नहीं देगी समर्थन, DMK ने विश्वास मत का बहिष्कार किया
Last Updated:May 13, 2026, 11:28 IST
Thalapathi Vijay Floor Test LIVE: तमिलनाडु में थलापति विजय की टीवीके सरकार आज विधानसभा में फ्लोर टेस्ट देगी. कांग्रेस, वाम दलों और एआईएडीएमके के एक धड़े के समर्थन से बहुमत लगभग तय माना जा रहा है.
तमिलनाडु में थलापति विजय की सरकार आज फ्लोर टेस्ट का सामना करेगी.
Thalapathi Vijay Floor Test LIVE: तमिलनाडु की थलापति विजय सरकार के लिए बुधवार का दिन बहुत बड़ा साबित होने वाला है. आज उनकी सरकार विधानसभा में बहुमत साबित करेगी. राज्य विधानसभा में 107 सीटें जीतने वाली विजय की पार्टी टीवीके कांग्रेस, वाम दलों और अन्य के समर्थन के साथ सरकार बनाने में सफल हुई है. थलापति विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्रे आर्लेकर के समक्ष 120 विधायकों से अधिक विधायकों के समर्थन की सूची पेश की थी तभी उनको सरकार बनाने का मौका मिला. इसके बाद राज्य की दूसरी अहम पार्टी एआईएडीएमके भी दो फाड़ हो गई है. उसके एक धड़े ने थलापति विजय का समर्थन करने का फैसला किया है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि थलापति सहज तरीके से बहुमत हासिल करे लेंगे.
DMK Boycotts Trust Vote: डीएमके ने विश्वास मत का बहिष्कार किया
DMK Boycotts Trust Vote: तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके सरकार के विश्वास मत को लेकर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है. विपक्षी दल DMK ने मतदान प्रक्रिया का बहिष्कार करते हुए सदन से वॉकआउट करने का फैसला किया. DMK नेता उदयनिधि स्टालिन ने सदन में कहा कि उनकी पार्टी इस फ्लोर टेस्ट में हिस्सा नहीं लेगी और मतदान से पूरी तरह अलग रहेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने सत्ता पक्ष को वोट दिया था, अब उन्हें लगने लगा है कि उन्होंने गंभीर गलती की है. उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि हम DMK के सदस्य सदन से वॉकआउट कर रहे हैं और इस वोटिंग प्रक्रिया में भाग नहीं लेंगे. इस फैसले के बाद विधानसभा का राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है. विपक्ष के बहिष्कार से सरकार के विश्वास मत की वैधता और समर्थन संख्या को लेकर नई बहस शुरू हो गई है. तमिलनाडु की राजनीति में यह घटनाक्रम आने वाले दिनों में और बड़े राजनीतिक बदलावों का संकेत दे सकता है.
Thalapathi Vijay Floor Test LIVE: थलापति विजय सरकार का विरोध करेंगे AIADMK के सभी विधायक- पलानीस्वामी
Thalapathi Vijay Floor Test LIVE: तमिलनाडु विधानसभा में टीवीके सरकार के खिलाफ राजनीतिक टकराव तेज हो गया है. एआईएडीएमके प्रमुख ई पलानीस्वामी ने स्पष्ट कहा है कि उनकी पार्टी टीवीके के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव और विश्वास मत दोनों का विरोध करेगी. पलानीस्वामी ने कहा कि AIADMK के 47 विधायक पार्टी लाइन पर रहकर एकजुट रूप से टीवीके सरकार के खिलाफ वोट करेंगे. उन्होंने विधानसभा में बढ़ते मतभेदों और राजनीतिक अराजकता पर चिंता जताते हुए कहा कि किसी भी मुख्यमंत्री का एक गुट का समर्थन करना सही नहीं है. उन्होंने आगे सवाल उठाया कि जब सदन में असहमति साफ दिखाई दे रही है, तब सरकार द्वारा एक पक्ष का समर्थन करना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है. पलानीस्वामी ने दोहराया कि हम इस प्रस्ताव का विरोध करते हैं और AIADMK के सभी सदस्य इसके खिलाफ मतदान करेंगे. इस बयान के बाद तमिलनाडु की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है, जिससे विधानसभा में निर्णायक वोटिंग का माहौल और भी दिलचस्प हो गया है.
Thalapathi Vijay Floor Test LIVE: थलापति विजय को किन-किन दलों ने दिया समर्थन
Thalapathi Vijay Floor Test LIVE: तमिलनाडु विधानसभा में हुए ट्रस्ट वोट के दौरान कई प्रमुख दलों ने टीवीके सरकार को समर्थन देने की घोषणा की है. मतदान प्रक्रिया के दौरान सबसे पहले मुस्लिम लीग ने खुलकर टीवीके के पक्ष में समर्थन की घोषणा की. पार्टी ने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की गलत रणनीतियों को रोकने और राज्य में गवर्नर शासन की स्थिति बनने से बचाने के लिए यह कदम जरूरी है. इसके अलावा वीसीके ने भी टीवीके को समर्थन दिया और सरकार से महाराष्ट्र व कर्नाटक की तरह राज्य में अंधविश्वास विरोधी कानून लाने की मांग की. वहीं माकपा और कांग्रेस ने भी विधानसभा में टीवीके सरकार के पक्ष में वोट देने की घोषणा की. इन दलों के समर्थन से टीवीके को राजनीतिक मजबूती मिलती दिख रही है और राज्य की सत्ता समीकरणों में महत्वपूर्ण बदलाव के संकेत मिल रहे हैं.
DMDK Denies Support To TVK: फ्लोर टेस्ट से पहले थलापति विजय को झटका? डीएमडीके ने समर्थन से किया इनकार
DMDK Denies Support To TVK: तमिलनाडु की राजनीति में जारी हलचल के बीच DMDK ने मुख्यमंत्री थलापति विजय की टीवीके सरकार को समर्थन देने से इनकार कर दिया है. साथ ही पार्टी ने मुख्यमंत्री कार्यालय में एक ज्योतिषी की नियुक्ति को लेकर विजय पर निशाना साधा है. डीएमडीके की विधायक प्रेमलता विजयकांत ने कहा कि ज्योतिषी राजन पंडित को मुख्यमंत्री का OSD नियुक्त किया गया है, जिसका वह तमिलनाडु की जनता की ओर से विरोध करती हैं. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वह आपके गुरु हैं तो उन्हें निजी स्तर पर रखिए. युवाओं ने आपको वोट दिया है. आपको बताना चाहिए कि आप नई पीढ़ी और भविष्य के सामने कैसी मिसाल पेश कर रहे हैं. आखिर आप क्या संदेश देना चाहते हैं? प्रेमलता विजयकांत ने कहा कि तमिलनाडु हमेशा सामाजिक न्याय और तर्कवादी राजनीति की पहचान रहा है. ऐसे में सरकार में ज्योतिषी की नियुक्ति कई सवाल खड़े करती है. डीएमडीके के इस रुख को विजय सरकार के लिए राजनीतिक झटका माना जा रहा है, खासकर उस समय जब विधानसभा में शक्ति परीक्षण को लेकर सियासी माहौल गरमाया हुआ है. हालांकि टीवीके की ओर से इस बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. डीएमडीके के पास एक विधायक है.
Thalapathi Vijay Floor Test LIVE: AIADMK के बागी विधायकों ने विजय सरकार को दिया समर्थन
Thalapathi Vijay Floor Test LIVE: तमिलनाडु की राजनीति में जारी उथल-पुथल के बीच AIADMK अब बड़े सियासी संकट का सामना कर रही है. पार्टी में टूट की स्थिति बनती दिख रही है और एक बड़ा धड़ा मुख्यमंत्री थलापति विजय की सरकार के समर्थन में आ गया है. मंगलवार को AIADMK के कई विधायकों ने पार्टी प्रमुख ईके पलानीस्वामी के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया. बागी विधायकों ने आरोप लगाया कि पलानीस्वामी अपनी कट्टर प्रतिद्वंद्वी डीवीके के साथ गठबंधन करने की कोशिश कर रहे हैं. इसके विरोध में बागी गुट ने विजय सरकार को फ्लोर टेस्ट से पहले समर्थन देने का ऐलान कर दिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 30 विधायक इस बागी खेमे के साथ बताए जा रहे हैं.
Thalapathi Vijay Floor Test LIVE: फ्लोर टेस्ट से पहले विजय को राहत, समर्थन का आंकड़ा पहुंचा 120 के पार
Thalapathi Vijay Floor Test LIVE: तमिलनाडु की राजनीति में तेजी से उभरी टीवीके के लिए फ्लोर टेस्ट से पहले राहत भरी खबर सामने आई है. मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली पार्टी के पास अब बहुमत साबित करने के लिए 120 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है. फिलहाल विधानसभा में टीवीके के पास 107 विधायक हैं. तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट छोड़ने के बाद यह संख्या बनी है. इसके अलावा कांग्रेस, मुस्लिम लीग, वीसीके, भाकपा और माकपा के कुल 15 विधायकों ने भी विजय सरकार को समर्थन दिया है. हालांकि, मद्रास हाईकोर्ट ने टीवीके विधायक श्रीनिवासा सेतुपति को फ्लोर टेस्ट में विधायक के रूप में हिस्सा लेने से रोक दिया है. इससे विजय खेमे को एक झटका लगा था. इसी बीच एएमएमके विधायक एस कामराज ने भी विजय सरकार को समर्थन देने का ऐलान कर दिया. खास बात यह है कि इससे पहले उन्होंने जालसाजी के आरोप लगाए थे. अब उनके समर्थन से विजय के पक्ष में कुल संख्या 120 के पार पहुंच गई है.



