NEET UG 2026 LIVE: नीट पेपर लीक में बायोलॉजी टीचर गिरफ्तार, इससे पहले ब्यूटी पार्लर वाली पर कसा शिकंजा

नई दिल्ली (NEET UG 2026 LIVE Updates). देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 को लेकर पूरे देश में घमासान मचा हुआ है. एक तरफ जहां सीबीआई नीट यूजी पेपर लीक घोटाले की जड़ों तक पहुंचने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने प्रभावित छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है. नीट यूजी पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई के हाथों में है. सूत्रों की मानें तो हाल ही में बायोलॉजी टीचर मनीषा मंधारे को गिरफ्तार किया गया है.
NEET UG 2026 LIVE: मनीषा वाघमारे की गिरफ्तारी के बाद अब मनीषा मंधारे की गिरफ्तारी
नीट यूजी 2026 लाइव: मनीषा वाघमारे के बाद अब मनीषा मंधारे को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने बायोलॉजी की प्रोफेसर मनीषा मंधारे को गिरफ्तार किया. यह अपडेट जांच एजेंसी सीबीआई के सूत्र के मुताबिक है.
NEET UG 2026 LIVE: मनीषा का नया बैंक अकाउंट सीज
नीट यूजी 2026 लाइव: नीट घोटाले में पैसों के लेन-देन को लेकर सीबीआई के हाथ बड़ा वित्तीय सबूत लगा है. जांच में सामने आया है कि नीट के पेपर बेचने और छात्रों से लाखों रुपये वसूलने के लिए आरोपी मनीषा वाघमारे के नाम पर हाल ही में नया बैंक खाता खुलवाया गया था, जिसमें मोटी रकम ट्रांसफर की गई थी. सीबीआई ने इस संदिग्ध बैंक अकाउंट का पता लगाकर इसे तत्काल प्रभाव से सीज (फ्रीज) कर दिया है.
NEET 2026 Paper Leak Case LIVE: पुणे के इंस्टीट्यूट में लगी थी ‘सीक्रेट क्लास’
नीट यूजी 2026 लाइव: सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, पीवी कुलकर्णी, मनीषा वाघमारे और फरार चल रहे दोनों लेक्चरर ने पुणे के एक इंस्टीट्यूट में छात्रों के लिए सीक्रेट कोऑर्डिनेशन क्लास आयोजित की थी. इस क्लास में कड़े पहरे के बीच चारों आरोपियों ने मिलकर छात्रों को लीक प्रश्नपत्र के सवाल और उनके बिल्कुल सटीक जवाब बोल-बोलकर उनकी नोटबुक में नोट करवाए थे, ताकि कोई डिजिटल सबूत पीछे न छूटे.
NEET UG 2026 Paper Leak LIVE: अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन, समानता के अधिकार पर हमला
नीट यूजी पेपर लीक 2026 लाइव: याचिका में पेपर लीक को गंभीर संवैधानिक संकट बताया गया है. याचिकाकर्ताओं के मुताबिक, राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में बार-बार होने वाले पेपर लीक और बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां देश के युवाओं के मौलिक अधिकारों का हनन हैं. यह सीधा हमला भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) और अनुच्छेद 21 (जीवन और रोजगार के अधिकार) पर है, जिसे अदालत को तुरंत रोकना चाहिए.
NEET UG 2026 LIVE: एनटीए पर नाकामी के गंभीर आरोप
नीट यूजी 2026 लाइव: याचिका में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया गया है कि वह नीट-यूजी 2026 परीक्षा को निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने में लगातार और बेहद गंभीर रूप से विफल रही है. कोर्ट को बताया गया कि नीट देश में मेडिकल एडमिशन का एकमात्र रास्ता है, जिससे देश के 22.7 लाख से ज्यादा मासूम और होनहार छात्रों का करियर और भविष्य सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है.
NEET 2026 Paper Leak Case LIVE: ‘Zero Leak Integrity’ के लिए कोर्ट की निगरानी में बनेगी कमेटी
नीट यूजी 2026 लाइव: परीक्षाओं को फुलप्रूफ और सुरक्षित बनाने के लिए याचिका में सुप्रीम कोर्ट से एक विशेष कमेटी गठित करने की मांग की गई है. यह कमेटी शीर्ष अदालत की सीधी निगरानी में काम करेगी और आने वाले समय में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के ट्रांजिशन (बदलाव के दौर) को सुपरवाइज करेगी, जिससे भविष्य में सभी परीक्षाएं “जीरो लीक इंटीग्रिटी” (शून्य पेपर लीक) के साथ पूरी शुचिता से कराई जा सकें.
NEET UG 2026 Paper Leak LIVE: संसद के कानून से नई वैधानिक संस्था बनाने की पैरवी
नीट यूजी पेपर लीक 2026 लाइव: दाखिल की गई पीआईएल (PIL) में केंद्र सरकार को कड़ा निर्देश देने की मांग की गई है. याचिकाकर्ताओं का कहना है कि सरकार को संसद में विशेष कानून लाना चाहिए, जिसके जरिए एक मजबूत वैधानिक नेशनल टेस्टिंग बॉडी (Statutory National Testing Body) का गठन हो. इस नई संस्था के पास स्पष्ट कानूनी अधिकार, कड़े पारदर्शिता नियम और सीधे संसद के प्रति जवाबदेही होनी चाहिए.
NEET UG 2026 LIVE: एनटीए को भंग करने की उठी मांग
नीट यूजी 2026 लाइव: नीट परीक्षा घोटाले के बीच ‘यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट’ (United Doctors Front) ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. याचिका में सबसे बड़ी मांग यह की गई है कि वर्तमान नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को पूरी तरह से भंग कर दिया जाए. डॉक्टर्स फ्रंट का तर्क है कि सोसाइटीज रजिस्ट्रेशन एक्ट, 1860 के तहत बनी एनटीए अब देश की इतनी बड़ी परीक्षाओं को कराने की साख खो चुकी है.
NEET UG 2026 Paper Leak LIVE: एनटीए कनेक्शन का हुआ पर्दाफाश
नीट यूजी पेपर लीक 2026 लाइव: जांच में जो सबसे गंभीर बात सामने आई है, वो यह है कि पीवी कुलकर्णी के साथ मिलकर धांधली करने वाले दोनों फरार लेक्चरर भी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के साथ नीट परीक्षा की बेहद गोपनीय प्रक्रियाओं से सीधे जुड़े हुए थे. इसी विभागीय पहुंच (VIP एक्सेस) का फायदा उठाकर इस गिरोह ने परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र हासिल कर लिया था, जिसने अब एनटीए के पूरे सिक्योरिटी सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है.
NEET UG 2026 LIVE: सीबीआई पूछताछ में बड़े खुलासे
नीट यूजी 2026 लाइव: नीट पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड और रिटायर्ड केमिस्ट्री टीचर पीवी कुलकर्णी से हुई पूछताछ के बाद इस घोटाले में एक नया और बड़ा मोड़ आ गया है. जांच एजेंसी को पता चला है कि इस साजिश में दो और लेक्चरर मुख्य रूप से शामिल थे, जो पुणे और लातूर के प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्यरत हैं. सीबीआई ने इन दोनों फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए महाराष्ट्र के कई ठिकानों पर अपनी छापेमारी तेज कर दी है.
NEET UG 2026 Paper Leak LIVE: ऋषि बिवाल का खराब प्रदर्शन
नीट यूजी पेपर लीक 2026 लाइव: सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि नीट यूजी परीक्षा से पहले ही पूरा प्रश्नपत्र हाथ में आ जाने के बावजूद दिनेश का बेटा ऋषि बिवाल परीक्षा में कोई बड़ा तीर नहीं मार पाया. उसने लीक पेपर की मदद से परीक्षा तो दी, लेकिन वह पूरे 720 अंकों में से मात्र 107 नंबर ही हासिल करने में कामयाब रहा.
NEET UG 2026 LIVE: 10 लाख रुपये की बड़ी डील
नीट यूजी 2026 लाइव: आरोपी दिनेश बिवाल ने केंद्रीय जांच एजेंसी के सामने यह बात स्वीकार की है कि उसने अपने बेटे ऋषि बिवाल के लिए नीट का लीक प्रश्नपत्र हासिल किया था. इसके लिए करीब 10 लाख रुपये की डील पक्की की थी. यह रकम परीक्षा से ठीक पहले एजेंट्स के एक नेटवर्क को ट्रांसफर की गई थी.
NEET UG 2026 Paper Leak LIVE: दिनेश बिवाल की गिरफ्तारी
नीट यूजी पेपर लीक 2026 लाइव: राजस्थान के सीकर से सीबीआई ने दिनेश बिवाल नाम के एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में बेहद चौंकाने वाले राज उगले हैं. दिनेश पर आरोप है कि उसने मेडिकल प्रवेश परीक्षा का गोपनीय प्रश्नपत्र लीक करवाने के लिए बिचौलियों को भारी-भरकम रकम का भुगतान किया था ताकि अपने बेटे को डॉक्टर बना सके.
NEET UG 2026 LIVE: नीट यूजी परीक्षा कब हुई थी?
नीट यूजी 2026 लाइव: नीट यूजी परीक्षा 03 मई 2026 को हुई थी. कुछ लोगों ने नीट यूजी पेपर लीक होने की आशंका जाहिर की थी. उसके बाद एनटीए ने जांच शुरू की और बात सही साबित होने पर केस सीबीआई को सौंप दिया गया.
NEET UG 2026 LIVE: सीबीआई की तफ्तीश में तेजी
नीट यूजी 2026 लाइव: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट-यूजी) 2026 के पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने अपनी जांच की रफ्तार दोगुनी कर दी है. जांच एजेंसी को इस घोटाले के पीछे बहुत बड़े अंतरराज्यीय गिरोह के शामिल होने का पुख्ता अंदेशा है, जो पिछले कई सालों से देश की बड़ी परीक्षाओं में सेंध लगा रहा है.



