तीन बच्चों को छोड़ प्रेमी के पास पहुंची, शिक्षक ने झांसा देकर 4 साल तक किया शोषण, अब भटक रही महिला

Last Updated:May 16, 2026, 20:20 IST
Jhunjhunu Live-in Relationship Cheating Case: झुंझुनूं में मध्यप्रदेश की एक महिला ने हरियाणा के शिक्षक पर चार साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रखकर दुष्कर्म और धोखा देने का आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि शादी के वादे पर उसने अपने पति को तलाक दिया और तीन बच्चों को छोड़ दिया. आरोपी शिक्षक ने लिव-इन रिलेशनशिप का इकरारनामा बनवाकर उसे भरोसे में रखा और उसके दस्तावेज व मोबाइल भी अपने पास रख लिए. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे झुंझुनूं और हरियाणा में रखकर गुमराह किया और बाद में घर से निकाल दिया, जिससे वह शक्ति सदन में रहने को मजबूर है. महिला का कहना है कि पुलिस उसे अलग-अलग राज्यों में शिकायत करने की बात कहकर टाल रही है. फिलहाल वह न्याय की मांग को लेकर लगातार परेशान है और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रही है.
ख़बरें फटाफट
झुंझुनूं में महिला ने हरियाणा के शिक्षक पर चार साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रखकर दुष्कर्म और धोखा देने का आरोप लगाया है
झुंझुनूं. मध्यप्रदेश निवासी एक महिला ने हरियाणा के रहने वाले एक शिक्षक पर चार साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रखकर दुष्कर्म और धोखा देने का गंभीर आरोप लगाया है. महिला का कहना है कि प्रेम संबंधों पर भरोसा कर उसने अपने पति को तलाक दे दिया और अपने तीन बच्चों को भी छोड़ दिया, लेकिन अब उसे न तो इंसाफ मिल रहा है और न ही कोई सहारा. पीड़िता पिछले 10 से 15 दिनों से झुंझुनूं कोतवाली और एसपी कार्यालय के चक्कर काट रही है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से वह परेशान है.
पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2022 में मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में आरोपी शिक्षक की पोस्टिंग के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी. धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं और शिक्षक ने उससे शादी करने का वादा किया. इसी भरोसे पर महिला ने बड़ा फैसला लेते हुए अपने परिवार को छोड़ दिया और उसके साथ रहने लगी. शुरुआत में दोनों मध्यप्रदेश में साथ रहे और बाद में शिक्षक उसे झुंझुनूं ले आया, जहां चूरू रोड स्थित एक किराए के मकान में दोनों साथ रहने लगे.
लिव-इन रिलेशनशिप का इकरारनामा तैयार कर गुमराह किया
महिला के अनुसार, करीब तीन साल तक साथ रहने के बावजूद जब आरोपी ने शादी नहीं की तो उसने दबाव बनाना शुरू किया. आरोप है कि इसके बाद शिक्षक उसे हरियाणा के महेंद्रगढ़ ले गया, जहां उससे लिव-इन रिलेशनशिप का इकरारनामा तैयार करवाया गया और उसे फिर से भरोसे में लिया गया. महिला का कहना है कि यह सब सिर्फ उसे बांधे रखने और गुमराह करने के लिए किया गया. पीड़िता ने आरोप लगाया कि बाद में शिक्षक ने उसे किराए के मकान से भी निकलवा दिया. इसके बाद से वह मजबूर होकर झुंझुनूं स्थित शक्ति सदन में रह रही है. महिला ने बताया कि अब उसके सामने रहने और भविष्य दोनों की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है. वह न तो वापस मध्यप्रदेश जा सकती है और न ही आरोपी उसे अपनाने को तैयार है.
न्याय की मांग को लेकर पीड़िता लगा रही है चक्कर
महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी शिक्षक उसके जरूरी दस्तावेज और पुराना मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया, जिसमें उनके रिश्ते और बातचीत से जुड़े अहम सबूत मौजूद थे. पीड़िता का कहना है कि पुलिस उसे कभी मध्यप्रदेश तो कभी हरियाणा जाकर शिकायत करने की बात कह रही है, जिससे वह लगातार भटकने को मजबूर है. बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले का निवासी है और वर्तमान में झुंझुनूं में कार्यरत है. वह पहले मध्यप्रदेश में पदस्थापित था और वहीं से इस मामले की शुरुआत हुई थी. फिलहाल पीड़िता न्याय की मांग को लेकर लगातार अधिकारियों के चक्कर लगा रही है.About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jhunjhunu,Rajasthan



