World

Venezuela Earthquake Live: वेनेजुएला भूकंप में अब तक 32 लोगों की मौत, 700 से ज्यादा घायल

Venezuela Earthquake Today Live: वेनेजुएला के उत्तरी तट के पास गुरुवार को जोरदार भूकंप के झटके लगे. 7.5 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कारण दहशत फैल गई. राजधानी कराकास में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और कुछ इमारतें ढह गईं. भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग अपने परिवार और पालतू जानवरों के साथ घरों और दफ्तरों से निकलकर सड़कों पर आ गए. घटना के बाद के वीडियो में दिख रहा है कि इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं. हाल ये है कि कई इमारतें जो पूरी तरह गिरी नहीं हैं तो वह झुक गई है. यानी अब उनके बचनेसे भी कोई फर्क नहीं पड़ता. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि अमेरिका वेनेजुएला की मदद करेगा. उन्होंने वेनेजुएला को नया दोस्त बताया.

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक मुख्य भूकंप की तीव्रता 7.5 मापी गई. इससे ठीक 40 सेकंड पहले 7.2 तीव्रता का एक झटका भी आया था, जिसे फोरशॉक माना जा रहा है. भूकंप का केंद्र मोंटालबान से करीब 28 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था. इसी इलाके में वेनेजुएला की कई बड़ी तेल रिफाइनरियां भी स्थित हैं.

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कराकास की कई इमारतों के ढहने और दीवारों के टूटने के दृश्य दिखाई दिए. कई इलाकों में धूल का गुबार छा गया. बड़े पैमानों के मौत की आशंका जताई जा रही है. भूकंप के बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने शुरुआत में प्यूर्टो रिको और वर्जिन आइलैंड्स समेत आसपास के इलाकों के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया था. बाद में हालात की समीक्षा के बाद इस चेतावनी को वापस ले लिया गया और साफ किया कि फिलहाल सुनामी का कोई खतरा नहीं है.

Venezuela Earthquake Live: वर्ल्ड सेंट्रल किचन के संस्थापक ने राहत के लिए 10 लाख डॉलर दान का ऐलान

वेनेजुएला भूकंप लाइव: मशहूर शेफ और समाजसेवी जोस एंड्रेस ने भूकंप प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपने लॉन्गर टेबल्स फंड से 10 लाख डॉलर की तत्काल सहायता देने की घोषणा की है. स्पेनिश-अमेरिकी शेफ और समाजसेवी जोस एंड्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घोषणा की कि वे वेनेजुएला में भूकंप राहत कार्यों के लिए अपने Longer Tables Fund के जरिए तुरंत 10 लाख डॉलर का योगदान देंगे. उन्होंने कहा कि यह राशि प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और मानवीय सहायता के लिए इस्तेमाल की जाएगी.

Venezuela Earthquake Live: भूकंप से 32 लोगों की मौत, 700 घायल

वेनेजुएला भूकंप लाइव: कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बताया है कि दो शक्तिशाली भूकंपों में अब तक कम से कम 32 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 700 लोग घायल हुए हैं. वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बताया कि बुधवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों में अब तक कम से कम 32 लोगों की जान जा चुकी है और 700 लोग घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है तथा मृतकों और घायलों की संख्या अभी और बढ़ सकती है. सरकार के मुताबिक सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं. कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है और आपातकालीन एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य तेजी से चला रही हैं.

Venezuela Earthquake Live: कराकास में इमारतें ढहने से 3 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

वेनेजुएला भूकंप लाइव: राजधानी कराकास में भूकंप के बाद दो इमारतें ढहने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है. राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं. कराकास के बारूटा नगर के मेयर डार्विन गोंजालेज ने बताया कि लास मिनास इलाके में दो इमारतें ढहने से तीन लोगों की मौत हुई है. उन्होंने कहा कि फिलहाल नगर क्षेत्र में यही सबसे बड़ी घटना सामने आई है. पुलिस और सिविल प्रोटेक्शन की टीमें प्रभावित इलाके में तैनात हैं और लोगों की मदद कर रही हैं. भूकंप के बाद कराकास के कई हिस्सों में बड़े पैमाने पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. कई इमारतों के ढहने की सूचना के बीच बचावकर्मी मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं.

Venezuela Earthquake Live: पीएम मोदी ने जताया दुख, भारत ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा

Deeply saddened by the devastation caused by the severe earthquakes in Venezuela.

On behalf of the people of India, I extend our heartfelt condolences to the Government and people of Venezuela, especially to the families who have lost their loved ones. We pray for the speedy…

— Narendra Modi (@narendramodi) June 25, 2026

वेनेजुएला भूकंप लाइव: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला के साथ खड़ा है और हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस त्रासदी से हुई तबाही से वह बेहद दुखी हैं. उन्होंने भारत की ओर से वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों, खासकर अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. पीएम मोदी ने कहा कि भारत घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता है और इस मुश्किल समय में वेनेजुएला के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है.

Venezuela Earthquake Live: ट्रंप ने मदद का भरोसा दिया, सभी अमेरिकी एजेंसियों को किया अलर्ट

वेनेजुएला भूकंप लाइव: वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका हरसंभव मदद के लिए तैयार है. उन्होंने सभी सरकारी एजेंसियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद अमेरिका ‘मदद के लिए पूरी तरह तैयार, इच्छुक और सक्षम’ है. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी सरकार की सभी एजेंसियों को तेजी से राहत कार्य शुरू करने की तैयारी करने का निर्देश दिया है. ट्रंप ने लिखा, ‘हम अपने नए और महान दोस्तों के साथ खड़े रहेंगे.’

Venezuela Earthquake Live: ब्राजील तक महसूस हुए भूकंप के झटके

वेनेजुएला भूकंप लाइव: वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के झटके पड़ोसी देश ब्राजील के कई हिस्सों तक महसूस किए गए. ब्राजील सरकार ने कहा है कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है. ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने बताया कि वेनेजुएला में आए लगातार दो शक्तिशाली भूकंपों के झटके देश के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए. सरकार ने कहा कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और फिलहाल वेनेजुएला में किसी ब्राजीली नागरिक के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है. ब्राजील और वेनेजुएला के बीच 2,100 किलोमीटर से अधिक लंबी सीमा लगती है. इसी वजह से सीमावर्ती इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए.

Venezuela Earthquake Live: USGS ने इतनी जल्दी कैसे लगाया 10 हजार मौतों का अनुमान?

वेनेजुएला भूकंप लाइव: अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने बताया कि उसका शुरुआती अनुमान PAGER नाम के एडवांस मॉडल पर आधारित होता है, जो भूकंप के तुरंत बाद संभावित जनहानि का आकलन करता है. वेनेजुएला में लगातार आए दो शक्तिशाली भूकंपों के कुछ ही समय बाद अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने 10 हजार से 1 लाख तक मौतों की आशंका जताई. कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के भूभौतिकी विशेषज्ञ वाशन राइट के मुताबिक यह अनुमान PAGER (Prompt Assessment of Global Earthquake Response) नाम की उन्नत मॉडलिंग प्रणाली के जरिए लगाया जाता है. राइट ने बताया कि यह प्रणाली भूकंप की तीव्रता, गहराई, स्थान, आबादी का घनत्व, उस क्षेत्र के पुराने भूकंपों का रिकॉर्ड और इमारतों की स्थिति जैसे कई कारकों का विश्लेषण कर संभावित नुकसान का अनुमान तैयार करती है.

Venezuela Earthquake Live: लोगों से इमारतों से दूर रहने की अपील

वेनेजुएला भूकंप लाइव: लगातार झटकों के बीच सरकार ने लोगों से अधिकतम सतर्कता बरतने और इमारतों व बड़े पेड़ों से दूर रहने की अपील की है. वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने लोगों से अपील की है कि वे इस समय ‘अधिकतम सतर्कता और सावधानी’ बरतें तथा मौजूदा स्थिति की गंभीरता को समझें. उन्होंने कहा कि लोग बड़े पेड़ों, इमारतों और अन्य कमजोर ढांचों से दूर रहें ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके. काबेलो ने लोगों से कहा कि वे खुले स्थानों पर रहें, शांत रहें और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत देशभर में तैनात राहत एवं बचाव एजेंसियों को दें.

Venezuela Earthquake Live: अमेरिका भेजेगा राहत दल और मेडिकल सहायता, बचाव अभियान में करेगा मदद

वेनेजुएला भूकंप लाइव: दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद अमेरिका ने वेनेजुएला के लिए खोज एवं बचाव दल, मेडिकल सामग्री और मानवीय सहायता भेजने का ऐलान किया है. अमेरिका ने वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद राहत और बचाव अभियान में मदद का फैसला किया है. अमेरिकी विदेश विभाग में विदेशी सहायता मामलों के अवर सचिव जेरेमी लेविन ने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला की अंतरिम सरकार के साझेदारों के साथ मिलकर काम कर रहा है और शुरुआती दिनों में खोज एवं बचाव दल, मेडिकल सामग्री, मानवीय राहत और अन्य जरूरी संसाधन भेजेगा. अमेरिकी उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडाउ ने सोशल मीडिया पर कहा कि इस मुश्किल घड़ी में अमेरिका वेनेजुएला के लोगों के साथ खड़ा है. उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर वेनेजुएला के लोगों की रक्षा करें.

Venezuela Earthquake Live: अगले एक हफ्ते तक आफ्टरशॉक का खतरा, वैज्ञानिकों ने दी चेतावनी

वेनेजुएला भूकंप लाइव: विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक वेनेजुएला में 3, 4 और 5 तीव्रता के आफ्टरशॉक आने की प्रबल संभावना बनी हुई है. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के भूभौतिकी विशेषज्ञ वाशन राइट ने कहा है कि भूकंप के बाद अगले एक सप्ताह तक वेनेजुएला में आफ्टरशॉक आते रहने की 99 प्रतिशत संभावना है. उनके मुताबिक 3 और 4 तीव्रता के झटके लगभग तय माने जा सकते हैं, जबकि 5 तीव्रता का आफ्टरशॉक आने की संभावना 90 प्रतिशत से अधिक है. हालांकि राइट ने कहा कि अगले एक सप्ताह के भीतर 6 या 7 तीव्रता का एक और बड़ा भूकंप आने की संभावना काफी कम है.

Venezuela Earthquake Live: 10 हजार से ज्यादा मौतों की आशंका, USGS का शुरुआती अनुमान

वेनेजुएला भूकंप लाइव: अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने चेतावनी दी है कि शक्तिशाली भूकंप के बाद मृतकों की संख्या 10 हजार से 1 लाख के बीच पहुंच सकती है. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने अपने शुरुआती आकलन में कहा है कि वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद भारी जनहानि और व्यापक तबाही की आशंका है. एजेंसी के मुताबिक मृतकों की संख्या 10 हजार से लेकर 1 लाख तक पहुंच सकती है. USGS ने कहा कि इस आपदा में बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान होने की संभावना है.

Venezuela Earthquake Live: शक्तिशाली भूकंप के बाद इमारतें गिरने और आग का सबसे बड़ा खतरा

वेनेजुएला भूकंप लाइव: भूकंप विशेषज्ञों का कहना है कि इतने शक्तिशाली झटकों के बाद सबसे बड़ा खतरा इमारतों के ढहने के साथ गैस पाइपलाइन और बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचने से आग लगने का होता है. कैलटेक की भूकंप विशेषज्ञ डॉ. लूसी जोन्स ने कहा है कि इतने शक्तिशाली भूकंप के बाद सबसे बड़ा तत्काल खतरा इमारतों और अन्य ढांचों के गिरने का होता है. उन्होंने चेतावनी दी कि घनी आबादी वाले इलाकों में तेज झटकों से गैस पाइपलाइन फट सकती हैं या बिजली व्यवस्था क्षतिग्रस्त हो सकती है, जिससे बड़े पैमाने पर आग लगने का खतरा पैदा हो जाता है.

Venezuela Earthquake Live: भूकंप के बाद वेनेजुएला के समर्थन में उतरे लैटिन अमेरिकी देश

वेनेजुएला भूकंप लाइव: शक्तिशाली भूकंपों के बाद लैटिन अमेरिका के कई देशों ने वेनेजुएला के प्रति एकजुटता जताई है और प्रभावित लोगों के लिए संवेदना व्यक्त की है. वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद अल सल्वाडोर, मेक्सिको, ब्राजील, बोलीविया, कोस्टा रिका और चिली समेत कई देशों ने समर्थन और संवेदना जताई है. अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नायिब बुकेले ने कहा कि इस कठिन समय में उनका देश वेनेजुएला के लोगों के साथ खड़ा है और प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना करता है. वहीं मेक्सिको के विदेश मंत्रालय ने भूकंप से हुए नुकसान पर गहरा दुख जताते हुए वेनेजुएला के लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की. ब्राजील ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की, जबकि बोलीविया ने प्रभावित लोगों के शीघ्र राहत और पुनर्वास की उम्मीद जताई. कोस्टा रिका ने कहा कि वह वेनेजुएला के लोगों के साथ पूरे दिल से खड़ा है. वहीं चिली सरकार ने जरूरत पड़ने पर मानवीय सहायता और बचाव अभियान में सहयोग देने की भी पेशकश की है.

Venezuela Earthquake Live: भूकंप के बाद इंटरनेट सेवा बुरी तरह प्रभावित

वेनेजुएला भूकंप लाइव: शक्तिशाली भूकंपों के बाद वेनेजुएला में बिजली और टेलीकॉम ढांचे को नुकसान पहुंचा है, जिससे राजधानी कराकास समेत कई इलाकों में इंटरनेट कनेक्टिविटी तेजी से गिर गई है. इंटरनेट निगरानी संस्था नेटब्लॉक्स के मुताबिक भूकंप के बाद वेनेजुएला में इंटरनेट सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं. राजधानी कराकास सहित कई हिस्सों में कनेक्टिविटी में तेज गिरावट दर्ज की गई है.

Global Earthquake Live: एक दिन में जापान, वेनेजुएला और अमेरिका में भूकंप, क्या तीनों जुड़े हैं?

ग्लोबल भूकंप लाइव: एक ही दिन जापान, वेनेजुएला और अमेरिका में आए शक्तिशाली भूकंपों के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या इन घटनाओं का आपस में कोई संबंध है. विशेषज्ञों का जवाब है नहीं. एक ही दिन जापान में 6.9, वेनेजुएला में 7.5 और 7.2 तथा अमेरिका के कैलिफोर्निया में 5.6 तीव्रता के भूकंप दर्ज किए गए. CNN की रिपोर्ट के मुताबिक कैलटेक की भूकंप विशेषज्ञ डॉ. लूसी जोन्स ने कहा है कि इन तीनों भूकंपों का आपस में कोई संबंध नहीं है. उनके मुताबिक ये अलग-अलग फॉल्ट सिस्टम और टेक्टोनिक प्लेट सीमाओं पर आए हैं, इसलिए एक भूकंप ने दूसरे को ट्रिगर नहीं किया. डॉ. जोन्स ने कहा कि हजारों किलोमीटर दूर आए बड़े भूकंप आमतौर पर दुनिया के किसी दूसरे हिस्से में बड़े भूकंप की संभावना नहीं बढ़ाते. उन्होंने बताया कि इन इलाकों में दशकों या सदियों से भूगर्भीय दबाव जमा हो रहा था और ऐसे सक्रिय प्लेट सीमाओं पर बड़े भूकंप प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा माने जाते हैं, हालांकि इनके आने का सटीक समय पहले से बताना संभव नहीं है.

Venezuela Earthquake Live: भूकंप के बाद राष्ट्रीय आपातकाल, कार्यवाहक राष्ट्रपति ने मौतों की पुष्टि की

वेनेजुएला भूकंप लाइव: लगातार आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद वेनेजुएला में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया गया है. सरकार ने हादसे में लोगों की मौत की पुष्टि की है. वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बुधवार को आए लगातार दो जोरदार भूकंपों के बाद देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है. टेलीविजन पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस आपदा में लोगों की जान गई है और जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उन्होंने संवेदना व्यक्त की. हालांकि उन्होंने मृतकों की संख्या नहीं बताई.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj