Democracy Fighter Pension | Rajasthan Pension

Last Updated:June 25, 2026, 18:26 IST
Rajasthan Government Pension : राजस्थान सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन 20 हजार से 25 हजार कर दिया है. साथ में इनके लिए चिकित्सा सहायता 4 हजार से 5 हजार कर दी गई है. सरकार का मानना है कि बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए यह फैसला राहत देने वाला साबित होगा. जयपुर कार्यक्रम में भजनलाल शर्मा ने युवाओं से संघर्ष से सीखने की अपील की है. राजस्थान में लोकतंत्र सेनानियों की पेंशन 25 हजार, मेडिकल मदद बढ़ी
जयपुर. आपातकाल की बरसी के मौके पर राजस्थान सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के लिए एक अहम घोषणा की है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोकतंत्र सेनानियों की मासिक पेंशन और चिकित्सा सहायता राशि बढ़ाने का ऐलान किया है. सरकार के इस फैसले से प्रदेश के उन लोगों को सीधा लाभ मिलेगा, जिन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया था और आपातकाल के दौरान कठिन परिस्थितियों का सामना किया था.
जयपुर के दुर्गापुरा स्थित राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की भावना को सुरक्षित रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है. कार्यक्रम में मौजूद लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान भी किया गया और उनके योगदान को याद किया गया.
20 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपये की गई पेंशनमुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घोषणा करते हुए कहा कि लोकतंत्र सेनानियों को दी जाने वाली मासिक पेंशन अब 20 हजार रुपये की जगह 25 हजार रुपये मिलेगी. इसके साथ ही मासिक चिकित्सा सहायता भी बढ़ाने का फैसला लिया गया है. अब तक लोकतंत्र सेनानियों को हर महीने 4 हजार रुपये चिकित्सा सहायता के रूप में दिए जाते थे. सरकार ने इसमें एक हजार रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे 5 हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की है. सरकार का मानना है कि बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए यह फैसला राहत देने वाला साबित होगा.
युवाओं से किया संघर्ष की विरासत को समझने का आह्वानमुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान की भावना की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को उन लोगों के संघर्ष और समर्पण के बारे में जानना चाहिए, जिन्होंने कठिन समय में भी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अपना योगदान दिया. भजनलाल शर्मा ने युवाओं से अपील की कि वे लोकतंत्र सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लें और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को आत्मसात करें. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन मूल्यों का नाम है जिनके लिए कई लोगों ने त्याग और संघर्ष किया. आपातकाल की बरसी पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों के अनुभवों को भी साझा किया गया. सरकार की ओर से की गई पेंशन और चिकित्सा सहायता बढ़ाने की घोषणा को कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सम्मान और संवेदनशीलता से जुड़ा फैसला बताया. माना जा रहा है कि इससे प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिवारों को आर्थिक रूप से कुछ और सहारा मिल सकेगा.
About the AuthorAnand Pandey
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan



