अजमेर में बारिश का कहर! भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दबी मां ने बाहों में बचाई मासूम की जान

Last Updated:July 09, 2026, 06:59 IST
Ajmer House Collapse: अजमेर जिले के किशनगढ़ में देर रात हुई बारिश के दौरान पहाड़ी पर बना एक कच्चा मकान अचानक ढह गया. हादसे के समय राहुल वाल्मीकि का परिवार घर के अंदर मौजूद था और मलबे में दब गया. करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय लोगों और पुलिस ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला. इस दौरान मां सपना ने अपने डेढ़ साल के बेटे युंग को बाहों में सुरक्षित बचाए रखा, जबकि खुद गंभीर रूप से घायल हो गई. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अजमेर रेफर किया गया.
ख़बरें फटाफट
अजमेर के आजाद नगर हरिजन बस्ती में पहाड़ी पर बना एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया
अजमेर. राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में देर रात हुई रिमझिम बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. मदनगंज थाना क्षेत्र के आजाद नगर हरिजन बस्ती में पहाड़ी पर बना एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के समय पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था और देखते ही देखते मलबे में दब गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए.
घटना की सूचना मिलते ही मदनगंज थाना के एएसआई सत्येंद्र सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. रात का समय होने और पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों ने मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में दबे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
रेस्क्यू के दौरान दिखा भावुक कर देना वाला दृश्य
रेस्क्यू के दौरान ऐसा दृश्य सामने आया जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया. मलबे में दबी मां सपना अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे युंग को बाहों में कसकर पकड़े हुए थी ताकि उस पर मलबा न गिरे. मां ने खुद चोटें सह लीं, लेकिन बच्चे को सुरक्षित बचाए रखा. इस दौरान सपना का एक हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मासूम सुरक्षित मिला. मौके पर मौजूद लोगों ने मां की ममता को देखकर उसकी हिम्मत की सराहना की.
अलर्ट माेड में घायलों का इलाज हुआ शुरू
हादसे में घायल राहुल वाल्मीकि, उनकी पत्नी सपना और डेढ़ साल के मासूम युंग को तुरंत किशनगढ़ के राजकीय वाईएन अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के पीएमओ डॉ. परसराम चौधरी ने चिकित्सकों को तुरंत अलर्ट मोड पर रखा और घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू कराया. चिकित्सकीय जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए तीनों को अजमेर के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया.
पहाड़ी पर बने मकान की दीवारें हो गई थीं कमजोर
बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी पर बने मकान की दीवारें कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते यह हादसा हुआ. पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में बने जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए खतरा लगातार बढ़ जाता है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Ajmer,Rajasthan



