Jaipur News: राजस्थान सरकार की ‘100 आइकन्स ऑफ राजस्थान’ पहल, 100 प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का होगा सम्मान

Last Updated:July 10, 2026, 17:45 IST
राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने राज्य के विकास में योगदान देने वाले प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के लिए ‘100 आइकन्स ऑफ राजस्थान’ पहल शुरू की है. इसके तहत 100 प्रतिभाशाली लोगों का चयन किया जाएगा, जिसमें 55 वर्ष से कम आयु की 55 महिलाएं और 45 वर्ष से कम आयु के 45 पुरुष शामिल होंगे. इच्छुक व्यक्ति 15 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
जयपुर. राजस्थान सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने राज्य के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करने के लिए ‘100 आइकन्स ऑफ राजस्थान’ नाम से नई पहल शुरू की है. इस योजना का उद्देश्य ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को पहचान देना है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज और प्रदेश के विकास में विशेष भूमिका निभाई है. उद्योग एवं वाणिज्य आयुक्त नीलाभ सक्सेना ने बताया कि इस पहल के तहत राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 100 लोगों का चयन किया जाएगा. इनमें 55 वर्ष से कम आयु की 55 महिलाओं और 45 वर्ष से कम आयु के 45 पुरुषों को शामिल किया जाएगा. चयन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 10 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है.
उन्होंने बताया कि इच्छुक व्यक्ति 15 अगस्त 2026 तक उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की वेबसाइट industries.rajasthan.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी और दिशा-निर्देश विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं. इस पहल में उद्योग, व्यापार, निर्यात, उद्यमिता, स्टार्टअप, विनिर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन, हस्तशिल्प, महिला उद्यमिता, शिक्षा, सामाजिक उद्यमिता, ऊर्जा, बुनियादी ढांचा सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग आवेदन कर सकते हैं. ऐसे व्यक्ति, जिन्होंने अपने क्षेत्र में नई सोच, नवाचार और नेतृत्व के माध्यम से समाज और राज्य के विकास में योगदान दिया है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी.
चयनित लोगों को मिलेगा विशेष सम्मान
चयनित 100 व्यक्तियों को ‘द 100 आइकन्स कम्पेंडियम’ में स्थान दिया जाएगा. इसके अलावा उनकी उपलब्धियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग उनके कार्यों से प्रेरणा ले सकें. चयनित व्यक्तियों को राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न रणनीतिक संवाद, विचार-विमर्श और ज्ञान-विनिमय कार्यक्रमों में भाग लेने का भी अवसर मिलेगा.
युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऐसे लोगों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने नेतृत्व, मेहनत, नवाचार और सामाजिक योगदान से राजस्थान को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है. विभाग का मानना है कि इन प्रेरणादायी व्यक्तित्वों की सफलता की कहानियां सामने आने से युवाओं को भी नए विचारों के साथ आगे बढ़ने और समाज के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी. इससे राज्य में नवाचार, उद्यमिता और विकास की नई सोच को भी बढ़ावा मिलेगा.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan



