Dhamaal 4 Box Office Collection Day 1: डबल डिजिट से खुला ‘धमाल 4’ का खाता, इसी फ्रेंचाइजी की 2 फिल्मों को चटाई धूल, ‘ऐल्फा’ को भी छोड़ दिया पीछे

Last Updated:July 11, 2026, 07:17 IST
अजय देवगन की कॉमेडी ड्रामा ‘धमाल 4’ थिएटर्स में दस्तक दे चुकी है. इस कॉमेडी मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन डबल डिजिट में कमाई के साथ शुरुआत की है. इस ओपनिंग के साथ फिल्म ने अपनी ही फ्रेंचाइजी की पुरानी दो फिल्मों ‘धमाल’ और ‘डबल धमाल’ के पहले दिन के कलेक्शन को धूल चटा दी है. वहीं, इस फैमिली एंटरटेनर फिल्म ने आलिया भट्ट की ‘ऐल्फा’ की ओपनिंग को भी पीछे छोड़ दिया है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड स्टार अजय देवगन की कॉमेडी ड्रामा फिल्म ‘धमाल 4’ सिनेमाघरों में 10 जुलाई को दस्तक दे चुकी है. कॉमेडी से भरपूर इस मूवी को दर्शकों से अच्छे रिव्यूज मिले हैं. अब फिल्म के पहले दिन की कमाई के आंकड़े भी सामने आ गए हैं. चलिए आपको बताते हैं कि भारत में ‘धमाल 4’ का खाता कितने करोड़ से खुला है.
इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक, अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ ने भारत में डबल डिजिट में कमाई के साथ शुरुआत की है. अजय देवगन की कॉमेडी मूवी को देशभर में 10,669 शोज के साथ 13.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग मिली है. वहीं, इसका घरेलू ग्रोस कलेक्शन 16.50 करोड़ रुपये पहुंच गया.
वैसे यह अर्ली एस्टीमेट है और ऑफिशियल डेटा आने के बाद इसमें थोड़ा-बहुत बदलाव हो सकता है. इस कमाई के साथ ही ‘धमाल 4’ ने स्पाई थ्रिलर फिल्म ‘ऐल्फा’ को पीछे छोड़ दिया है. आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की ‘ऐल्फा’ ने पहले दिन भारत में 9.25 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था.
Add as Preferred Source on Google
पहले दिन डबल डिजिट में कमाई करने के बाद भी ‘धमाल 4’ अपनी पिछली फिल्म ‘टोटल धमाल’ का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई, जिसने इससे ज्यादा की ओपनिंग ली थी. मगर ‘धमाल 4’ ने अपनी इसी फ्रेंचाइजी की पहली दो फिल्मों से काफी बेहतर प्रदर्शन किया है. साल 2007 में आई पहली ‘धमाल’ ने अपने पहले दिन 2.38 करोड़ रुपये कमाए थे.
दूसरे पार्ट ‘डबल धमाल’ ने ओपनिंग डे पर 7.6 करोड़ रुपये बटोरे थे. इसकी तुलना में सीरीज की तीसरी फिल्म ‘टोटल धमाल’ ने पहले ही दिन 16.5 करोड़ रुपये की बंपर ओपनिंग ली थी और दुनियाभर में कुल 228.7 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया था.
शुक्रवार को फिल्म ‘धमाल 4’ को सिनेमाघरों में ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिला और इसकी कुल ऑक्युपेंसी 24 फीसदी दर्ज की गई. इस समय बॉक्स ऑफिस पर ‘धमाल 4’ को कड़ी टक्कर मिल रही है, क्योंकि थिएटर्स में आलिया भट्ट की ‘ऐल्फा’ और अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी बड़ी फिल्में भी लगी हुई हैं.
मेकर्स ने फिल्म के पोस्ट-क्रेडिट सीन में ऑफिशियल तौर पर ‘धमाल 5’ का ऐलान करके सबको चौंका दिया है. उन्होंने साफ कर दिया है कि पांचवें पार्ट पर काम शुरू हो चुका है और इस बार निर्देशन की कमान फरहाद सामजी संभालेंगे. इस अनाउंसमेंट को सुनकर फ्रेंचाइजी के फैंस काफी एक्साइटेड हैं.
इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी ‘धमाल 4’ में अजय देवगन के अलावा रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रवि किशन, उपेंद्र लिमये, ईशा गुप्ता, संजीदा शेख और अंजलि आनंद जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह ‘धमाल’ फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म है. इससे पहले सीरीज की ‘धमाल’ (2007), ‘डबल धमाल’ (2011) और ‘टोटल धमाल’ (2019) जैसी फिल्में दर्शकों को गुदगुदा चुकी हैं.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



