20 अगस्त से पहले बड़ा सियासी मंथन, स्पीकर देवनानी ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

Last Updated:August 06, 2026, 07:30 IST
Rajasthan Vidhan Sabha Session: राजस्थान विधानसभा का छठा सत्र 20 अगस्त से शुरू होगा. इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने 18 अगस्त को सुबह 11 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है. बैठक का उद्देश्य सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संचालित करने पर सभी दलों के बीच सहमति बनाना है. बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली समेत सत्ता और विपक्ष के प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है. विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सर्वदलीय बैठक लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है.
ख़बरें फटाफट
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने 18 अगस्त को बुलाई सर्वदलीय बैठक
जयपुर. राजस्थान विधानसभा का छठा सत्र 20 अगस्त से शुरू होने जा रहा है. इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने 18 अगस्त को सुबह 11 बजे विधानसभा भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई है. इस बैठक का उद्देश्य सभी राजनीतिक दलों के बीच संवाद स्थापित करना, विधानसभा की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर सहमति बनाना तथा जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करना है.
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बताया कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, जहां जनता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा होती है. ऐसे में सदन की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों और विधायकों की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक के माध्यम से सभी दलों के सुझाव लिए जाएंगे, ताकि विधानसभा सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चल सके और अधिक से अधिक जनहित के विषयों पर चर्चा हो.
सर्वदलीय बैठक लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम
देवनानी ने बताया कि इस बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, प्रतिपक्ष के मुख्य सचेतक रफीक खान, विधायक डॉ. सुभाष गर्ग, मनोज कुमार और थावरचंद को आमंत्रित किया गया है. विधानसभा सचिवालय की ओर से सभी नेताओं को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र भेज दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि सर्वदलीय बैठक लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है. इससे सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बेहतर संवाद स्थापित होता है और सदन की कार्यवाही को लेकर आपसी सहमति बनाने में आसानी होती है. इसके साथ ही विभिन्न दलों की भागीदारी सुनिश्चित होने से जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा का रास्ता भी खुलता है.
सर्वदलीय बैठक से सदन को प्रभावी रूप से चलानेमें मिलेगी मदद
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि उनके कार्यकाल में यह सातवीं सर्वदलीय बैठक होगी. इससे पहले छह बैठकों का आयोजन किया जा चुका है, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं. इन बैठकों से विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच बेहतर समन्वय विकसित हुआ और सदन की कार्यवाही को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिली. उन्होंने कहा कि ऐसी बैठकों से आपसी विश्वास, सहयोग और संवाद की भावना मजबूत होती है, जिससे विधानसभा जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप अधिक जवाबदेह और प्रभावी भूमिका निभा पाती है.
देवनानी ने विश्वास जताया कि 18 अगस्त को होने वाली सर्वदलीय बैठक भी आगामी विधानसभा सत्र को शांतिपूर्ण, गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. साथ ही यह सुनिश्चित करेगी कि सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों पर गंभीर और सार्थक चर्चा हो तथा लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं का पूरी तरह पालन किया जा सके.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 06, 2026, 07:30 IST



