कंगना रनौत ने तय की Gen Z की नई परिभाषा, बोलीं- ‘ये जनरेशन हमारी असली ताकत, हमें गर्व है’

Last Updated:August 07, 2026, 14:44 IST
Kangana Ranaut New Definition On Gen Z: जेन जी को लेकर दिए अपने हालिया बयान के बाद विवादों में घिरीं बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत अब युवाओं के समर्थन में खुलकर सामने आई हैं. संसद के बाहर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि 10-15 युवाओं के व्यवहार से पूरी जेन जी को नहीं आंका जा सकता. कंगना ने नई पीढ़ी को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि इसी जनरेशन के जनादेश पर सरकार बनी है और हमें इस युवा पीढ़ी पर गर्व है. कंगना ने कहा कि जेन जी सरकार का हिस्सा हैं.
नई दिल्ली. जेन जी पर दिए अपने हालिया बयानों से उठे सियासी तूफान के बाद भारतीय जनता पार्टी की सांसद और बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत का रुख अब बदला-बदला नजर आ रहा है. शुक्रवार को संसद के बाहर जब मीडिया ने कंगना रनौत को घेरा तो वह अपने हालिया बयान को लेकर डैमेज कंट्रोल करती नजर आईं. बातचीत के दौरान उन्होंने जेन जी की नई परिभाषा दी. उन्होंने दो टूक कहा कि ये जनरेशन हमारी असली ताकत है.
मीडिया से बातचीत करते हुए कंगना रनौत ने जेन जी को लेकर चल रही बहस पर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ लोगों की वजह से पूरी युवा पीढ़ी को गलत नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए.
‘जेन जी सरकार का हिस्सा हैं’
भारी बारिश के बीच उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब झटपट दिए और विपक्ष को भी घेरा. संघ प्रमुख मोहन भागवत ने गुरुवार को मुंबई में जेन जी और जेन-अल्फा से 1 घंटे तक संवाद किया. आपको क्या लगता है उनकी बात सुननी चाहिए? इस पर राय देते हुए कंगना ने कहा- जेन जी सरकार का हिस्सा हैं. इस जेन जी के मैंडेट पर ही तो हमारी इतने सालों से सरकार है.’
झारखंड प्रोटेस्ट का दिया उदाहरण
उन्होंने आगे कहा, ‘ऐसा नहीं है कि प्रोटेस्ट में गाली देने वाले 10-15 ही जेन जी हैं. उन्होंने झारखंड का उदाहरण देते हुए कहा, जो झारखंड में प्रोटेस्ट कर रहे हैं और इतने अच्छे से बैठे हैं. कॉमनवेल्थ गेम में जो इतने युवा मैडल लेकर आए. देश के नाम और प्रधानमंत्री के नाम समर्पित किए’.
कुछ चुनिंदा लोग, जेन जी का नाम खराब कर रहे: कंगना
कंगना ने हालांकि तंज भी कस दिया. उन्होंने कहा कि इतनी ब्रिगेड जो दिखती हैं वो पर्यावरण के लिए या पेड़ लगाने की बात होती है तो ये दिखते नहीं हैं. उन्होंने आखिर में कहा कि कुछ चुनिंदा लोग हैं, जो जेन जी का नाम खराब कर रहे हैं. जेन जी हमारी सबसे बड़ी ताकत है और हमें गर्व हैं अपने जेन जी पर.
कंगना ने जेन जी को बताया था ‘जनरेशन गटर’
आपको बता दें कि कंगना रनौत का यह रुख उनके उस पुराने बयान से बिल्कुल अलग है, जिसने हाल ही में सोशल मीडिया से लेकर संसद तक विवाद खड़ा कर दिया था. दरअसल, विरोध प्रदर्शनों की रील्स और सोशल मीडिया कंटेंट पर नाराजगी जताते हुए कंगना ने कुछ प्रदर्शनकारी युवाओं को ‘जनरेशन गटर’ तक कह दिया था.
ट्रोलिंग के बाद दी थी सफाई
इस तीखी प्रतिक्रिया के बाद जब सोशल मीडिया और विपक्षी दलों की ओर से कड़ी आलोचना हुई. कंगना रनौत ने सफाई देते हुए कहा था कि उनकी आलोचना किसी एक पीढ़ी के खिलाफ नहीं, बल्कि अनुचित सार्वजनिक व्यवहार के खिलाफ थी. उन्होंने कहा कि वे हमेशा उन युवाओं की सराहना करती हैं जो देश के लिए सकारात्मक योगदान दे रहे हैं.
About the AuthorShikha Pandey
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
First Published :
August 07, 2026, 14:44 IST



