चाय से मिठाई तक महंगाई की मार, राखी से पहले चीनी के भाव ने बढ़ाई टेंशन

Last Updated:August 21, 2026, 15:07 IST
Sugar Price Hike Jodhpur Ground Report: जोधपुर में चीनी के दाम 45 रुपये से बढ़कर 63 से 67 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं. इससे आम आदमी का बजट बिगड़ गया है और लोग पाव-पाव चीनी खरीदने को मजबूर हैं. रक्षाबंधन से ठीक पहले चीनी महंगी होने से जोधपुर के प्रसिद्ध मिठाई कारोबार पर असर पड़ा है और मिठाइयों के दाम बढ़ना तय है. स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने बताया कि रोजाना चीनी के भाव बढ़ रहे हैं. जनता ने सरकार से मांग की है कि त्यौहारों के सीजन में बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं.
ख़बरें फटाफट
Jodhpur: देशभर में चीनी की आसमान छूती कीमतों ने आम जनता और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है. कई शहरों में चीनी के खुदरा भाव 60 से 67 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं. इसका सीधा असर आम आदमी की रसोई के बजट पर तो पड़ ही रहा है, साथ ही आगामी रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए मिठाई कारोबारियों के माथे पर भी चिंता की लकीरें खींच गई हैं. जोधपुर, जो अपनी लजीज और पारंपरिक मिठाइयों के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है, वहां चीनी के बढ़े दामों का असर अब साफ दिखाई देने लगा है.
जोधपुर के स्थानीय किराना व्यापारी संजू के अनुसार, महज एक महीने पहले चीनी का भाव 45 से 48 रुपये प्रति किलो था, जो अब बढ़कर 63 से 67 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. प्रतिदिन चीनी के दामों में दो से तीन रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है.
रसोई का बजट प्रभावित: आम आदमी के दिन की शुरुआत ही चाय से होती है. सुबह की चाय से लेकर दिनभर के खान-पान में चीनी का व्यापक उपयोग होता है. ऐसे में प्रति किलो 20 रुपये तक की सीधी बढ़ोतरी ने हर परिवार का मासिक बजट बिगाड़ दिया है.
खरीदारी का बदला तरीका: पहले जो मध्यमवर्गीय और गरीब ग्राहक एक साथ 2 से 5 किलो चीनी खरीदकर ले जाते थे, वे अब महंगाई के कारण पाव-पाव (250 ग्राम) चीनी खरीदने पर मजबूर हैं.
मिठाई कारोबार पर गहराया संकट, रक्षाबंधन पर बढ़ेंगे दामजोधपुर की मिठाइयों की मांग केवल देश में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी काफी अधिक है. हाल ही में एक व्यवसायी को विदेश भेजने के लिए 100 बॉक्स मिठाई का ऑर्डर भी मिला है. लेकिन चीनी के रेट बढ़ने से मिठाई निर्माण की लागत में भारी बढ़ोतरी हो गई है.
कीमतों में बढ़ोतरी तय: मिठाई व्यवसायियों का स्पष्ट कहना है कि चीनी महंगी होने के बाद मिठाइयों के दाम बढ़ाना उनकी मजबूरी बन गया है. रक्षाबंधन से पहले जोधपुर की अधिकांश दुकानों पर मिठाइयों की दरों में उछाल देखने को मिलेगा.
मध्यम वर्ग पर सबसे ज्यादा असर: बड़े कारोबारी तो शुगर मिलों से सीधा माल मंगाने या स्टॉक रखने में सक्षम हैं, लेकिन छोटे और मध्यम व्यापारियों सहित आम ग्राहकों को इस महंगाई की सबसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है.
स्थानीय निवासी रेवती लाल पालीवाल ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि पहले से ही राशन और जरूरी सामानों की महंगाई से परेशान जनता के लिए चीनी के लगातार बढ़ते दाम मुसीबत बन गए हैं. यदि रोजमर्रा की चीजों पर इस तरह 15 से 20 रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, तो सामान्य आय वाले परिवारों के लिए घर चलाना नामुमकिन हो जाएगा. स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने सरकार से मांग की है कि त्योहारों के सीजन को ध्यान में रखते हुए चीनी की बढ़ती कीमतों पर तुरंत नियंत्रण लगाया जाए और ठोस कदम उठाए जाएं.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Jodhpur,Jodhpur,Rajasthan
First Published :
August 21, 2026, 15:06 IST



