Rajasthan

तीन महीने पहले शादी, फिर प्रेमिका से पीछा छुड़ाने की साजिश, मेहंदीपुर बालाजी में कर दी हत्या

दौसा. जिले के मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस ने 17 अगस्त को मोरा माता मंदिर की पहाड़ी पर मिली अज्ञात युवती की हत्या की वारदात का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के रहने वाले गजेन्द्र उर्फ सोनू मीणा और विवेक मीणा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था.

पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को ग्राम ब्रह्मबाद स्थित मोरा माता मंदिर की पहाड़ी पर करीब 22 वर्षीय युवती का शव झाड़ियों के बीच मिला था. युवती ने पीले रंग का सूट और सफेद सलवार पहन रखी थी, सुनसान पहाड़ी क्षेत्र में शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. मृतका के पास पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या मोबाइल फोन नहीं मिला. चेहरे पर गंभीर चोटें होने के कारण उसकी पहचान करना भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी.

सात जिलों सहित यूपी और एमपी में भेजी गई जानकारी

मृतका की पहचान के लिए पुलिस ने दौसा के अलावा जयपुर, अलवर, करौली, सवाई माधोपुर, डीग, भरतपुर और धौलपुर जिलों में सूचना प्रसारित की. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के कई जिलों और मध्य प्रदेश के संबंधित क्षेत्रों में भी मृतका की तस्वीरें भेजी गई. पुलिस टीम ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल और धर्मशालाओं जैसे सार्वजनिक स्थानों पर मृतका की तस्वीरें चस्पा कर पहचान में लोगों से सहयोग मांगा. इसी प्रयास के बाद पुलिस मृतका की पहचान स्थापित करने में सफल रही.

करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल से लेकर मंदिर क्षेत्र, मुख्य मार्गों, सड़कों, टोल बूथ, होटल और धर्मशालाओं तक लगे करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. पुलिस टीम ने लगातार दिन-रात काम करते हुए करीब 700 किलोमीटर का सफर तय किया. वहीं साइबर सेल ने टावर डंप और मोबाइल डेटा का विश्लेषण कर संदिग्धों की गतिविधियों और लोकेशन को ट्रेस किया. इन तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही.

शादी के बाद मृतका से पीछा छुड़ाना चाहता था आरोपी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गजेन्द्र उर्फ सोनू मीणा के मृतका के साथ लंबे समय से अवैध संबंध थे. करीब तीन माह पहले आरोपी की शादी किसी अन्य युवती से हो गई थी. पुलिस के अनुसार शादी के बाद मृतका आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाने लगी, इससे परेशान होकर आरोपी ने उससे पीछा छुड़ाने की योजना बनाई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी गजेन्द्र अपने साथी विवेक के साथ बाइक पर मृतका को लेकर मेहंदीपुर बालाजी पहुंचा. यहां सुनसान पहाड़ी क्षेत्र में दोनों ने कथित तौर पर युवती की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया. पुलिस ने हत्या के साथ साक्ष्य छिपाने के प्रयास के पहलू को भी जांच में शामिल किया है.

विशेष टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक जयपुर रेंज राहुल प्रकाश और दौसा एसपी पीयूष दीक्षित के निर्देशन में की गई. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और मानपुर डीएसपी के सुपरविजन में मेहंदीपुर बालाजी थाना प्रभारी सचिन कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी. पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और लगातार फील्ड वर्क के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है. आरोपियों से पूछताछ कर हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj