दौसा में बारिश का जोर, पाली में 1.02 करोड़ कैश बरामद, धौलपुर में बड़ा हादसा

Rajasthan News Live: दौसा में रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया. देवगिरी पर्वत पर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी. श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और सामूहिक आरती की. बारिश से किसानों की बाजरे की फसल को भी राहत मिली है. वहीं पाली के तखतगढ़ में निकाय चुनाव की आचार संहिता के बीच पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान स्कॉर्पियो से 1.02 करोड़ रुपए की नकदी बरामद की. रकम बॉक्स में छिपाकर रखी गई थी. पुलिस नकदी के स्रोत और दस्तावेजों की जांच कर रही है. राजसमंद के लालबाग में अंडरपास की मांग को लेकर वार्ड 39 और 40 के लोगों ने नाथद्वारा नगर पालिका चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है
पाली में 1.02 करोड़ कैश बरामद, आचार संहिता में मचा हड़कंप
पाली जिले के तखतगढ़ में निकाय चुनाव की आचार संहिता के बीच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो से 1 करोड़ 2 लाख रुपए की नकदी बरामद की है. पुलिस ने जालोर चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान सांडेराव की तरफ से आ रही स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली. जांच के दौरान बॉक्स में छिपाकर रखी गई करोड़ों रुपए की नकदी मिली. वाहन में एक महिला और युवक सवार थे. पूछताछ में दोनों ने रकम प्लॉट बेचने के बाद लेकर जाने की बात कही है. हालांकि पुलिस अब नकदी से जुड़े दस्तावेज और रकम के वास्तविक स्रोत की जांच कर रही है. वाहन से 750-750 ग्राम के गाय के घी के पैकेट भी मिले हैं. आचार संहिता के बीच इतनी बड़ी रकम मिलने से हड़कंप मच गया है.
राजसमंद में अंडरपास नहीं तो चुनाव बहिष्कार, लोगों का ऐलान
राजसमंद जिले के नाथद्वारा में लालबाग क्षेत्र के लोगों ने अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर अब चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया है. लालबाग संघर्ष समिति के तत्वावधान में वार्ड 39 और 40 के निवासियों ने यह निर्णय लिया. लोगों का कहना है कि लालबाग चौराहा नाथद्वारा नगर का बेहद व्यस्त मार्ग है और यहां अंडरपास की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार वे उपमुख्यमंत्री, सांसद और विधायक समेत जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ. समस्या की अनदेखी से नाराज लोगों ने अब नाथद्वारा नगर पालिका चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया है. संघर्ष समिति ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द अंडरपास निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है.
धौलपुर में NH-44 पर कैंटर पलटा, 18 पशुओं की मौत
धौलपुर जिले में एनएच-44 पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. मनियां थाना क्षेत्र के सुआ के बाग के पास अनियंत्रित होकर एक कैंटर पलट गया. कैंटर में 18 पशु भरे हुए थे, जिनकी हादसे में मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि कैंटर मुरैना से आगरा की ओर जा रहा था. हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना मिलने पर मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभाली. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात सुचारु कराया. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कैंटर में पशुओं को किस तरह और किन परिस्थितियों में ले जाया जा रहा था.
धौलपुर फैक्ट्री में पिता-पुत्र से मारपीट, 1.50 लाख लूट का आरोप
धौलपुर में एक फैक्ट्री में घुसकर पिता-पुत्र से मारपीट और लूट का मामला सामने आया है. पीड़ित पक्ष ने 8 से 10 बदमाशों पर बेसबॉल बैट और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है. हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनके हाथ-पैर में चोटें आई हैं. पीड़ित ने आरोप लगाया कि बदमाश बैग में रखे 1.50 लाख रुपए नकद और सोने की चेन भी लूटकर ले गए. घटना का करीब तीन दिन पुराना सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग फैक्ट्री में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. निहालगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है. वायरल वीडियो की न्यूज18 राजस्थान पुष्टि नहीं करता है.
हनुमानगढ़ में कार की टक्कर से B.Ed छात्र की मौत, साथी गंभीर
हनुमानगढ़ जिले के पल्लू क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक बीएड छात्र की मौत हो गई, जबकि हादसे में घायल दूसरे छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसा कार की टक्कर से हुआ. मृतक धौलपुर जिले का रहने वाला था और पल्लू में रहकर बीएड की पढ़ाई कर रहा था. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल दूसरे छात्र की हालत को देखते हुए उसे बीकानेर रेफर किया गया है. सूचना मिलने पर पल्लू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार को जब्त कर लिया है. हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. छात्र की मौत की सूचना के बाद उसके परिवार और साथियों में शोक का माहौल है.
बीकानेर पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 फरार अपराधियों पर इनाम घोषित
बीकानेर पुलिस ने फरार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए चार आरोपियों पर इनाम घोषित किया है. पांचू थाना क्षेत्र में लूट के मामले में फरार अशोक जाट और मनीष कुम्हार पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है. वहीं श्रीकोलायत और गजनेर थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस मामलों में फरार उग्रसेन खिलेरी और श्यामसुंदर बिश्नोई पर 5-5 हजार रुपए का इनाम रखा गया है. पुलिस इन आरोपियों की तलाश में जुटी है. इसके अलावा नोखा थाना क्षेत्र के आदतन अपराधी मोहन सिंह की हिस्ट्रीशीट खोली गई है. पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है. पुलिस का कहना है कि फरार और आदतन अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
यमुना जल परियोजना की राह आसान, डीपीआर मंजूरी की प्रक्रिया तेज
राजस्थान की यमुना जल परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर सरकार ने प्रक्रिया तेज कर दी है. परियोजना के लिए हाइड्रोलॉजी और अंतरराज्यीय स्वीकृतियां जारी होने के बाद डीपीआर अनुमोदन की राह आसान हुई है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए. 21 अगस्त को केंद्रीय जल आयोग में परियोजना की डीपीआर की विस्तृत समीक्षा भी हुई. मुख्यमंत्री ने कंसल्टेंट नेबकॉन और संबंधित अधिकारियों को डीपीआर अनुमोदन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए. चूरू के हॉसियावास में प्रस्तावित तीन जलाशयों में से धनोटी जलाशय की तकनीकी निविदा 27 अगस्त को खोली जाएगी. एमओए के अनुसार एसपीवी गठन का प्रस्ताव भी जल्द पेश करने के निर्देश दिए गए हैं.
हरियालो राजस्थान अभियान में 7.58 करोड़ पौधे लगे, 10 करोड़ का लक्ष्य
राजस्थान में हरियालो राजस्थान अभियान के तहत अब तक 7 करोड़ 58 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अभियान की समीक्षा करते हुए इस वर्ष 10 करोड़ से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पौधारोपण अभियान चलाने और लगाए गए पौधों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पौधारोपण के बाद पौधों के संरक्षण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहनों से एक पेड़ लगाने की अपील की है. पौधारोपण करने वाले भाई-बहनों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए गए हैं. सरकार अभियान के जरिए हरित क्षेत्र बढ़ाने पर जोर दे रही है.
रेनवाल में अवैध शराब पर पुलिस का एक्शन, 48 पव्वे जब्त
जयपुर ग्रामीण के रेनवाल क्षेत्र में पुलिस ने अवैध देशी शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. रेनवाल थाना पुलिस ने मुंडियागढ़ गांव निवासी भोमाराम जाट को अवैध शराब के साथ पकड़ा. पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 48 पव्वे देशी शराब बरामद किए गए हैं. कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था. पुलिस की कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है. स्थानीय स्तर पर अवैध शराब की बिक्री को लेकर पुलिस लगातार निगरानी कर रही है.
दौसा में बारिश के बीच शिवभक्ति, नीलकंठ महादेव मंदिर में उमड़ी भीड़
दौसा जिले में मंगलवार को तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई. देवगिरी पर्वत पर स्थित बाबा नीलकंठ महादेव मंदिर में बारिश के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे. कई श्रद्धालु तेज बारिश में भीगते हुए मंदिर तक पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया. मंदिर परिसर में अलग-अलग समूहों ने सामूहिक आरती भी की. बारिश और शिवभक्ति का यह संगम श्रद्धालुओं के लिए खास अनुभव बना. उधर, जिले में रात के समय हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया. देवगिरी की पहाड़ी पर बारिश के बाद झरने बहते नजर आए. लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को भी राहत मिली. सूखने के कगार पर पहुंच रही बाजरे की फसल में बारिश से नई जान आने की उम्मीद है.



