Sports

शेफाली का तूफान… दीप्ति-नंदिनी की गदर बॉलिंग, महिला एशिया कप में भारत का धमाकेदार आगाज, थाईलैंड को 94 रन से हराया

नई दिल्ली. भारत ने महिला एशिया कप में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. दुबई में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने थाईलैंड को 94 रन से करारी शिकस्त दी. पहले शेफाली वर्मा ने बल्ले से तूफान मचाया और फिर दीप्ति शर्मा, नंदिनी शर्मा समेत भारतीय गेंदबाजों ने थाईलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. हालांकि, बड़ी जीत के बावजूद भारतीय टीम की बल्लेबाजी एक बार फिर चिंता का विषय बनी रही. 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए थाईलैंड की टीम 65 रन पर ढेर हो गई.

शेफाली ने खेली तूफानी पारीटॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. पावरप्ले में भारत ने 65 रन जोड़ दिए. स्मृति मंधाना ने 10 गेंदों में 19 रन बनाए, लेकिन दूसरे रन के चक्कर में रन आउट हो गईं. टी20 इंटरनेशनल डेब्यू कर रहीं प्रतिका रावल ने भी 18 गेंदों में 22 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की. इसके बाद शेफाली वर्मा ने मोर्चा संभाला और थाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली.

26 गेंदों में ठोकी फिफ्टीशेफाली ने महज 26 गेंदों में अपना 19वां टी20 इंटरनेशनल अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 36 गेंदों की पारी में 64 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 101/2 था और ऐसा लग रहा था कि टीम आसानी से 180 से ज्यादा का स्कोर खड़ा कर देगी.

36 रन बनाने में भारत के गिरे 7 विकेटशेफाली और प्रतिका के आउट होते ही भारत की पारी अचानक लड़खड़ा गई. शेफाली को सुलेपॉर्न लामि ने कैच एंड बोल्ड किया. इसके बाद लामि ने ऋचा घोष को पहली ही गेंद पर आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया. लामि ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और भारत के बल्लेबाजी क्रम पर दबाव बनाए रखा. कप्तान हरमनप्रीत कौर सिर्फ 5 रन बना सकीं, जबकि दीप्ति शर्मा रन आउट होकर 5 रन पर पवेलियन लौट गईं. भारत ने 112/4 से 137/9 तक पहुंचने के दौरान महज 25 रन के अंदर अपने पांच विकेट गंवा दिए. एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही टीम अचानक 160 रन के आसपास सिमटती नजर आने लगी.

क्रांति गौड़ ने आखिरी ओवरों में बचाई लाजभारत की पारी को आखिर में क्रांति गौड़ ने संभाला. उन्होंने सिर्फ 8 गेंदों में नाबाद 15 रन ठोके, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था. उनकी छोटी, लेकिन तेज पारी के दम पर भारत ने 20 ओवर में 159/9 का स्कोर खड़ा किया. शुरुआत को देखते हुए यह स्कोर कम जरूर लग रहा था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जल्द ही साबित कर दिया कि यह थाईलैंड के लिए काफी है.

दीप्ति का कमाल, 7 गेंद में बिना रन दिए 3 विकेटअपने 150वें टी20 इंटरनेशनल मैच में उतरीं दीप्ति शर्मा ने गेंद से यादगार प्रदर्शन किया. उन्होंने सिर्फ 1.1 ओवर में बिना कोई रन दिए 3 विकेट झटके. दीप्ति ने पहली ही गेंद पर विकेट लिया और शुरुआती तीन गेंदों में दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया. इसके बाद उन्होंने थाईलैंड की पारी का आखिरी विकेट भी अपने नाम किया. इस विकेट के साथ दीप्ति महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज भी बन गईं. उन्होंने थाईलैंड की कप्तान थिपाचा पुथावोंग को पीछे छोड़ दिया.

नंदिनी और चरणी ने भी बरपाया कहरदीप्ति के अलावा नंदिनी शर्मा ने भी शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने 3 विकेट लेकर थाईलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. श्री चारणी ने 2 विकेट लिए, जबकि प्रेमा रावत ने अपने चार ओवर में सिर्फ 11 रन दिए. थाईलैंड की तरफ से नन्नापट कोंचारोएनकाई ने अकेले संघर्ष किया. उन्होंने 48 गेंदों में 41 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से साथ नहीं मिलने के कारण उनकी पारी टीम को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा सकी.

65 रन पर ढेर हुई थाईलैंड की टीमभारतीय गेंदबाजों के सामने थाईलैंड की पूरी टीम 16.1 ओवर में सिर्फ 65 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत ने मुकाबला 94 रन से अपने नाम किया और ग्रुप ए में जीत के साथ शुरुआत की. हालांकि, भारत की फील्डिंग में कुछ कमियां नजर आईं और टीम ने दो कैच भी छोड़े. थाईलैंड जैसी टीम के खिलाफ इन गलतियों का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ा, लेकिन आगे के मुकाबलों में भारतीय टीम को इन पर काम करना होगा. अब भारत का अगला मुकाबला हांगकांग से होगा. इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी चुनौती सामने होगी.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj