श्मशान घाट में न शेड न बैठने की व्यवस्था, बारिश के बीच तिरपाल लगाकर हुआ दाह संस्कार, तस्वीरें हुईं वायरल

Last Updated:September 06, 2026, 20:26 IST
Alwar Hindi News: अलवर के अकबरपुर क्षेत्र के पीपलगढ़ गांव में श्मशान घाट की बदहाली से ग्रामीण परेशान हैं. शनिवार को तेज बारिश के बीच एक शव का अंतिम संस्कार तिरपाल की आड़ में करना पड़ा. श्मशान घाट में बारिश से बचाव के लिए शेड और ग्रामीणों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं है. ग्रामीण लंबे समय से सुविधाएं सुधारने की मांग कर रहे हैं. अंतिम संस्कार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ख़बरें फटाफट
अलवर में बारिश के बीच तिरपाल लगाकर हुआ दाह संस्कार
अलवर: अलवर जिले के अकबरपुर क्षेत्र से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो सिस्टम के दावों और विकास के वादों की पोल खोलने के लिए काफी है. क्षेत्र के पीपलगढ़ गांव में श्मशान घाट की बदहाली और बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने ग्रामीणों की पीड़ा को और बढ़ा दिया है. स्थिति इतनी दयनीय हो चुकी है कि अब लोगों को अपने परिजनों के अंतिम विदाई जैसे संवेदनशील और पवित्र कार्य में भी प्रशासन की अनदेखी का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है.
शनिवार को क्षेत्र में हुई झमाझम तेज बारिश के दौरान पीपलगढ़ गांव में एक स्थानीय ग्रामीण का अंतिम संस्कार किया जाना था. लेकिन श्मशान घाट पर बारिश से बचाव के लिए कोई शेड या छत न होने के कारण ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ी. पानी से चिता को बचाने और अंतिम संस्कार की धार्मिक प्रक्रिया को पूरा करने के लिए ग्रामीणों को ऊपर तिरपाल ताननी पड़ी. उसी तिरपाल की आड़ में किसी तरह अंतिम संस्कार की रस्में पूरी की गईं. इस घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बुनियादी सुविधाओं का भारी अभाववायरल हो रही तस्वीरें और वीडियो साफ तौर पर बयां कर रही हैं कि पीपलगढ़ के श्मशान घाट के हालात किस कदर बदहाल हैं. यहां न तो अंतिम यात्रा में आने वाले शोक संतप्त ग्रामीणों के बैठने के लिए कोई छत या टीनशेड है और न ही पीने के पानी या रोशनी जैसी कोई अन्य बुनियादी सुविधा उपलब्ध है. जरा सी बारिश होते ही पूरा श्मशान घाट कीचड़ में तब्दील हो जाता है, जिससे दाह संस्कार करना और भी मुश्किल हो जाता है.
लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति गहरा रोष ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से श्मशान घाट की व्यवस्थाओं को सुधारने और यहां शेड निर्माण करवाने की मांग कर रहे हैं. कई बार गुहार लगाने के बावजूद जिम्मेदारों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी है. अधिकारी इस गंभीर समस्या पर लगातार आंखें मूंदे बैठे हैं. अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों को हुई इस भारी परेशानी और वायरल वीडियो के सामने आने के बाद अब स्थानीय लोगों में शासन-प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त है.
बारिश ने ग्रामीण विकास के दावों की पोल खोल दीबहरहाल, पीपलगढ़ की इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण विकास के दावों की पोल खोल दी है. देखना यह होगा कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मामला तूल पकड़ने के बाद अब जिला प्रशासन या स्थानीय जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान देते हैं या ग्रामीणों को इसी तरह बेबसी का सामना करना पड़ेगा.
About the AuthorJagriti Dubey
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ेंLocation :
Alwar,Rajasthan
First Published :
September 06, 2026, 20:26 IST



