Rajasthan

CM भजनलाल शर्मा कल अजमेर दौरे पर, रोड शो के साथ भाजपा पदाधिकारियों की लेंगे बैठक

Rajasthan Nikay Chunav Live:  निकाय चुनाव 2026 को लेकर राजस्थान में सियासी हलचल तेज है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भीलवाड़ा में रोड शो करेंगे. सुबह 11 बजे सांगानेरी गेट स्थित दूधाधारी मंदिर में दर्शन के बाद रोड शो शुरू होगा, जो बड़ा मंदिर होते हुए महाराणा टॉकीज पहुंचेगा. इसके बाद भाजपा जिला कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी. वहीं सांचौर में सिंबल लेने पहुंचे भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशियों हरिया देवी और हरीश पुरोहित शीलू का वीडियो वायरल है. इसमें हरिया देवी ने निर्दलीय विधायक जीवाराम चौधरी को अपना गुरु बताया है. राजसमंद में एसडीएम ओम प्रभा और तहसीलदार ने पुलिस टीम के साथ क्रिटिकल मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए.

September 5, 202623:19 IST

उदयपुर में CM भजनलाल ने ली भाजपा पदाधिकारियों की संगठनात्मक बैठक

उदयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने होटल हावर्ड जॉनसन में भाजपा पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की. बैठक में चुनाव संभाग प्रभारी राजेंद्र राठौड़, टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद मन्नालाल रावत और विधायक ताराचंद जैन समेत वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत का मंत्र और जरूरी दिशा-निर्देश दिए.

September 5, 202623:19 IST

जयपुर में 45वीं नॉर्थ जोन शॉटगन शूटिंग चैम्पियनशिप जारी, डबल ट्रैप के मुकाबले पर नजर

जयपुर में 45वीं नॉर्थ जोन शॉटगन शूटिंग चैम्पियनशिप 2 सितंबर से 9 सितंबर तक आयोजित हो रही है. प्रतियोगिता में डबल ट्रैप इवेंट का ऑफिशियल प्रैक्टिस राउंड हुआ, जबकि 6 सितंबर को इसके दो ऑफिशियल राउंड आयोजित होंगे. सर्वाधिक अंक हासिल करने वाले खिलाड़ियों को मेडल दिया जाएगा. खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ भी डबल ट्रैप के खिलाड़ी रहे हैं और उन्होंने ओलंपिक में इसी इवेंट में रजत पदक जीता था.

September 5, 202620:53 IST

CM भजनलाल शर्मा कल अजमेर दौरे पर, रोड शो के साथ भाजपा पदाधिकारियों की लेंगे बैठक

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 6 सितंबर को अजमेर दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री सुबह 10:25 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 11 बजे प्लाजा सिनेमा पड़ाव से गांधी भवन तक रोड शो करेंगे. दोपहर 12 बजे भागचंद की कोठी में भाजपा की संगठनात्मक बैठक में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को दिशा-निर्देश देंगे. इसके बाद दोपहर 1:30 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट से बीकानेर के लिए रवाना होंगे.

September 5, 202615:15 IST

जलभराव के बीच निकली शव यात्रा, गंदे पानी से होकर अंतिम विदाई

जयपुर के शाहपुर के देवन रोड पर जलभराव के बीच शव यात्रा निकालने का मामला सामने आया है. बारिश के गंदे पानी से होकर लोगों को अंतिम यात्रा में शामिल होना पड़ा. सड़क पर फिसलन और जलभराव के कारण हादसे का खतरा बना रहा, बावजूद इसके लोगों ने मुश्किल हालात के बीच मृतक को अंतिम विदाई दी. क्षेत्र में बदहाल जलनिकासी व्यवस्था ने प्रशासन के विकास के दावों की पोल खोल दी है. जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति नाराजगी है और उन्होंने जल्द जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.

September 5, 202614:54 IST

निकाय चुनाव प्रचार में हथियारों का प्रदर्शन, सुनील पहलवान व बेटे सहित अन्य पर केस

श्रीगंगानगर में निकाय चुनाव के दौरान हथियारों के साथ प्रचार करने का मामला सामने आया है. सदर थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हथियारों का प्रदर्शन करने के आरोप में सुनील पहलवान, उसके बेटे और अन्य लोगों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. दो दिन पूर्व सुनील पहलवान द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में जनसंपर्क के दौरान हथियारों के प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसके बाद अब पिता-पुत्र सहित अन्य के खिलाफ कार्रवाई की गई है.

September 5, 202614:42 IST

सिरोही में आंगनबाड़ी से 3 वर्षीय बच्ची का अपहरण, बाइक सवार पिता पर आरोप

सिरोही के ऊड गांव की गोलियापुरा आंगनबाड़ी से करीब 3 वर्षीय बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि बाइक सवार बच्ची के पिता ने अपने एक साथी के साथ मिलकर बच्ची को आंगनबाड़ी से उठाकर ले गया. अपहरण से पहले दोनों ने गांव की चौधरा माता गौशाला के बाहर स्थानीय लोगों से आंगनबाड़ी के बारे में पूछताछ की थी. स्थानीय लोगों ने बाइक पर बच्ची को ले जाने की पुष्टि की है, बच्ची का ननिहाल ऊड गांव में बताया जा रहा है. घटना की सूचना के बाद बरलूट पुलिस परिजनों के साथ बच्ची की तलाश में जुटी हुई है.

September 5, 202614:11 IST

अलवर में तेज बारिश से रूपारेल नदी में आया पानी, उमस भरी गर्मी से मिली राहत

अलवर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में देर रात से बारिश का दौर जारी है। सरिस्का, अकबरपुर, कुशालगढ़ और भर्तृहरि धाम के आसपास तेज बारिश होने से रूपारेल नदी में पानी की आवक हुई है. भर्तृहरि पुलिया के समीप रूपारेल नदी में पानी आने से नदी का जलस्तर बढ़ गया है. जिले में कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश हो रही है, जिससे ग्रामीणों सहित शहरवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है.

September 5, 202613:44 IST

भीलवाड़ा में बारिश के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का रोड शो, दूधाधारी मंदिर में की पूजा

भीलवाड़ा में नगर निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भीलवाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने दूधाधारी मंदिर में पहुंचकर ठाकुर जी, राधा रानी और कृष्ण भगवान की पूजा-अर्चना की. इस दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल भी उनके साथ मौजूद रहे. पूजा के बाद बारिश के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का रोड शो शुरू हुआ. बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सड़कों पर मौजूद रहे और उनका जोरदार स्वागत किया.

September 5, 202613:16 IST

भीलवाड़ा में CM भजनलाल शर्मा का दौरा, दूधाधारी मंदिर में दर्शन के बाद रोड शो में होंगे शामिल

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भीलवाड़ा पहुंच गए हैं. मुख्यमंत्री पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर उतरे, जहां सांसद दामोदर अग्रवाल और जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने उनका स्वागत किया. मुख्यमंत्री कुछ ही देर में दूधाधारी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन करेंगे, जिसके बाद रोड शो में शामिल होंगे.

September 5, 202612:57 IST

सिरोही चुनाव 2026: मंडार में कांग्रेस ने झोंकी ताकत, वैभव गहलोत ने संभाला प्रचार का मोर्चा

सिरोही चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. मंडार नगर पालिका क्षेत्र में कांग्रेस नेता वैभव गहलोत ने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करते हुए कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों का हौसला बढ़ाया. नगर पालिका चुनाव के बीच ग्राउंड पर उतरे वैभव गहलोत ने मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन की अपील की और मंडार में कांग्रेस का बोर्ड बनने का दावा किया. प्रचार के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह नजर आया.

September 5, 202612:25 IST

भीलवाड़ा में CM भजनलाल का रोड शो, निकाय चुनाव को लेकर करेंगे समीक्षा बैठक

भीलवाड़ा में नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज भीलवाड़ा दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री का रोड शो सांगानेरी गेट स्थित श्री दूधाधारी गोपाल मंदिर से शुरू होकर महाराणा टॉकीज चौराहे तक निकलेगा. इस दौरान मार्ग में विभिन्न स्थानों पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा, रोड शो में भाजपा प्रत्याशियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है. रोड शो के बाद मुख्यमंत्री भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे निकाय चुनाव को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक करेंगे. बैठक में चुनावी रणनीति, वार्डवार स्थिति और संगठन की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी.

September 5, 202611:04 IST

संयम लोढ़ा का आरोप- बीजेपी के इशारे पर काम कर रही पुलिस

पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने पाली पुलिस पर बीजेपी के इशारे पर गैरकानूनी काम करने का गंभीर आरोप लगाया है. लोढ़ा ने कहा कि तेजराज सोलंकी के खिलाफ सादड़ी थाने में दर्ज FIR में लगाई गई धाराओं और आरोपों में कोई तालमेल नहीं है. उन्होंने दावा किया कि FIR में एक्सटॉर्शन का आरोप लगाया गया है, लेकिन पैसे के लेन-देन का कोई जिक्र नहीं है. लोढ़ा ने यह भी आरोप लगाया कि मानहानि के मामले में पुलिस को कार्रवाई का अधिकार नहीं होने के बावजूद पुलिस बीजेपी के दबाव में काम कर रही है. उन्होंने कहा कि सिरोही में भी बीजेपी के दबाव में कांग्रेस उम्मीदवार का पर्चा खारिज किया गया. लोढ़ा के मुताबिक उन्होंने SP मोनिका सेन से दो बार बात की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई. अब उन्होंने मामले की शिकायत DGP से करने की चेतावनी दी है.

September 5, 202611:03 IST

अलवर निकाय चुनाव: कांग्रेस ने जारी किया जन घोषणा पत्र, 10 संकल्प

अलवर नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपना ‘जन घोषणा पत्र 2026’ जारी कर दिया है. वार्ड नंबर 59 स्थित कांग्रेस प्रत्याशी के चुनावी कार्यालय में जारी घोषणा पत्र में पार्टी ने भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और जवाबदेह नगर निगम बनाने का संकल्प जताया. कांग्रेस ने सफाई, सीवर, जल निकासी, सड़क, यातायात, पार्क, रोजगार, आवारा पशु और पटरीपार क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी है. पार्टी ने ‘हमारा संकल्प—बेहतर अलवर, स्वच्छ अलवर’ के नारे के साथ 10 प्रमुख संकल्प रखे. सफाई व्यवस्था सुधारने, जरूरत के अनुसार सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति, हर घर से नियमित कचरा संग्रहण के लिए ऑटो-टिपर और सफाईकर्मियों को आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देने का वादा किया गया. इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे.

September 5, 202611:03 IST

बाड़मेर में मेवाराम जैन का वीडियो वायरल, बयानों से हलचल

बाड़मेर नगर परिषद चुनाव के बीच पूर्व विधायक मेवाराम जैन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में मेवाराम जैन अपनी ही पार्टी के टिकट वितरण को लेकर नाराजगी जताते नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनके वार्डों में भी उनकी नहीं चली और कम से कम उनसे राय तो की जानी चाहिए थी. सभा के दौरान उन्होंने कुछ वार्डों का भी जिक्र किया, जहां उनके करीबियों के टिकट कटने की चर्चा है. मेवाराम जैन के इस बयान के बाद बाड़मेर की चुनावी सियासत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या पूर्व विधायक ने इशारों-इशारों में टिकट से नाराज नेताओं और बागियों को समर्थन देने का संकेत दिया है. फिलहाल वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस के भीतर भी बयान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

September 5, 202609:41 IST

बीकानेर में भाजपा-कांग्रेस के बागियों ने बढ़ाई मुश्किलें

बीकानेर नगर निगम चुनाव में टिकट वितरण के बाद उपजे असंतोष को थामने के लिए भाजपा और कांग्रेस की ओर से किए गए डैमेज कंट्रोल के प्रयास पूरी तरह सफल नहीं हो सके. दोनों दलों में मान-मनौव्वल के बावजूद बागी उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान से हटने से इनकार कर दिया. भाजपा के 11 और कांग्रेस के 7 बागी प्रत्याशियों ने अपनी ही पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ ताल ठोक दी है. इससे कई वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय और रोचक हो गया है. भाजपा के वार्ड 11, 13, 32 और 73 में बागी प्रत्याशियों के मैदान में रहने से पार्टी उम्मीदवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. वहीं कांग्रेस के बागियों ने भी पार्टी प्रत्याशियों के सामने चुनौती खड़ी कर दी है. अब दोनों दलों की नजर बागियों के प्रदर्शन पर है. पार्टी अनुशासन तोड़ने वालों पर कार्रवाई की तलवार भी लटक रही है.

September 5, 202608:42 IST

भीलवाड़ा में भजनलाल का रोड शो, निकाय चुनाव पर मंथन

भीलवाड़ा में निकाय चुनाव 2026 को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भीलवाड़ा दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे सांगानेरी गेट स्थित दूधाधारी मंदिर में दर्शन के साथ रोड शो की शुरुआत करेंगे. रोड शो बड़ा मंदिर होते हुए महाराणा टॉकीज पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा. इसके बाद मुख्यमंत्री भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेंगे. यहां जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक होगी. बैठक में निकाय चुनाव की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी. मुख्यमंत्री के रोड शो को चुनाव प्रचार के लिहाज से अहम माना जा रहा है. भाजपा स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी समीकरण साधने की तैयारी में जुटी है.

September 5, 202608:41 IST

सांचौर में भाजपा बागियों का वीडियो वायरल, जीवाराम को बताया गुरु

जालोर के सांचौर में निकाय चुनाव के लिए सिंबल लेने पहुंचे भाजपा के बागी निर्दलीय प्रत्याशियों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ रही हरिया देवी और हरीश पुरोहित शीलू एक-दूसरे के गले मिलकर सियासी तंज कसते नजर आ रहे हैं. इस दौरान हरिया देवी ने विधानसभा चुनाव में भाजपा से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले जीवाराम चौधरी को अपना गुरु बताया. जीवाराम चौधरी ने विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी देवजी पटेल को हराकर जीत दर्ज की थी. अब निकाय चुनाव में निर्दलीय विधायक जीवाराम चौधरी को सांचौर में भाजपा का बोर्ड बनाने की जिम्मेदारी मिली है. वीडियो को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं.

September 5, 202608:41 IST

राजसमंद में क्रिटिकल बूथों का औचक निरीक्षण, सुरक्षा के निर्देश

राजसमंद निकाय चुनाव 2026 को लेकर प्रशासन ने संवेदनशील और क्रिटिकल मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना शुरू कर दिया है. नगर परिषद राजसमंद क्षेत्र में एसडीएम ओम प्रभा और तहसीलदार ने पुलिस टीम के साथ कई क्रिटिकल मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को देखा और सुरक्षा से जुड़े जरूरी निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिस टीम को मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए. प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं.

September 5, 202608:41 IST

दौसा में 14 प्रत्याशियों को मिला चप्पल चुनाव चिन्ह

निकाय चुनाव में चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद दौसा नगर परिषद में एक दिलचस्प मामला सामने आया है. यहां 14 प्रत्याशियों को चप्पल चुनाव चिन्ह आवंटित हुआ है. खास बात यह है कि इनमें से किसी भी प्रत्याशी ने चप्पल चुनाव चिन्ह की मांग नहीं की थी. चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया में क्रम संख्या 2 पर चप्पल का चिन्ह होने के कारण प्रत्याशियों को यह चुनाव चिन्ह मिल गया. अब इन प्रत्याशियों को इसी चुनाव चिन्ह के साथ मतदाताओं के बीच जाना होगा. चुनाव चिन्ह मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. प्रत्याशी अब अपने-अपने वार्ड में प्रचार अभियान तेज करने की तैयारी में जुट गए हैं.

September 5, 202608:41 IST

रावतसर में भाजपा 12 वार्डों में मैदान में, बहुमत का गणित फंसा

हनुमानगढ़ के रावतसर नगरपालिका चुनाव 2026 में सभी 35 वार्डों में प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित हो चुके हैं. चुनावी मैदान में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला है, लेकिन दोनों दलों के प्रत्याशियों की संख्या में बड़ा अंतर है. भाजपा ने 35 में से सिर्फ 12 वार्डों में प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि कांग्रेस 25 वार्डों में चुनाव लड़ रही है. तीन वार्डों-1, 9 और 18 में सिर्फ निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं. इन वार्डों में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने उम्मीदवार नहीं उतारे. नगरपालिका में बहुमत के लिए 18 पार्षदों की जरूरत होगी. ऐसे में भाजपा सभी 12 वार्ड जीत भी जाती है तो सीधे बहुमत तक नहीं पहुंच पाएगी. अब निर्दलीय पार्षद चुनावी समीकरण में अहम भूमिका निभा सकते हैं.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj