तबाही का ऐसा स्पेल जो आज भी डराता है! वनडे इतिहास में जब इस गेंदबाज ने 19 रन देकर तहस-नहस कर दिए थे 8 बल्लेबाज

होमखेलक्रिकेट
तबाही का ऐसा स्पेल जो आज भी डराता है! 19 रन देकर गेंदबाज ने लिए थे 8 विकेट
Last Updated:September 12, 2026, 05:25 IST
श्रीलंका क्रिकेट में एक से बढ़कर एक दिग्गज खिलाड़ी हुए हैं. उनमें से ही एक घातक तेज गेंदबाज चामिंडा वास हैं. अपनी सटीक लाइन और लेंथ के साथ कटर से चामिंडा ने दुनियाभर के बल्लेबाजों की नाक में दम किया. यही कारण है कि चामिंडा के नाम वनडे क्रिकेट के इतिहास में बेस्ट स्पेल डालने का रिकॉर्ड दर्ज है. उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ यह कारनामा किया था.पूर्व श्रीलंकाई क्रिकेटर चामिंडा वास
नई दिल्ली: क्रिकेट के खेल में अगर कोई गेंदबाज एक मैच में पांच विकेट अपने नाम करता है, तो यह उसके लिए एक बड़ी उपलब्धि होती है. खासकर लिमिटेड ओवरों के क्रिकेट में ऐसा करना बहुत ही खास माना जाता है, लेकिन क्या हो जब कोई गेंदबाज अकेले ही विरोधी टीम की बल्लेबाजी को तहस-नहस करते हुए लगभग पूरी टीम को ही आउट कर दे? ऐसा ही एक कारनामा साल 2001 में श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए एक वनडे मैच में हुआ था, जब बाएं हाथ के मीडियम पेसर चामिंडा वास ने इस फॉर्मेट का सबसे बेहतरीन स्पेल डाला था.
यह मुकाबला कोलंबो में खेला गया था और एलजी अबान्स त्रिकोणीय सीरीज का पहला ही मैच था. इस मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ श्रीलंकाई पेसर चामिंडा वास ने अकेले 8 विकेट अपने नाम किए थे. एक वनडे मैच में किसी भी गेंदबाज द्वारा लिए गए ये सबसे ज्यादा विकेट हैं. मैच में चामिंडा वास ने 8 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने 3 मेडन डाले. इस दौरान उन्होंने सिर्फ 19 रन खर्च करके 8 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया था. अगर मैच में मुथैया मुरलीधरन ने 2 विकेट न लिए होते, तो जिम्बाब्वे के दसों विकेट अकेले चामिंडा वास के नाम हो सकते थे.
38 रन पर सिमट गई थी जिम्बाब्वे की टीम
चामिंडा वास की घातक गेंदबाजी का ही नतीजा था कि जिम्बाब्वे की टीम महज 38 रन पर ही ऑलआउट हो गई. श्रीलंका ने सिर्फ 15.4 ओवर में ही पूरी विपक्षी टीम को समेट दिया. जिम्बाब्वे की तरफ से कप्तान स्टुअर्ट कार्लाइल एकमात्र ऐसे बल्लेबाज थे, जो दहाई के आंकड़े को पार कर पाए. इसके अलावा और कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका. टीम के पांच खिलाड़ी ऐसे रहे जो अपना खाता तक नहीं खोल पाए थे.
श्रीलंका ने 26 गेंदों में जीत लिया मैच
महज 39 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने 4.2 ओवर यानी सिर्फ 26 गेंदों में 1 विकेट के नुकसान पर ही जीत हासिल कर ली. श्रीलंका के लिए मारवन अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 16 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए. अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके भी जड़े. इसके अलावा, कप्तान सनथ जयसूर्या ने 7 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 13 रन बनाए. श्रीलंका की तरफ से आउट होने वाले एकमात्र बल्लेबाज अविष्का गुणवर्धने रहे, जो 2 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए.
About the AuthorJitendra Kumar
जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,Delhi
First Published :
September 11, 2026, 20:00 IST



