स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़-हरियाणा की जिम्मेदारी, राम माधव को भी 2 राज्यों का प्रभार: बीजेपी संगठन में फेरबदल

नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए, जिनमें राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी दी गई, जबकि पार्टी उपाध्यक्ष राम माधव को तमिलनाडु एवं उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया. इस फेरबदल के तहत, भाजपा ने अनिल बलूनी को पदोन्नत करते हुए पार्टी के संचार विभाग का समन्वयक बनाया है. इस विभाग में पार्टी का राष्ट्रीय मीडिया प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया इकाई शामिल हैं.
हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया विभाग की सह-संयोजक नियुक्त आशीष उषा अग्रवाल को भी पदोन्नत करते हुए इसका संयोजक बना दिया गया है. यह पद अब तक बलूनी के पास था. पार्टी की एक अधिसूचना के अनुसार, “इन नियुक्तियों की घोषणा भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने की, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं.” अधिसूचना के अनुसार, वरिष्ठ भाजपा नेता विनय सहस्रबुद्धे दिल्ली के प्रभारी होंगे, जबकि दर्शना जरदोश और जामयांग सेरिंग नामग्याल सह-प्रभारी होंगे.
भाजपा महासचिव विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, जबकि जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, प्रदीप वर्मा और आनंद ओझा सह-प्रभारी होंगे. राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. भाजपा उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा को महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया गया है, जबकि अमित मालवीय, सदानंद शेट तनावडे और कमलजीत सहरावत को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है.
भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है, जबकि राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी बिहार और कर्नाटक के प्रभारी होंगे. राज्यसभा सांसद तरुण चुग को गुजरात का प्रभारी बनाया गया है. वहां भी अगले साल ही विधानसभा चुनाव होने हैं. अगले साल पंजाब में भी चुनाव होना है और इस राज्य के लिए सतीश पूनिया को प्रभारी बनाया गया है, जबकि भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और राज्यसभा सदस्य अलका गुर्जर को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है. पूनिया को जम्मू-कश्मीर का भी प्रभारी नियुक्त किया गया है.
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल का प्रभारी नियुक्त किया गया है. वह कैलाश विजयवर्गीय की जगह लेने के बाद, पहले से ही बंगाल के प्रभारी के तौर पर काम कर रहे थे. अधिसूचना के अनुसार, भाजपा उपाध्यक्ष राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड के लिए राजनीतिक मामलों का प्रभारी नियुक्त किया गया है. लोकसभा सदस्य डी. पुरंदेश्वरी को ओडिशा की कमान सौंपी गई है और राष्ट्रीय सचिव स्वदेश सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है.
असम के भाजपा विधायक राजीव रॉय को मणिपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री भारती प्रवीण पवार को गोवा की कमान सौंपी गई है. गोवा में भी अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं.



