चेहरे पर बार-बार निकल रहे हैं मुंहासे तो न करें नजरअंदाज, जानिए कारण और सही इलाज

अंबाला: चेहरे पर एक-दो पिंपल निकलना आम बात है, लेकिन अगर मुंहासे बार-बार निकल रहे हैं और ठीक होने के बाद फिर से चेहरे पर नजर आने लगते हैं, तो इन्हें केवल सामान्य स्किन प्रॉब्लम समझकर नजरअंदाज करना ठीक नहीं है. खासकर युवाओं में हार्मोनल बदलाव, तनाव, नींद की कमी और गलत खान-पान का असर चेहरे पर मुंहासों के रूप में दिखाई दे सकता है. यही वजह है कि चेहरे पर पिंपल निकलने के साथ-साथ अपनी लाइफस्टाइल पर भी ध्यान देना जरूरी है. दरअसल, आजकल कम उम्र में ही लड़के और लड़कियां मुंहासों की समस्या से परेशान नजर आते हैं.
ठुड्डी और जॉलाइन पर मुंहासों का हार्मोनल बदलाव से हो सकता है संबंध
बता दें कि कई बार ठुड्डी और जॉलाइन के आसपास बार-बार पिंपल निकलते हैं. महिलाओं में पीरियड्स के आसपास होने वाले हार्मोनल बदलाव और कुछ स्थितियों में एक्ने बढ़ सकते हैं. वहीं, तनाव और नींद पूरी न होने से भी त्वचा में ऑयल प्रोडक्शन बढ़ सकता है, जिससे मुंहासों की समस्या ज्यादा परेशान कर सकती है.
माथे और नाक पर पिंपल होने के पीछे हो सकती हैं कई वजहें
वहीं, अगर माथे और नाक के आसपास लगातार पिंपल हो रहे हैं तो इसके पीछे ऑयली स्किन, पसीना, तनाव, स्किन केयर प्रोडक्ट या लाइफस्टाइल जैसी कई वजहें हो सकती हैं. इसी तरह बहुत ज्यादा तला-भुना, जंक और प्रोसेस्ड फूड खाने की आदत भी कुछ लोगों में मुंहासों को बढ़ा सकती है. हालांकि, केवल चेहरे के किसी हिस्से पर पिंपल होने से किसी अंदरूनी बीमारी का पक्का पता नहीं लगाया जा सकता.
डार्क सर्कल या चेहरे की सूजन को सीधे किडनी-लिवर की बीमारी न मानें
विशेषज्ञों के मुताबिक, मुंहासों के साथ आंखों के नीचे डार्क सर्कल या सूजन दिखाई देने पर कई लोग इसे किडनी या लिवर की समस्या से जोड़ने लगते हैं. लेकिन सिर्फ चेहरे की इन परेशानियों के आधार पर किसी बीमारी का निष्कर्ष निकालना सही नहीं है. अगर चेहरे की समस्या के साथ शरीर में सूजन, पेशाब में बदलाव, लगातार कमजोरी या दूसरी परेशानी भी है तो डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी है.
डॉक्टर ने बताया युवाओं में क्यों बढ़ रही मुंहासों की समस्या
वहीं, इस बारे में लोकल18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में कार्यरत होम्योपैथिक डॉ. रजिता ने बताया कि आजकल यंग गर्ल्स और जवान युवाओं में मुंहासों की समस्या काफी ज्यादा देखने को मिल रही है. उन्होंने बताया कि कई मामलों में इसका संबंध हार्मोनल चेंज से होता है, जिससे स्किन से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं. ऐसे में डाइट प्लान का ध्यान रखना जरूरी है.
पिंपल से परेशान हैं तो डाइट में इन चीजों का रखें ध्यान
डॉ. रजिता ने बताया कि मुंहासों की समस्या में तली हुई चीजों से बचना चाहिए और जंक फूड का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. पैकेट बंद चीजों का सेवन कम करने के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए. हरी पत्तेदार सब्जियां और सलाद को डाइट में शामिल किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति के लक्षण अलग होते हैं, इसलिए उपचार भी उसकी स्थिति देखकर ही किया जाता है.
मुंहासों को बार-बार दबाने से बढ़ सकती है दाग और सूजन की समस्या
डॉ. रजिता ने सलाह दी कि चेहरे पर मुंहासा निकलने के बाद उसे बार-बार दबाना या छेड़ना नहीं चाहिए. ऐसा करने से त्वचा पर सूजन और बाद में दाग की समस्या बढ़ सकती है.
ऑनलाइन वीडियो देखकर खुद से दवा या घरेलू नुस्खा न आजमाएं
उन्होंने ऑनलाइन वीडियो देखकर खुद से किसी दवा या घरेलू नुस्खे का इस्तेमाल करने से भी बचने की सलाह दी. खासतौर पर चेहरे पर खाने वाले चूने का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है.
होम्योपैथिक दवाओं का इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह से करें
उन्होंने बताया कि होम्योपैथिक पद्धति में लक्षणों के आधार पर अलग-अलग दवाओं का इस्तेमाल किया जाता है. बरबेरिस एक्विफोलियम, सल्फर और काली ब्रोमेटम जैसी दवाओं का उपयोग चिकित्सकीय सलाह के अनुसार किया जा सकता है.
उन्होंने कहा कि अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में आयुष सेवाओं के लिए एक बार 5 रुपये की पर्ची बनवानी होती है और उपलब्ध उपचार व दवाएं निशुल्क दी जाती हैं. लगातार या गंभीर मुंहासों की समस्या होने पर डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है.



