भूखे रहकर वजन घटाना पड़ सकता है भारी, न्यूट्रिशनिस्ट से जानिए सही तरीका जो वेट लॉस में करेगा मदद

फरीदाबाद: आम लोगों में वजन कम करने को लेकर अक्सर यह गलतफहमी रहती है कि कम खाना या भूखा रहना ही वजन घटाने का सबसे आसान तरीका है. कई लोग जल्दी वजन कम करने के चक्कर में खाना छोड़ देते हैं, जिससे कमजोरी और दूसरी परेशानियां हो सकती हैं. ऐसे में जरूरी है कि वजन घटाने का सही तरीका समझा जाए. आखिर वजन कम करते समय कितनी कैलोरी लेनी चाहिए, खाना छोड़ना कितना नुकसानदायक है और तेजी से घटाया गया वजन दोबारा क्यों बढ़ सकता है. इन्हीं सवालों के जवाब जानना हर उस व्यक्ति के लिए जरूरी है, जो स्वस्थ तरीके से वजन कम करना चाहता है.
खाना छोड़ने से शरीर में पोषण की कमी
भूखे रहकर वजन घटाने से शरीर पर क्या असर पड़ता है. इस पर Local18 से बातचीत में फरीदाबाद सर्वोदय हॉस्पिटल की न्यूट्रीशन कंसलटेंट रितिका शर्मा बताती हैं कि भूखे रहकर वजन कम करना सही तरीका नहीं है. हमारे पास जितने पेशेंट आते हैं, हम उन्हें यही सलाह देते हैं कि खाना खाकर भी वजन कम किया जा सकता है. खाना छोड़कर वजन कम करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि इससे शरीर को जरूरी न्यूट्रिशन नहीं मिल पाता. शरीर में एनर्जी नहीं रहती. आप थोड़ा सा काम करते हैं और फिर बहुत जल्दी थक जाते हैं. इसलिए हमेशा खाना छोड़कर वजन कम नहीं किया जा सकता.
रितिका शर्मा बताती है कि अगर आपको पहले से कोई बीमारी या दूसरी स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, तो बिना विशेषज्ञ की सलाह के लंबे समय तक फास्टिंग करना सही नहीं है. ऐसा करने पर गैस्ट्रिक की समस्या, पेट से जुड़ी परेशानी, डाइजेशन का इशू और लेथार्जी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. थकान जल्दी महसूस होने लगती है और एनर्जी भी कम रहती है. ये चीजें धीरे-धीरे बढ़ती हैं और बाद में बड़ी परेशानी के रूप में सामने आ सकती हैं.
वजन के हिसाब से कैलोरी लेना जरूरी
वजन घटाते समय कितनी कैलोरी लेना जरूरी है. इस पर रितिका शर्मा बताती हैं कि यह व्यक्ति के वजन, लंबाई, उम्र, रोज की एक्टिविटी और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है. अगर किसी व्यक्ति का आइडियल बॉडी वेट 60 किलो है और उसका मौजूदा वजन 95 या 98 किलो के करीब है, तो कैलोरी की जरूरत उसके शरीर और रोज की एक्टिविटी के हिसाब से तय की जानी चाहिए. किसी एक तय फॉर्मूले से हर व्यक्ति की कैलोरी जरूरत बताना सही नहीं है. इसलिए वजन कम करने के लिए कैलोरी तय करते समय न्यूट्रिशनिस्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है.
भोजन छोड़ने से शरीर पर असर पड़ता
वजन घटाने में भोजन छोड़ना कितना नुकसानदायक हो सकता है. इस पर रितिका शर्मा बताती हैं कि नुकसान तो है. वह आपको अभी पता नहीं लगता, लेकिन बाद में इसका असर दिखाई दे सकता है, क्योंकि आप इस तरह के पैटर्न को लंबे समय तक फॉलो नहीं कर सकते. हम अगर खाना छोड़ते हैं तो एक महीने के लिए छोड़ सकते हैं, दो महीने या तीन महीने तक भी ऐसा कर सकते हैं. लेकिन उससे ज्यादा समय तक अगर आप भोजन छोड़ते हैं तो शरीर में पोषक तत्वों की कमी या दूसरी दिक्कतें आ सकती हैं. इनका पता आपको उसी समय नहीं चलता, लेकिन बाद में परेशानी सामने आ सकती है. इसलिए हमेशा खाना खाते रहिए, क्योंकि आपकी बॉडी को एनर्जी और जरूरी पोषण की जरूरत होती है.
गलत तरीके से घटा वजन फिर बढ़ता
वजन घटाने के बाद वजन दोबारा क्यों बढ़ता है. इस पर रितिका शर्मा बताती हैं कि अगर आप खाना छोड़कर वजन घटा रहे हैं तो जब भी अपने नॉर्मल रूटीन पर वापस आएंगे, वजन दोबारा बढ़ सकता है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि आपने शरीर को पर्याप्त खाना और पोषण नहीं दिया और वजन कम करने के लिए उसे डिप्राइव किया. लेकिन अगर आप सही तरीके से बैलेंस डाइट लेते हुए, पर्याप्त पोषण के साथ और अपनी जरूरत के हिसाब से खाना खाते हुए वजन कम कर रहे हैं तो वजन को दोबारा बढ़ने से रोकना आसान होता है. इसके लिए जरूरी है कि वजन कम करने के बाद भी खाने और लाइफस्टाइल की अच्छी आदतों को जारी रखा जाए.



