Mexico Jail News: मेक्सिको की जेल में मौत का तांडव, 10 की जान गई, मिलने आया बच्चा भी नहीं बचा

Last Updated:October 09, 2026, 11:10 IST
Mexico News Hindi: मेक्सिको के सिनालोआ राज्य की एक जेल में हुई खूनी झड़प में 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें मुलाकात करने आया एक नाबालिग भी शामिल है. इस घटना में 16 कैदी घायल हुए हैं. सिनालोआ लंबे समय से ड्रग कार्टेल की हिंसा के लिए चर्चा में रहा है. साल 2016 में टोपो चिको जेल में भी भीषण हिंसा हुई थी, जिसमें 49 कैदियों की जान गई थी.जेल से निकलती एंबुलेंस. (फाइल/सांकेतिक/Reuters)
मेक्सिको के सिनालोआ राज्य की एक जेल में कैदियों के बीच हिंसक झड़प हुई है. न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक गुरुवार को हुई इस घटना में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 कैदी घायल हुए हैं. मरने वालों में एक नाबालिग भी शामिल है, जो किसी कैदी से मिलने जेल आया था. हालात संभालने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात करना पड़ा. बख्तरबंद वाहन और एंबुलेंस जेल परिसर पहुंचे. अभी तक अधिकारियों ने यह नहीं बताया है कि झड़प किस वजह से शुरू हुई. लेकिन जिस सिनालोआ राज्य में यह जेल स्थित है, वह ड्रग कार्टेल के खूनी संघर्ष के लिए पहले से बदनाम है. करीब दस साल पहले मेक्सिको की एक दूसरी जेल में 49 कैदियों की मौत हुई थी.
16 कैदी और नाबालिग घायल
सिनालोआ के सेक्रेटरी ऑफ पब्लिक सिक्योरिटी सेक्रेटरी ने सोशल मीडिया पर बताया कि जेल परिसर के भीतर कैदियों के बीच झड़प हुई. राज्य के सार्वजनिक सुरक्षा सचिव सिनुहे टेलेस ने एक वीडियो संदेश में कहा कि इस हिंसा में नौ कैदियों और मुलाकात के लिए आए एक नाबालिग की मौत हुई. इसके अलावा 16 कैदी घायल हुए. घटना के बाद दर्जनों सुरक्षाकर्मियों को मौके पर भेजा गया. एक बख्तरबंद गाड़ी और एंबुलेंस को जेल के अंदर जाते देखा गया. सुरक्षा बलों ने काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू किया. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि लड़ाई किस बात पर शुरू हुई. लेकिन सिनालोआ लंबे समय से ड्रग तस्करी करने वाले गुटों के बीच संघर्ष का केंद्र रहा है.
सिनालोआ क्यों है बदनाम?
सिनालोआ मेक्सिको के उत्तर-पश्चिम में स्थित राज्य है. इसका नाम दुनिया के सबसे चर्चित ड्रग तस्करी नेटवर्कों में शामिल सिनालोआ कार्टेल की वजह से पूरी दुनिया में जाना जाता है. कार्टेल ऐसे संगठित आपराधिक नेटवर्क होते हैं, जो ड्रग्स की तस्करी, हथियारों की सप्लाई, जबरन वसूली और दूसरे गैरकानूनी कारोबार में शामिल हो सकते हैं. इनका प्रभाव केवल सड़कों तक सीमित नहीं रहता. कई बार स्थानीय कारोबार, सुरक्षा व्यवस्था और जेलों के भीतर भी इनका दबदबा रहता है.
10 साल पहले भी हुई थी ऐसी ही घटना
सिनालोआ की ताजा घटना ने 2016 के एस ऐसे ही मामले की याद दिला दी है. तब मेक्सिको के न्यूवो लियोन राज्य के मॉन्टेरी शहर की टोपो चिको जेल में हिंसक संघर्ष के दौरान 49 कैदियों की मौत हो गई थी. उस समय अधिकारियों ने बताया था कि कैदियों ने हथौड़ों, डंडों और खुद बनाए गए धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया. जेल में आगजनी भी हुई थी. हिंसा के बाद बड़ी संख्या में हथियार और दूसरी प्रतिबंधित चीजें बरामद की गई थीं. शुरुआत में शक दो प्रतिद्वंद्वी आपराधिक गुटों के बीच लड़ाई पर गया. बाद में अधिकारियों ने कहा कि संघर्ष जेल के अंदर जेटास कार्टेल के दो गुटों के बीच नियंत्रण की लड़ाई से जुड़ा हो सकता है.
About the AuthorYogendra Mishra
Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…
और पढ़ेंFirst Published :
October 09, 2026, 09:58 IST



