Bhooth Bangla Box Office Day 11: 11वें दिन सुस्त पड़ी अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’, सिंगल डिजिट में हुई इतनी कमाई, जानें अब तक का टोटल कलेक्शन

Last Updated:April 28, 2026, 07:25 IST
बॉक्स ऑफिस पर अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी का जलवा बरकरार है. उनकी नई हॉरर-कॉमेडी भूत बंगला ने दूसरे वीकेंड पर धमाकेदार प्रदर्शन के बाद कामकाजी दिनों में भी अपनी रफ्तार बनाए रखी है. हालांकि, सोमवार को कमाई में थोड़ा ठहराव जरूर आया, लेकिन फिल्मों के लिए यह एक सामान्य बात है. तब्बू, राजपाल यादव और वामिका गब्बी जैसे सितारों के अभिनय से सजी यह फिल्म अब हॉरर-कॉमेडी शैली की पिछली बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड्स को ध्वस्त करने की राह पर है.
नई दिल्ली. अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी का जादू एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर सिर चढ़कर बोल रहा है. हॉरर-कॉमेडी फिल्म भूत बंगला ने अपने शानदार ओपनिंग वीकेंड के बाद दूसरे हफ्ते में भी पकड़ मजबूत रखी है. हालांकि, दूसरे सोमवार को फिल्म के कलेक्शन में बड़ी गिरावट देखी गई, जो कि वर्किंग डे होने के चलते स्वाभाविक है. जानिए अब तक हॉरर कॉमेडी फिल्म ने भारत में टोटल कितने करोड़ का बिजनेस कर लिया है.
इसके बावजूद भूत बंगला फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सफलता का परचम लहराते हुए 115 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. दर्शकों के बीच फिल्म का क्रेज देखते हुए उम्मीद है कि यह जल्द ही नए रिकॉर्ड्स कायम करेगी. इस मूवी ने 9वें दिन ही भारत में 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया था.
अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही है. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, दूसरे सोमवार को फिल्म ने 3.65 करोड़ का कारोबार किया, जिससे इसका कुल घरेलू कलेक्शन अब 117.05 करोड़ तक पहुंच गया है.
Add as Preferred Source on Google
सोमवार को वर्किंग डे होने के कारण इसकी ऑक्युपेंसी में थोड़ी गिरावट जरूर आई है, लेकिन फिल्म की ओवरऑल रफ्तार अब भी ठीक है. फिल्म ने पहले हफ्ते में 84.40 करोड़ की शानदार कमाई की थी, जबकि दूसरे शुक्रवार को इसने 5.75 करोड़ बटोरे. वहीं, वीकेंड आते ही फिल्म ने लंबी छलांग लगाई और शनिवार को 10.75 करोड़ का बिजनेस किया.
फिर रविवार को भूत बंगला ने 12.50 करोड़ का कलेक्शन किया. वर्ल्डवाइड लेवल पर भी फिल्म 150 करोड़ का जादुई आंकड़ा पार कर चुकी है. इस फिल्म ने ‘भेड़िया’ और ‘मुंज्या’ जैसी बड़ी हॉरर-कॉमेडी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है और अब इसकी नजर ‘स्त्री’ और ‘थामा’ जैसी हॉरर कॉमेडी फिल्मों के लाइफटाइम रिकॉर्ड्स पर टिकी है.
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ को लेकर क्रेज देखने को मिल रहा है. इस फिल्म का निर्माण अक्षय कुमार, एकता कपूर और शोभा कपूर ने बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के बैनर तले किया है. फिल्म की स्टारकास्ट बेहद दमदार है, जिसमें अक्षय कुमार के साथ परेश रावल, जीशु सेनगुप्ता, राजपाल यादव, तब्बू और वामिका गब्बी जैसे सितारे अहम किरदारों में हैं.
खास बात यह है कि साल 2007 में आई सुपरहिट फिल्म भूल भुलैया के बाद अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की यह दूसरी हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसका फैंस को लंबे समय से इंतजार था. 17 अप्रैल को रिलीज हुई यह फिल्म अपनी कहानी, कॉमिक टाइमिंग और सस्पेंस की वजह से दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है.
बताते चलें कि प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘भूत बंगला’ के जरिए अक्षय कुमार और उनकी जोड़ी की पर्दे पर वापसी हुई है. इससे पहले दोनों ‘हेरा फेरी’, ‘गरम मसाला’, ‘भागम भाग’, ‘भूल भुलैया’, ‘दे दना दन’ फिल्मों में काम किया है. उनकी साथ में पिछली फिल्म खट्टा मीठा थी जो साल 2010 में रिलीज हुई थी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
April 28, 2026, 07:25 IST



