झालावाड़ में ड्रग तस्करों के ढाबे पर चला बुलडोजर, मिलावटी दूध-गंदे पानी की खेती पर हाईकोर्ट सख्त

Last Updated:July 06, 2026, 09:02 IST
Rajasthan News Live: झालावाड़ में PWD और पुलिस ने NH 52 पर अवैध ढाबों पर बुलडोजर चलाया है, जहां आरोपी करण सिंह और शुभकरण ढाबे की आड़ में ड्रग्स तस्करी कर रहे थे. वहीं, राजस्थान हाईकोर्ट ने मिलावटी दूध, पशु आहार…और पढ़ें
Rajasthan News Live
Rajasthan News Live: राजस्थान के झालावाड़ जिले में पुलिस और प्रशासन ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बेहद आक्रामक कार्रवाई की है. राष्ट्रीय राजमार्ग 52 (NH 52) पर अवैध ढाबों की आड़ में चल रहे नशे के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है. घाटोली थाना क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी (PWD) और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाते हुए दो अवैध ढाबों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें पूरी तरह से जमींदोज कर दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी करण सिंह मीणा और शुभकरण मीणा ने पीडब्ल्यूडी की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर ये ढाबे बनाए थे. बाहर से ये साधारण ढाबे दिखते थे, लेकिन अंदर ड्रग्स और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी का काला खेल चल रहा था. इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के भू-माफियाओं और तस्करों में भारी दहशत है.
Jhalawar Bulldozer Action: झालावाड़ में हिस्ट्रीशीटर संजय मीणा के अवैध कब्जों पर गरजा बुलडोजर
झालावाड़ के गंगधार क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन ने हिस्ट्रीशीटर संजय मीणा के खिलाफ बड़ी बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया है. आरोपी ने अपनी दबंगई से चारागाह सहित सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर तीन दुकानें और एक प्लॉट बना लिया था. पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में प्रशासन ने जेसीबी चलाकर इन सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया है. संजय मीणा गंगधार थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है. इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के अन्य भू-माफियाओं और अपराधियों में भारी दहशत फैल गई है.
हाईकोर्ट की सख्त चेतावनी: मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा
उधर जयपुर में, राजस्थान हाईकोर्ट की खंडपीठ ने खाद्य पदार्थों में हो रही मिलावट और जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ के मामलों पर बेहद सख्त रुख अपनाया है. कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा और जस्टिस मनीष शर्मा की अदालत ने सभी प्रमुख डेयरी कंपनियों के दुग्ध उत्पादों की सघन जांच के निर्देश दिए हैं. हाईकोर्ट ने दो टूक कहा है कि बाजार में सिंथेटिक और मिलावटी दूध की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सुनवाई के दौरान न्यायमित्र (Amicus Curiae) वरिष्ठ अधिवक्ता एमएस सिंघवी ने एक चौंकाने वाली रिपोर्ट पेश की. उन्होंने अदालत को बताया कि पशु आहार में औद्योगिक यूरिया का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है, जिससे दूध जहरीला हो रहा है. अदालत में पेश की गई रिपोर्ट में एक और दिल दहला देने वाला आंकड़ा सामने आया है. असुरक्षित कीटनाशकों के प्रभाव से प्रदेश में 535 किसानों की जान जा चुकी है. कोर्ट ने इस रिपोर्ट को रिकॉर्ड पर लेते हुए कड़ी नाराजगी जताई है. इसके साथ ही हाईकोर्ट ने गंदे पानी और दलदली क्षेत्रों में उगाई जा रही सब्जियों पर भी कड़ा एक्शन लिया है. राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को कड़ी फटकार लगाते हुए अदालत ने विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट तलब की है. कोर्ट ने पूछा है कि अवैध खेती रोकने के लिए अब तक कितनी एफआईआर दर्ज की गई हैं. यह अहम आदेश केवल जयपुर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे राजस्थान के सभी जिलों में सख्ती से लागू होगा.
सीएम भजनलाल शर्मा ने डॉ. मुखर्जी को किया नमन
राजनीतिक मोर्चे पर, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए. मुख्यमंत्री ने उन्हें राष्ट्रीय एकता का पुरोधा और प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक बताते हुए उनके त्याग को याद किया. सीएम शर्मा ने प्रदेशवासियों से डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रसेवा के आदर्शों और उनके राष्ट्रवाद से प्रेरणा लेने का आह्वान किया है.
Location :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan



