मुगलसराय में चौथे दिन भी गरजा बुलडोजर, प्रशासन की सख्ती देख जीटी रोड पर खुद ही अपनी दुकानें तोड़ने लगे व्यापारी

Last Updated:May 04, 2026, 23:42 IST
Chandauli Bulldozer Action: चंदौली के मुगलसराय में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का ‘बुलडोजर एक्शन’ चौथे दिन भी जारी रहा. रविवार की मोहलत के बाद सोमवार को जीटी रोड पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण ढहाए गए. सपा कार्यालय और मस्जिद के अवैध हिस्सों पर कार्रवाई के बाद अब व्यापारी खुद ही अपने पुश्तैनी ठिकानों को तोड़ते नजर आ रहे हैं. एसडीएम अनुपम मिश्रा की निगरानी में चल रहे इस अभियान से ‘मिनी मार्केट’ में सन्नाटा पसरा है और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा.
Chandauli Bulldozer Action: चंदौली जिले के मुगलसराय में अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अपने चौथे दिन भी पूरी आक्रामकता के साथ जारी रहा. रविवार को अभियान ठप रहने के बाद, सोमवार को प्रशासन का बुलडोजर तय समय पर फिर से गरजा. जीटी रोड समेत पूर्व से चिन्हित इलाकों में अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई तेज कर दी गई है. इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर सीओ, थानाध्यक्ष और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. सड़कों को चौड़ा करने और यातायात सुगम बनाने के उद्देश्य से शुरू हुई इस कार्रवाई ने पूरे शहर का नक्शा बदलना शुरू कर दिया है.
बुलडोजर के डर से खुद ही तोड़ने लगे अपनी दुकानेंप्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई को देखकर और दी गई मोहलत खत्म होते ही इलाके में हड़कंप मच गया. बुलडोजर की कार्रवाई के डर से कई लोग खुद ही अपने हाथों से अपनी दुकानें और पुश्तैनी ठिकानों के अवैध हिस्से को तोड़ते नजर आए. इससे पहले शुरुआती 3 दिनों में सैकड़ों दुकानों को ध्वस्त किया गया था, जिसमें एक स्थानीय मस्जिद और सपा कार्यालय के अवैध हिस्सों पर भी कार्रवाई की गई थी. हालांकि कई व्यापारियों ने शुरुआत में विरोध दर्ज कराया था और प्रशासन को चुनौती देने की कोशिश की थी, लेकिन अधिकारियों की सख्ती और कानूनी कार्रवाई के आगे अंततः उन्हें पीछे हटना पड़ा.
मिठाई मार्केट से मिनी मार्केट तक पसरा सन्नाटाकभी ‘मिनी मार्केट’ के नाम से मशहूर मुगलसराय का यह व्यस्ततम इलाका इस समय पूरी तरह से वीरान और मलबे के ढेर में तब्दील नजर आ रहा है. सड़क के किनारे का सारा कारोबार ठप हो गया है और चारों तरफ केवल धूल, मजदूर तथा मशीनों की आवाजें ही सुनाई दे रही हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. स्थिति को देखते हुए माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिनों तक इस अभियान की तपिश और बनी रहेगी.
मौके पर डटे रहे आला अधिकारीएसडीएम अनुपम मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का आज चौथा दिन है और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. उन्होंने जानकारी दी कि मौके पर वे स्वयं, सीओ, पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन, एई और जेई सहित सभी संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद हैं. एसडीएम के अनुसार, यह अभियान अब व्यापारियों के सहयोग से चलाया जा रहा है, जिसमें वे खुद अपना सामान हटाकर अतिक्रमण समाप्त करने में मदद कर रहे हैं. प्रशासन केवल उन हिस्सों पर बल प्रयोग कर रहा है जो स्वेच्छा से नहीं हटाए जा रहे.
एक दिन की मोहलत के बाद हुई बड़ी कार्रवाईसुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल की उचित तैनाती की गई है और सभी जवानों को पहले ही आवश्यक ब्रीफिंग दी जा चुकी है, ताकि किसी भी प्रकार की जन-धन की हानि न हो. एसडीएम ने यह भी बताया कि अतिक्रमण पूरी तरह हटने तक अभियान जारी रहेगा और इसके बाद पूरे क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि रविवार को कुछ व्यापारियों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया था, जिसके चलते उन्हें एक दिन की मोहलत दी गई थी. आज उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अवैध निर्माणों को अंतिम रूप से साफ किया जा रहा है.
About the AuthorRahul Goel
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Chandauli,Uttar Pradesh



