Sports

आरोपों से बरी होकर लौटे कप्तान बेन स्टोक्स, तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड टीम में वापसी, क्या था पूरा नाइटक्लब विवाद

नई दिल्ली. लॉर्ड्स टेस्ट में शानदार जीत के बाद उपजे ‘नाइटक्लब विवाद’ का पटाक्षेप हो गया है. इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की अनुशासनात्मक जांच पूरी होने के बाद कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन की नेशनल टीम में वापसी हो गई है. ये दोनों खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच में खेलते नजर आएंगे. अनुशासनहीनता के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर रहे इन दोनों खिलाड़ियों को बोर्ड ने लिखित चेतावनी देकर वापस टीम में शामिल कर लिया है.

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड पर इंग्लैंड की जीत का जश्न मनाने के लिए खिलाड़ी बाहर गए थे. रिपोर्ट के मुताबिक, बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन 8 जून की सुबह चेल्सी के एक नाइटक्लब में गए थे, जहां उन्होंने बोर्ड द्वारा तय की गई ‘मिडनाइट कर्फ्यू’ के नियम का उल्लंघन किया. यह कर्फ्यू हाल ही में मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की और मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम द्वारा एशेज श्रृंखला में खराब प्रदर्शन के बाद टीम में अनुशासन और मानकों को सुधारने के लिए लागू किया गया था.

बेन स्टोक्स की इंग्लैंड टीम में वापसी.

बात सिर्फ कर्फ्यू तोड़ने तक सीमित नहीं रही, बल्कि नाइटक्लब के बाहर स्थिति तब और बिगड़ गई जब वहां शारीरिक हिंसा और हाथापाई हो गई. खबरों के अनुसार, खिलाड़ियों के साथ मौजूद ईसीबी के एक सुरक्षा संपर्क अधिकारी पर हमला हुआ, जिसके बाद उन्हें टांके लगाने पड़े। इस गंभीर घटना के बाद ईसीबी हरकत में आया और तुरंत आंतरिक जांच बिठाते हुए दोनों खिलाड़ियों को द ओवल में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच की टीम से बाहर कर दिया था.

अनुशासनात्मक कार्रवाई के बीच पिछले सप्ताहांत एक नाटकीय मोड़ तब आया, जब ईसीबी के निर्देश पर इन दोनों खिलाड़ियों को उनके संबंधित काउंटी चैंपियनशिप मैचों के बीच से ही वापस बुला लिया गया. स्टोक्स डरहम के लिए 95 रनों की तेज तर्रार पारी खेल रहे थे, तभी उन्हें मैच से हटा दिया गया. दूसरी ओर, एटकिंसन को भी ग्लैमरगन के खिलाफ सरे के मैच से बाहर कर दिया गया. इस कदम ने साफ संकेत दे दिए थे कि दोनों की जल्द ही राष्ट्रीय टीम में वापसी होने वाली है.

अब ईसीबी ने आधिकारिक बयान जारी कर पूरी स्थिति स्पष्ट कर दी है. बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन को ईसीबी अनुशासनात्मक सुनवाई के निष्कर्ष के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट की टीम में शामिल किया गया है. बोर्ड ने माना कि दोनों खिलाड़ियों ने विशिष्ट अनुबंधीय दायित्वों का उल्लंघन किया है, जिसके तहत इंग्लैंड के खिलाड़ियों को हर समय उच्चतम आचरण बनाए रखना और इंग्लैंड क्रिकेट के हित में काम करना अनिवार्य होता है. इसी वजह से उन्हें दूसरे टेस्ट के चयन से बाहर रखा गया था और लिखित चेतावनी दी गई है.

हालांकि, बोर्ड ने जांच में यह भी साफ किया कि नाइटक्लब के बाहर हुई हिंसा में इन दोनों खिलाड़ियों की कोई गलती नहीं थी. ईसीबी के मुताबिक, बेन स्टोक्स उस झगड़े में शामिल नहीं थे और न ही उन्होंने ऐसी किसी घटना को देखा. वहीं, सबूतों से यह साबित हुआ है कि गस एटकिंसन बिना किसी उकसावे के हुए हमले के शिकार हुए थे और उन्होंने जवाबी कार्रवाई में किसी पर हाथ नहीं उठाया. यानी दोनों को हिंसक व्यवहार के आरोपों से पूरी तरह बरी कर दिया गया है.

इस फैसले के बाद अब इंग्लैंड क्रिकेट टीम का पूरा ध्यान खेल पर केंद्रित हो गया है. बेन स्टोक्स न केवल बतौर कप्तान वापसी कर रहे हैं, बल्कि ऑलराउंडर के रूप में वह टीम की सबसे बड़ी ताकत हैं. वहीं, गस एटकिंसन की वापसी से इंग्लैंड का तेज गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत होगा. टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि इस विवाद का अध्याय अब बंद हो चुका है और खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाकी मैचों में अपना पूरा दम दिखाएंगे.

तीसरे टेस्ट के लिए घोषित 15 सदस्यीय इंग्लैंड की पूरी टीम इस प्रकार हैबेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ और जोश टोंग.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj