दिल्ली में मुख्यमंत्री का निवेश मिशन, खींवसर में खनन माफिया पर बड़ी कार्रवाई और परबतसर में भाजपा नेता पर हमला

Rajasthan News Live: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज दिल्ली के प्रवास पर रहेंगे. वे सुबह 9:20 बजे जयपुर से रवाना होकर दिल्ली पहुँचेंगे, जहाँ चाणक्यपुरी स्थित ‘द अशोक’ होटल में आयोजित ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट में शिरकत करेंगे. इस कार्यक्रम में वे प्रदेश के कृषि क्षेत्र में निवेश और आधुनिक तकनीकों पर चर्चा करेंगे. मुख्यमंत्री का देर रात वापस जयपुर लौटने का कार्यक्रम है.
बालोतरा: प्रधानमंत्री दौरे की सुरक्षा में बड़ी चूक, पचपदरा SHO अचला राम ढाका निलंबितपचपदरा रिफाइनरी में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था में हुई बड़ी लापरवाही के कारण पुलिस अधीक्षक रमेश कुमार ने पचपदरा थानाधिकारी (SHO) अचला राम ढाका को निलंबित कर दिया है. दरअसल, प्रधानमंत्री दौरे के लिए आरक्षित VVIP डेस्क पर एक युवक ने वीडियो बनाया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार, इस VVIP क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी RAC की D बटालियन की थी, लेकिन SHO के पास इस क्षेत्र में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश रोकने की स्पष्ट जानकारी और जिम्मेदारी थी. सुरक्षा घेरे में इस तरह की सेंधमारी और वीडियो वायरल होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए यह कड़ी कार्रवाई की गई है.
नागौर: हरसौर अवैध विस्फोटक केस में NIA का एक्शन, चार्जशीट पेश करने की तैयारीनागौर के हरसौर में इसी साल 25 जनवरी को पकड़े गए भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक के मामले में अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने शिकंजा कस दिया है. केंद्रीय जांच एजेंसी की टीम इस समय नागौर कलेक्ट्रेट में डेरा डाले हुए है. NIA की टीम मुख्य आरोपी सुलेमान खान के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति (Prosecution Sanction) लेने पहुँची है. बता दें कि पुलिस ने 25 जनवरी को छापेमारी के दौरान 10 टन (करीब 9,550 किलो) अमोनियम नाइट्रेट, 8750 डेटोनेटर और 18000 मीटर फ्यूज वायर बरामद किया था. SIT की जांच में यह खुलासा हुआ है कि सप्लायरों ने लाइसेंस का दुरुपयोग कर अवैध रूप से इसकी आपूर्ति की थी. मंजूरी मिलते ही NIA की टीम जल्द ही विशेष अदालत में अपनी चार्जशीट पेश करेगी.
परबतसर: भाजपा जिला मीडिया संयोजक पर हमला, सैलून में की तोड़फोड़डीडवाना-कुचामन के परबतसर में भाजपा जिला मीडिया संयोजक रोहित सेन पर बीती रात जानलेवा हमला हुआ. करीब 15-20 अज्ञात लोगों ने एक सैलून की दुकान में घुसकर रोहित के साथ मारपीट की और दुकान में जमकर तोड़फोड़ की. घटना के बाद पूर्व विधायक मानसिंह किनसरिया और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे. आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.
खींवसर: अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ढाई करोड़ के वाहन जब्तनागौर के खींवसर में पुलिस ने अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 एक्सकेवेटर और 1 जेसीबी मशीन को सीज किया है, जिनकी अनुमानित कीमत 2.50 करोड़ रुपये है. पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है और इस मामले को संगठित अपराध की श्रेणी में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अलवर: रामगढ़ में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, 8 लोग जिला अस्पताल रेफररामगढ़ थाना क्षेत्र के पिपरोली गांव में आपसी कहासुनी के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. इस झगड़े में दोनों गुटों के कई लोग घायल हुए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद 8 घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस ने गांव में पहुँचकर स्थिति को संभाला और मामले की तफ्तीश में जुट गई है.
बीकानेर: घरेलू विवाद के चलते पानी की टंकी पर चढ़ा युवक, मचा हड़कंपबीकानेर के रानी बाजार इलाके में एक व्यक्ति घरेलू कलह के कारण पानी की टंकी पर चढ़ गया. युवक को टंकी पर चढ़ा देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और काफी देर की समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया. पुलिस अब युवक से पूछताछ कर रही है.
कोटा: मंडाना के खेतों में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरीकोटा के मंडाना गांव में देर रात खेतों में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुँची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
धौलपुर: रेलवे स्टेशन पर हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से अधेड़ की मौतधौलपुर रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई. सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास कर रही है.


