कोनोली का शतक बेकार… पंजाब किंग्स पर भारी पड़ा ईशान-क्लासेन का तूफान, हैदराबाद ने छीनी नंबर-1 की कुर्सी

होमखेलक्रिकेट
सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब से छीनी नंबर-1 की कुर्सी, कोनोली का शतक गया बेकार
Last Updated:May 06, 2026, 23:12 IST
SRH vs PBKS Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को 33 रन से हराकर नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया है. कूपर कोनोली ने पंजाब के लिए नाबाद शतक जरूर ठोका, लेकिन ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की पारियां उस पर भारी पड़ीं. हैदराबाद की यह सीजन में सातवीं जीत है, जबकि पंजाब को लगातार तीसरा मुकाबला गंवाना पड़ा है. श्रेयस अय्यर की टीम अब दूसरे स्थान पर पहुंच गई है.
सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रन से हराया.
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पंजाब किंग्स को हराकर अंकतालिका में नंबर-1 पर काबिज हो गई है. हैदराबाद ने अपने होम ग्राउंड राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हुए हाई स्कोरिंग मुकाबले में पंजाब को 33 रन से शिकस्त दी. पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की विस्फोटक अर्धशतकीय पारियों से चार विकेट खोकर 235 रन का स्कोर खड़ा किया था. लक्ष्य का पीछा करते हुए कूपर कोनोली ने शतक जरूर बनाया, लेकिन इसके बावजूद पंजाब की टीम 7 विकेट खोकर 202 रन तक ही पहुंच सकी. पंजाब की यह लगातार तीसरी हार है, जिससे टीम दूसरे स्थान पर खिसक गई है. वहीं, पैट कमिंस की टीम सातवीं जीत दर्ज करते हुए टॉपर बन गई.
कोनोली की शतकीय मेहनत बेकार236 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए तीन नंबर पर आए कूपर कोनोली अंत तक टिके रहे और नाबाद 107 रन की पारी खेली. हालांकि, उनकी यह पारी बेकार गई, क्योंकि उनके किसी का साथ नहीं मिला. कोनोली टीम को जीत दिलाने के लिए अकेले लड़ते नजर आए. उन्होंने 59 गेंदों की अपनी पारी में 8 छक्के और 7 छक्के लगाए. उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही, क्योंकि पैट कमिंस, ईशान मलिंगा और नीतीश रेड्डी ने पंजाब के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया. प्रियंस आर्य (1), प्रभसिमरन सिंह (3) और श्रेयस अय्यर (5) सिंगल डिजिट स्कोर बनाकर पवेलियन लौटे.
इस खराब शुरुआत के बावजूद कोनोली ने एक छोर पर खड़े रहकर टीम को जिताने का जज्बा जरूर दिखाया, लेकिन दूसरे छोर से गिरते विकेटों ने काम खराब कर दिया. एक समय टीम का स्कोर 119/6 था. हालांकि, कोनोली ने मार्कस स्टोइनिस के साथ 40 रन और सूर्यांश शेडगे के साथ 47 रन और मार्को यानसेन के साथ 68 रन की साझेदारी की, लेकिन जीत के काम न आई. हैदराबाद के लिए कप्तान पैट कमिंस और शिवांग कुमार ने दो-दो विकेट चटकाए. नीतीश रेड्डी, ईशान मलिंगा और साकिब हुसैन को एक-एक सफलता मिली.
अभिषेक-हेड ने दिलाई तूफानी शुरुआतटॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की सलामी जोड़ी अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने पहले विकेट के लिए 21 गेंदों में 54 रन की साझेदारी कर टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई. अभिषेक 13 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद ट्रेविस हेड ने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े. ट्रेविस 19 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 38 रन बनाकर आउट हुए. एसआरएच 84 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी.
ईशान-क्लासेन ने मिले मौकों को भुनायायहां से ईशान किशन ने हेनरिक क्लासेन के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 88 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया. इन दोनों ही बल्लेबाजों के कैच छूटे जिनका फायदा उठाते हुए ईशान और क्लासेन ने अर्धशतक ठोके. ईशान 32 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए. उनकी इस पारी में 4 छक्के और 2 चौके शामिल रहे. नितीश रेड्डी ने हेनरिक क्लासेन के साथ चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों में 63 रन जोड़कर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. क्लासेन 43 गेंदों में 4 छक्कों और 3 चौकों के साथ 69 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नितीश रेड्डी ने 13 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ नाबाद 29 रन बनाए. पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्यूसन, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार वैशाक ने 1-1 विकेट निकाला.
About the AuthorShivam Upadhyay
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi



