Dungarpur Crime News: जमीन विवाद का खूनी अंजाम…बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर सरिया से किया हमला, मौके पर मौत

Last Updated:August 03, 2026, 20:05 IST
Dungarpur Crime News: डूंगरपुर के फलोज गांव में जमीन विवाद ने खून का रिश्ता शर्मसार कर दिया. आरोप है कि बड़े भाई रतनलाल पाटीदार ने लोहे के सरिए से हमला कर अपने छोटे भाई गोपाल पाटीदार की हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है.
डूंगरपुर. जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, यहां एक जमीन के टुकड़े की खातिर सगे बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी. यह दिल दहला देने वाली घटना जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फलोज गांव की है, जहां सोमवार दोपहर के समय इस खूनी खेल को अंजाम दिया. इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और गांव के लोग सन्न हैं. जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 48 वर्षीय गोपाल पाटीदार के रूप में हुई है, जो फलोज गांव का ही निवासी था. सोमवार दोपहर करीब 1 बजे गोपाल अपने घर के ठीक आगे स्थित अपनी दुकान पर बैठा हुआ था.
इसी दौरान उसके बड़े भाई रतनलाल पाटीदार की पत्नी राधा वहां पहुंची और अचानक गोपाल के साथ गाली-गलौज करने लगी. विवाद इतना बढ़ा कि कुछ ही देर में बड़ा भाई रतनलाल भी वहां आ धमका. उसने आते ही छोटे भाई गोपाल के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी. गुस्से में आगबबूला हुए रतनलाल ने पास ही पड़े एक लोहे के भारी सरिया से गोपाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस जानलेवा हमले से गोपाल बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई.
पत्नी से तलाक के बाद एकाकी जीवन जी रहा था मृतक
मृतक गोपाल पाटीदार की निजी जिंदगी काफी संघर्षपूर्ण थी, अपनी पत्नी के साथ तलाक हो जाने के बाद से वह पूरी तरह से अकेला रहता था. वह अपने घर के बाहर बनी इसी छोटी सी दुकान को चलाकर अपना भरण-पोषण कर रहा था. हत्या के पीछे की मुख्य वजह एक पुराना जमीनी विवाद बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच संपत्ति और जमीन को लेकर लंबे समय से तनातनी चल रही थी. अक्सर इस मसले पर दोनों के बीच कहासुनी भी होती रहती थी, लेकिन सोमवार को यह विवाद इतना हिंसक रूप ले लेगा, यह किसी ने नहीं सोचा था.
आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी बड़ा भाई रतनलाल पाटीदार मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए डूंगरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है. फिलहाल पुलिस को परिजनों की ओर से औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराए जाने का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. हत्यारे बड़े भाई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ें न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Dungarpur,Rajasthan
First Published :
August 03, 2026, 20:05 IST



